वीरेंद्र सहवाग को बेटे आर्यवीर सहवाग को दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में अपना पहला मैच खेलने के लिए 8 मैचों का इंतजार करना पड़ा। आर्यवीर इस सीजन में वेस्ट दिल्ली लायंस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पहला मैच खेलने का मौका 8 मैचों के बाद यानी 9वें लीग मैच में मिला। आर्यवीर ने न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ शुरुआत तो जोरदार की, लेकिन वो अपनी इस पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। हालांकि वो क्रीज पर जितनी देर तक रहे उतनी देर तक उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में बैटिंग की।

आर्यवीर ने खेली 22 रन की पारी

आर्यवीर सहवाग ने न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ अपनी टीम के लिए पारी की शुरुआत की और कृष यादव के साथ ओपन करने आए। आर्यवीर ने मैदान पर आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया और 14 गेंदों पर 22 रन ठोक डाले और इस दौरान उन्होंने 4 चौके भी लगाए साथ ही उनका स्ट्राइक रेट इस मैच में 157.14 का रहा। आर्यवीर ने इस मैच में पहले विकेट के लिए अपने साथी ओपनर कृष यादव के साथ मिलकर 25 गेंदों पर 42 रन की साझेदारी की। यानी आर्यवीर ने अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में सफल जरूर रहे। आर्यवीर की पारी का अंत इस मैच में मनीष सेहरावत ने किया और वो क्लीन बोल्ड हो गए।

न्यू दिल्ली टाइगर्स ने बनाए 195 रन

इस मैच में न्यू दिल्ली टाइगर्स ने पहली पारी में खेलते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ 20 ओवर में 6 विकेट पर 195 रन बनाए। न्यू दिल्ली टाइगर्स के लिए केशव सिंह ने सबसे बड़ी 36 रन की पारी खेली जबकि कप्तान हिम्मद सिंह ने 20 गेंदों पर 35 रन बनाए। इसके अलावा मनीष सेहरावत ने 8 गेंदों पर 5 छक्कों की मदद से नाबाद 30 रन की पारी खेली जबकि पार्थ बाली 13 गेंदों पर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। पार्थ ने अपनी पारी के दौरान 3 छक्के और 3 चौके भी लगाए। वैभव रावल ने 15 गेंदों पर 21 रन बनाए जबकि वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए मयंस गुसाई और तिशांत डाबला ने 2-2 विकेट लिए।

नितीश-आयुष के अर्धशतक से जीती वेस्ट दिल्ली लायंस

वेस्ट दिल्ली लायंस को जीत के लिए इस मैच में 196 रन का टारगेट मिला था। इसके बाद नितीश राणा और आयुष दोसेजा ने अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिला दी। वेस्ट दिल्ली लायंस ने 19.2 ओवर में 4 विकेट पर 201 रन बनाकर मैच जीत लिया। नितीश राणा ने 23 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली जबकि आयुष ने 33 गेंदों पर नाबाद 64 रन की पारी खेली जबकि कृष यादव ने 45 रन बनाए। वेस्ट दिल्ली लायंस की ये 8वें मैच में तीसरी जीत रही। ये टीम 7 अंक के साथ अंकतालिका में छठे स्थान पर है।

IND vs SL: मानव सुतार 10 विकेट लेकर बने नंबर 1, तोड़ा हरभजन सिंह का 18 साल पुराना रिकॉर्ड

भारत बनाम श्रीलंका पहले टेस्ट मैच में मानव सुतार ने 10 विकेट लिए और उन्होंने हरभजन सिंह के 18 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। मानव सुतार अब श्रीलंका की धरती टेस्ट क्रिकेट में सबसे बेस्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय बन गए हैं। इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें