श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय ओपनर बैटर यशस्वी जायसवाल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वो रन आउट हो गए। यशस्वी लय में थे और अगर वो रन आउट नहीं होते तो टीम के लिए बड़ी पारी जरूर खेलते, लेकिन वो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। यशस्वी के इस तरह से रन आउट होने पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा केएल राहुल से नाराज नजर आए और उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यशस्वी पहली पारी में केएल राहुल की वजह से आउट हुए।
केएल राहुल की गलती से आउट हुए यशस्वी
यशस्वी जायसवाल ने पहले टेस्ट की पहली पारी में 37 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 32 रन की पारी खेली। यशस्वी के बारे में बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि यह यशस्वी का 30वां टेस्ट था और उन्होंने 30 अलग-अलग वेन्यू पर सभी मैच खेले हैं। इस मैच की पहली पारी में उन्होंने 32 रन बनाए और रन आउट हो गए। मुझे लगा कि यह केएल राहुल की गलती थी क्योंकि बॉलर का पैर लगने के बाद यशस्वी गिर गए थे। अगर वह उठकर दौड़ते भी तब भी दूसरे छोर तक नहीं पहुंच पाते।
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि राहुल पहले ही अपना फैसला ले चुके थे। वह गेंद पर नजर रखे हुए थे और अपने साथी की तरफ बिल्कुल नहीं देख रहे थे कि उसके साथ क्या हुआ और आख़िरकार यशस्वी जायसवाल दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन-आउट हो गए। टेस्ट मैच में रन-आउट होना आउट होने का एक बुरा तरीका है और यह आपसी तालमेल की कमी थी। उन्होंने कहा कि कभी-कभी जिंदगी इतनी निष्पक्ष नहीं होती।
शतक लगा सकते हैं केएल राहुल
हालांकि आकाश ने केएल राहुल की तारीफ की और कहा कि उन्होंने अच्छा खेल दिखाया। वह हर तरह की परिस्थितियों में खेलने में माहिर हैं। जब भी टेस्ट मैच होता है तो वह संभलकर खेलते हुए शतक बनाते हैं चाहे मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ हो या यहां। वह जल्दबाजी नहीं करते और गेंद को अपने पास आने देते हैं। हालांकि क्रैम्प्स की वजह से उनकी पारी बीच में ही रुक गई थी, लेकिन वह वापस आ सकते हैं। वह रिटायर्ड हर्ट हुए हैं रिटायर्ड आउट नहीं। इसलिए जब भी वह सहज महसूस करेंगे, बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं और उम्मीद है कि वह शतक भी लगाएंगे।
रोहित 10वें स्थान पर, बाबर आजम नंबर 1; 2020 से इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के टॉप-10 बैटर
इंटरनेशनल क्रिकेट में साल 2020 के बाद से लेकर अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों में बाबर पहले नंबर पर हैं। इस लिस्ट में गिल, रोहित और कोहली भी शामिल हैं जो इन स्थानों पर मौजूद हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
