दो बच्चों की परवरिश, ट्रैक पर वापसी और अब विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का सपना। बहामास की दो बार की ओलंपिक चैंपियन शौने मिलर-उइबो के करियर का अगला अध्याय नई चुनौतियों से भरा है। 400 मीटर में ओलंपिक और विश्व चैंपियन का खिताब जीत चुकीं शौने मिलर-उइबो अब इस स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड बनाने की कोशिश करना चाहती हैं।
वहीं, 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक में उनके सामने 200 मीटर में पदक जीतने के पुराने सपने को पूरा करने या 400 मीटर में लगातार तीसरा ओलंपिक स्वर्ण जीतकर इतिहास रचने का विकल्प है। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 की अंतरराष्ट्रीय इवेंट एंबेसडर के रूप में दिल्ली पहुंचीं मिलर-उइबो ने गुरुवार 15 अक्टूबर को अपनी वापसी, भविष्य की योजनाओं और भारतीय एथलीटों के लिए संदेश साझा किए।
400 मीटर में विश्व रिकॉर्ड की चुनौती
रियो 2016 और टोक्यो 2020 ओलंपिक में 400 मीटर का स्वर्ण जीतने के बाद मिलर-उइबो ने 2022 में यूजीन विश्व चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया। अब वह इस स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड को चुनौती देना चाहती हैं।
शौने ने कहा, ‘‘मैंने 400 मीटर में हर वह खिताब जीता है, जो जीता जा सकता है। अब मेरे लिए नए लक्ष्य तय करने का समय है। मैं विश्व रिकॉर्ड को चुनौती देना चाहूंगी। पिछले कुछ वर्षों में हमने महिलाओं को 48 सेकंड से कम समय में दौड़ते देखा है। मुझे विश्वास है कि मैं भी ऐसा करने में सक्षम हूं। अगर हम एक-दूसरे के खिलाफ लगातार दौड़ते रहें तो हम एक-दूसरे को इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।’’
दो बच्चों की मां बनने के बाद वापसी
शौने मिलर-उइबो ने 2023 में बेटे और 2025 में बेटी को जन्म दिया। इसके बाद उन्होंने बहामास की राजधानी नासाउ में पिता के मार्गदर्शन में अभ्यास कर दोबारा स्पीड हासिल करने पर काम किया। वापसी के दौरान उन्हें अपनी पुरानी लय पाने के लिए धैर्य रखना पड़ा।
शौने ने बताया, ‘‘दो गर्भधारण के बाद वापसी करते हुए मुझे खुद को काफी ढांढस बंधाना पड़ा। मैं चाहती थी कि जहां से मैंने छोड़ा था, वहीं से सीधे शुरुआत कर दूं, लेकिन मुझे बहुत कुछ दोबारा तैयार करना था। इस सीजन ने मुझे दिखाया कि मेरी रफ्तार लौट आई है और मैं 400 मीटर में वापसी के लिए वास्तव में उत्साहित हूं।’’
शौने के लिए मां बनने के बाद खेल एक नया उद्देश्य भी लेकर आया। शौने ने बताया, ‘‘मेरे बच्चों की मौजूदगी ने मुझे खेल में एक अलग उद्देश्य दिया है। अब मैं उन्हें दिखा सकती हूं कि उनकी मां क्या करती है। उम्मीद है कि मैं उन्हें भी प्रेरित कर पाऊंगी।’’
लॉस एंजिलिस में 200 या 400 मीटर?
2028 ओलंपिक में शौने मिलर-उइबो सिर्फ एक स्पर्धा में हिस्सा लेने की योजना बना रही हैं। 200 मीटर में ओलंपिक पदक जीतना उनका पुराना सपना है, जबकि 400 मीटर में लगातार तीसरा स्वर्ण जीतकर इतिहास रचने का अवसर भी उनके सामने है।
शौने ने कहा, लॉस एंजिलिस में मैं सिर्फ एक स्पर्धा में हिस्सा लूंगी, लेकिन अभी यह तय नहीं है कि वह कौन-सी होगी। मैं हमेशा से 200 मीटर में ओलंपिक पदक जीतना चाहती थी। वहीं, 400 मीटर में किसी ने भी लगातार तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक नहीं जीते हैं, इसलिए दोनों विकल्पों पर विचार करूंगी और फिर फैसला करूंगी।
मिलर-उइबो रियो और टोक्यो में खिताब का बचाव करने वाली फ्रांस की मैरी-जोस पेरेक के बाद दूसरी महिला हैं। साल 2022 में विश्व चैंपियन बनने के बाद अब उनकी नजर एक और बड़ी उपलब्धि पर है।
हाफ मैराथन के धावकों की हिम्मत की कायल
400 मीटर की धाविका शौने मिलर-उइबो लंबी दूरी के धावकों की मानसिक दृढ़ता को भी अहम मानती हैं। शौने ने कहा, हाफ मैराथन के लिए बहुत हिम्मत और मानसिक रूप से मजबूत होने की जरूरत होती है। इसमें दौड़ने वाला हर व्यक्ति सिर्फ स्पीड ही नहीं, बल्कि खुद को अपनी सीमाओं से आगे ले जाने की चुनौती देता है। ऐसा करने वाले सभी धावकों की सराहना की जानी चाहिए।
18 अक्टूबर को होने वाली दिल्ली हाफ मैराथन में 41 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। पहली बार भारत आईं शौने मिलर-उइबो ने आयोजन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जताई। उन्हें उम्मीद है कि इस वर्ष की रेस, अगले साल अधिक महिलाओं को हिस्सा लेने तथा उन्हें अपने सपनों की दिशा में पहला कदम उठाने के लिए प्रेरित करेगी।
ट्रैक पर अपनी गति के लिए पहचानी जाने वाली शौने मिलर-उइबो ने यह भी बताया कि प्रतिस्पर्धी करियर समाप्त करने के बाद मैराथन दौड़ना उनकी दीर्घकालीन योजनाओं में शामिल है।
भारतीय खिलाड़ियों को धैर्य रखने की सलाह
शौने मिलर-उइबो ने भारतीय एथलीटों को चोट और असफलताओं के बावजूद मेहनत जारी रखने तथा खुद पर भरोसा बनाए रखने का संदेश दिया।
शौने ने कहा, यह समझना जरूरी है कि इसमें समय लगता है। चोट और मुश्किलें खेल का हिस्सा हैं, लेकिन कभी-कभी यही मुश्किलें आपको शानदार वापसी के लिए तैयार करती हैं। कड़ी मेहनत करते रहिए, खेल का आनंद लीजिए और खुद पर तथा अपनी ट्रेनिंग पर भरोसा रखिए। अपने सपनों को हासिल करने के लिए मैदान पर उतरिए।
शौने मिलर-उइबो के सामने अब दो बड़ी चुनौतियां हैं। 400 मीटर में विश्व रिकॉर्ड को चुनौती देना और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सही स्पर्धा चुनना। दो बच्चों के जन्म के बाद वापसी करते हुए वह अपनी रफ्तार हासिल कर चुकी हैं। अब देखना होगा कि उनका अगला लक्ष्य विश्व रिकॉर्ड बनता है या ओलंपिक में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि।
वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का 21वां संस्करण रविवार 18 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगा और शौने मिलर-उइबो इसमें धावकों का उत्साह बढ़ाएंगी।
दिल्ली हाफ मैराथन में हरमनजोत सिंह और किरण मात्रे पर रहेंगी निगाहें, लिली दास और कविता यादव भी मैदान में
दिल्ली हाफ मैराथन का 21वां संस्करण 18 अक्टूबर को होगा। भारतीय एलीट वर्ग में 22 पुरुष और 20 महिला धावक उतरेंगे। हरमनजोत सिंह और किरण मात्रे पुरुष वर्ग, जबकि लिली दास और कविता यादव महिला वर्ग की प्रमुख धावक हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
