राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने स्कूलों को हर 45-60 मिनट पर घंटी बजाकर छात्र-छात्राओं को पानी पीने के लिए याद दिलाने और वाटर ब्रेक लागू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लू से बचा जा सके। डीओई ने यह निर्देश मंगलवार को दिल्ली सरकार के सभी स्कूलों, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों के लिए जारी किया है।

डीओई ने यह कदम आईएमडी (मौसम विज्ञान विभाग) की चेतावनी जारी करने के बाद उठाया है। आईएमडी ने जारी चेतावनी में कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली में गर्म हवाओं और अधिकतम तापमान बढ़ने की आशंका है। डीओई ने सभी स्कूलों को सर्कुलर भेज दिया है।

हर 45-60 मिनट पर बजानी होगी बेल

सर्कुलर के मुताबिक, वाटर बेल सिस्टम के तहत स्कूलों को हर 45 से 60 मिनट में घंटी बजानी होगी, ताकि छात्र-छात्राएं नियमित रूप से पानी पीकर डिहाइड्रेशन से बच सकें।

सर्कुलर में यह भी कहा गया कि खुले में होने वाली सभाओं को बंद कर दिया जाए और उन्हें छायादार या बंद स्थानों पर कम अवधि के लिए आयोजित किया जाए। खुले में खेलने से बचने और लू से संबंधित जोखिमों को कम करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत छात्रों को पानी की बोतल साथ लाना अनिवार्य होगा और स्कूलों को साफ एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था करने को कहा गया है।

स्टाफ का रखना होगा ध्यान

विभाग ने स्कूलों को बच्चों और स्टाफ के सेहत पर विशेष ध्यान देने और अत्यधिक गर्मी के प्रभाव से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने को भी कहा गया है। स्कूलों को बडी सिस्टम लागू करने के लिए कहा गया है, इसके तहत दो छात्रों का समूह एक-दूसरे की शारीरिक स्थिति पर नजर रखेगा।

इसके अतिरिक्त क्लास टीचर को अभिभावकों के साथ नियमित रूप से आईएमडी की सलाह शेयर करने और सूचना पत्रों के माध्यम से जागरूक करने को कहा गया है। अभिभावकों को बच्चों को हल्के,ढीले और सूती वस्त्र पहनाने, पर्याप्त जल पीने और रोजाना नहाने के महत्व पर जोर देने की सलाह दी गई है। डीओई ने कहा कि हर स्कूल वाटर बेल पहल, जागरूकता और लू से बचाव संबंधी गतिविधियों की निगरानी के लिए एक नोडल टीचर नियुक्त करेगा।

सर्कुलर में यह भी कहा गया कि क्लासेस, गलियारों और स्कूल परिसरों में पर्याप्त छाया और वेंटिलेशन सुनिश्चित किया जाए। अगर जरूरत पड़े तो तत्काल प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। सभी स्कूलों को इन निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट पेश करनी होगी।

यह भी पढ़ें: IRS अधिकारी की बेटी की हत्या का आरोपी पकड़ा गया, ऐसे मिली थी घर की चाबी

दिल्ली पुलिस ने IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा दिल्ली के द्वारका इलाके के एक होटल में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें