टी20 क्रिकेट में लंबी रेस का घोड़ा बनना आसान नहीं होता। क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में एक-दो साल टिक जाना भी बड़ी बात मानी जाती है। हालांकि, T20 वर्ल्ड कप 2026 उन खिलाड़ियों के नाम होने जा रहा है जिन्होंने इस फॉर्मेट में पूरा एक दशक राज किया है।
टी20 विश्व कप 2026 की ओर बढ़ते हुए नजर डालें तो कई बड़े नाम ऐसे हैं जो 2016 से लगातार हर टी20 विश्व कप चक्र का हिस्सा रहे हैं। इनको टी20 विश्व कप 2026 के लिए भी अपने-अपने देश की टीम में चुना गया है। मतलब अब ये दिग्गज लगातार पांचवें संस्करण में खेलते दिखेंगे।
इस विशेष सूची में दुनिया भर के मैच विनर (विस्फोटक ओपनर, फिनिशर, ऑलराउंडर और घातक गेंदबाज) शामिल हैं। गर्व की बात यह है कि भारत के भी दो स्टार खिलाड़ी (जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या) इसमें अपनी जगह बनाए हैं। जसप्रीत बुमराह हालांकि, 2022 में भारतीय की टी20 वर्ल्ड कप टीम में चुने जाने के बाद पीठ की चोट के कारण बाहर हो गए थे।
अनुभव, फिटनेस और बड़े टूर्नामेंट के दबाव में लगातार प्रदर्शन की क्षमता ही ये खिलाड़ी आज भी अपनी-अपनी टीमों की रीढ़ बने हुए हैं। जसप्रीत बुमराह-हार्दिक पंड्या के अलावा ये खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक, कगिसो रबाडा और डेविड मिलर ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल औरजोश हेजलवुड, इंग्लैंड के जोस बटलर और आदिल रशीद और न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर हैं।
- जसप्रीत बुमराह: जसप्रीत बुमराह ने 26 जनवरी 2016 को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। गुजरात के अहमदाबाद में 06 दिसंबर 1993 को जन्में जसप्रीत बुमराह 2016 से अब तक हुए सभी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चुने गए। हालांकि, 2022 में विश्व कप से ठीक पहले चोट के कारण टीम से बाहर होना पड़ा। अन्य तीन विश्व कप में जसप्रीत बुमराह ने 18 मैच में 14.3 के औसत और 5.44 की इकॉनमी से 26 विकेट लिए हैं।
- हार्दिक पंड्या: हार्दिक पंड्या ने भी जसप्रीत बुमराह के साथ 26 जनवरी 2016 को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। गुजरात के चौरयासी में 11 अक्टूबर 1993 को जन्में हार्दिक पंड्या डेब्यू साल से ही टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान 24 मैच में 29.75 के औसत और 142.23 के स्ट्राइक रेट से 357 रन बनाए और 24 विकेट भी लिए हैं।
- मिचेल मार्श: मिचेल मार्श ने 16 अक्टूबर 2011 को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। पर्थ के एट्टाडेल में 20 अक्टूबर 1991 को जन्में मिचेल मार्श 2016 से अब तक चारों आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्टेलियाई टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान 19 मैच में 29.73 के औसत और 130.02 के स्ट्राइक रेट से 446 रन बनाए हैं। एक विकेट भी लिया है।
- जोश हेजलवुड: जोश हेजलवुड ने 13 फरवरी 2013 को साउथैम्प्टन में इंग्लैंड के खिलाफ मैच से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। न्यू साउथ वेल्स के टैमवर्थ में 08 जनवरी 1991 को जन्में जोश हेजलवुड 2016 से अब तक चारों आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्टेलियाई टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान 19 मैच में 24.19 के औसत और 7.15 की इकॉनमी से 21 विकेट लिए हैं।
- ग्लेन मैक्सवेल: ग्लेन मैक्सवेल ने 05 सितंबर 2012 को पाकिस्तान के खिलाफ मैच से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। विक्टोरिया प्रांत के मेलबर्न शहर में 14 अक्टूबर 1988 को जन्में ग्लेन मैक्सवेल 2016 से अब तक चारों आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्टेलियाई टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान 31 मैच में 27.52 के औसत और 146.32 के स्ट्राइक रेट से 446 रन बनाए और 12 विकेट भी लिए।
- क्विंटन डिकॉक: क्विंटन डिकॉक ने 21 दिसंबर 2012 को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। जोहान्सबर्ग के गौतेंग में 17 दिसंबर 1992 को जन्में क्विंटन डिकॉक 2014 से अब तक सभी पांचों आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीकी टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान 27 मैच में 25.11 के औसत और 134.36 के स्ट्राइक रेट से 653 रन बनाए हैं।
- कगिसो रबाडा: कगिसो रबाडा ने 05 नवंबर 2014 को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। जोहान्सबर्ग में 25 मई 1995 को जन्में कगिसो रबाडा 2016 से अब तक चारों आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीकी टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान 22 मैच में 22.35 के औसत और 8.06 की इकॉनमी से 28 विकेट लिए हैं।
- डेविड मिलर: डेविड मिलर ने 20 मई 2010 को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। नेटाल में पीटरमैरिट्जबर्ग 10 जून 1989 को जन्में डेविड मिलर 2016 से अब तक चारों आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीकी टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान 27 मैच में 30.21 के औसत और 118.82 के स्ट्राइक रेट से 423 रन बनाए हैं।
- जोस बटलर: जोश बटलर ने 31 अगस्त, 2011 को मैनचेस्टर में भारत के खिलाफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। समरसेट के टॉंटन मे08 सितंबर 1990 को जन्में जोश बटलर 2012 से अब तक सभी आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान 35 मैच में 42.2 के औसत और 147.23 के स्ट्राइक रेट से 1013 रन बनाए हैं।
- आदिल रशीद: आदिल रशीद ने 05 जून 2009 को लॉर्ड्स में नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। यॉर्कशायर के ब्रैडफोर्ड में 17 फरवरी 1988 को जन्में आदिल रशीद 2009 से अब तक पांच आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इस दौरान 30 मैच में 23.67 के औसत और 6.9 की इकॉनमी से 31 विकेट लिए हैं।
- मिचेल सैंटनर: मिचेल सैंटनर ने 23 जून 2015 को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ मैच से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। हैमिल्टन में 05 फरवरी 1992 को जन्में मिचेल सैंटनर 2016 से अब तक सभी आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इस दौरान 21 मैच में 18.72 के औसत और 6.33 की इकॉनमी से 25 विकेट लिए हैं। मिचेल सैंटनर ने 12.85 के औसत से 90 रन भी बनाए हैं।
