किसी भी राष्ट्र का ध्वज उसकी संप्रभुता का प्रतीक होता है। यह देश की जनता का प्रतिनिधित्व करता है और इसके रंगों, आकार व प्रतीकों के अपने विशेष अर्थ होते हैं। तिरंगे के तीनों रंग भी अलग-अलग भावों और मूल्यों को दर्शाते हैं। केसरिया रंग साहस, शक्ति, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। सफेद रंग शांति, सत्य और पवित्रता का संदेश देता है, जबकि हरा रंग समृद्धि, विकास, उर्वरता और हरियाली का प्रतीक है। तिरंगे के बीच में बना अशोक चक्र देश की निरंतर प्रगति और गतिशीलता का प्रतीक है।
तिरंगे का रंग-रुप हमेशा से ऐसा नहीं था। लंबे समय के विचार-विमर्श के बाद यह वर्तमान रुप में आया है। वर्तमान झंडे का मूल डिजाइन आंध्र प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानी पिंगली वेंकैया ने तैयार किया था, जिसमें महात्मा गांधी की सलाह पर सफेद पट्टी जोड़ी गई और लाल रंग की जगह केसरिया रंग शामिल किया गया।
संविधान सभा ने 22 जुलाई 1947 को तिरंगे को आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज के तौर पर अपनाया, लेकिन इसके निर्माण की कहानी एक सदी से पहले शुरू हो गई थी। कमाल की बात है कि पहले राष्ट्र ध्वज का डिजाइन किसी भारतीय ने नहीं, बल्कि एक अंग्रेजी-आयरिश मूल की महिला ने तैयार किया था। आज उन्हीं महिला की पुण्यतिथि है।
आइए जानते हैं कि कौन थी वह महिला और कब डिजाइन किया था पहला राष्ट्रीय ध्वज।
किसने किया था पहले राष्ट्रीय ध्वज को डिजाइन?
महिला शिक्षा और राष्ट्रीय जागरण के लिए अपना जीवन समर्पित कर देने वाली सिस्टर निवेदिता ने 1904 में लाल और पिले रंग से पहले झंडे का डिजाइन तैयार किया था। इसमें लाल रंग स्वतंत्रता संग्राम और संघर्ष का प्रतीक था, जबकि पीला रंग विजय का प्रतीक था।
‘निवेदिता ध्वज’ के नाम से प्रचलित इस झंडे के केंद्र में इंद्र का ‘वज्र’ था, जो शक्ति का प्रतीक है और साथ में एक कमल भी था, जो पवित्रता का प्रतीक है। इन प्रतीक चिन्हों के दोनों ओर बांग्ला भाषा में ‘वंदे मातरम’ लिखा हुआ था।
भगिनी निवेदिता द्वारा बनाए गए इस झंडे को 1906 में कांग्रेस की कोलकाता अधिवेशन में एक प्रदर्शन में प्रदर्शित किया गया था। वर्तमान में यह ऐतिहासिक ध्वज कोलकाता के आचार्य भवन संग्रहालय में सुरक्षित रखा गया है।
कौन थी भगिनी निवेदिता?
28 अक्टूबर 1867 को आयरलैंड में जन्मीं भगिनी निवेदिता का बचपन का नाम मार्गरेट एलिजाबेथ नोबल था। भौतिकी, साहित्य, संगीत और कला की पढ़ाई करने के बाद मात्र 17 साल की उम्र में ही उन्होंने पढ़ाने का काम शुरू कर दिया था।
1895 में स्वामी विवेकानंद से मुलाकात मार्गरेट के जीवन का निर्णायक मोड़ साबित हुई। इंग्लैंड के दौरे पर गए विवेकानंद के विचारों और व्यक्तित्व से वह इतनी प्रभावित हुईं कि 28 जनवरी 1898 को भारत आ गईं। इसके बाद, 25 मार्च 1898 को स्वामी विवेकानंद ने विधिवत उन्हें ‘ब्रह्मचारिणी’ व्रत की दीक्षा दी और उनका नाम ‘निवेदिता’ रखा।
महिला शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान
निवेदिता का अर्थ है एक ऐसी स्त्री जिसने स्त्री शिक्षा के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया। सिस्टर निवेदिता ने अपने नाम को चरितार्थ करते हुए नवंबर 1898 में कोलकाता के बागबाजार इलाके में गरीब बालिकाओं के लिए एक विद्यालय खोला। उस विद्यालय का उद्घाटन रामकृष्ण परमहंस की पत्नी शारदा देवी ने किया था।
आज यह विद्यालय रामकृष्ण शारदा मिशन सिस्टर निवेदिता गर्ल्स स्कूल के नाम से जाना जाता है, जिसके रामकृष्ण शारदा मिशन ने देश के कई हिस्सों में कई अन्य विद्यालय खोले हैं।
सिस्टर निवेदिता के भारत आने के एक साल बाद कोलकाता में प्लेग फैल गया। इस दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने लोगों की सेवा की, सड़कों की सफाई की और राहत कार्यों के लिए युवाओं को प्रेरित किया।
सिस्टर निवेदिता ने स्वतंत्रता संग्राम में भी योगदान दिया। उन्होंने न केवल बंगाल विभाजन का कड़ा विरोध किया बल्कि खुलकर क्रांतिकारियों को समर्थन भी दिया।
पूरा जीवन भारत के लिए समर्पित कर देने वाली इस समाजसेवी और शिक्षिका का 44 साल की उम्र में आज ही के दिन यानी 13 अक्टूबर 1911 को हो गया। वहीं हिंदू रीति-रिवाज से उनका अंतिम संस्कार किया गया।
हावड़ा को जोड़ने वाले हुगली नदी पर बने एक पुल का नाम उन्हीं के नाम पर ‘निवेदिता सेतु’ रखा गया है।
यह भी पढ़ें-राष्ट्रीय युवा दिवस पर जानिए स्वामी विवेकानंद की शिक्षाएं, अनमोल विचार और छात्रों के जीवन में उनकी प्रेरणादायक भूमिका
आज पूरे देश में स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस (National Youth Day) मनाया जा रहा है। हर वर्ष 12 जनवरी को यह दिवस भारत के महान विचारक, दार्शनिक और समाज सुधारक स्वामी विवेकानंद के विचारों और आदर्शों को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
