केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट लिखकर बिहार के सभी 38 जिलों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के निर्णय का स्वागत किया। जबकि, इन नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा अगस्त के पहले सप्ताह में ही हो गई थी। पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा होने लगी कि गिरिराज सिंह को अचानक ‘सवर्ण आयोग’ की याद क्यों आई?

नीतिश कुमार ने मई 2025 में दूसरी बार सवर्ण आयोग का गठन किया था। तब से लेकर अब तक आयोग कई दौरें और बैठकें कर चुका है, लेकिन इसके काम को लेकर कोई खास चर्चा नहीं होती है। इस बीच अप्रैल 2026 में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन गए।

जून में भरत तीवारी के एनकाउंटर के बाद न सिर्फ भोजपूर में अगड़ी जाति के बीच आक्रोश देखा गया, बल्कि बिहार से बाहर भी इसकी चर्चा हुई। पिछले कुछ महीनों में देश में आरक्षण सुधारों को लेकर बहस तेज हुई है। यूजीसी कानून के कुछ प्रावधानों को लेकर भी सामान्य वर्ग के बीच पहले से नाराजगी है। बिहार में भी इसे लेकर विरोध प्रदर्शन हुए थे।

इस बीच यूट्यूबर अजीत भारती और नेहा दास जैसे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के साथ-साथ बिहार सरकार पर भी सामान्य के प्रति उदासिन रुख अपनाने के लिए काफी आलोचना की।

ऐसे में गिरिराज सिंह को अब ‘सवर्ण आयोग’ की याद आना कुछ सवाल खड़े करता है। इन सवालों के बीच आइए जानते हैं कि ‘सवर्ण आयोग’ क्या है? इसका उद्देश्य क्या है और अब तक इस दिशा में क्या प्रगति हुई है।

‘सवर्ण आयोग’ क्या है?

सबसे पहले बिहार में ‘सवर्ण आयोग’ का गठन हुआ था। नवंबर 2010 में वापस सत्ता में आने के बाद नीतीश कुमार ने 31 जनवरी 2011 को ‘सवर्ण आयोग’ का गठन किया। इसका काम उच्च जातियों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति का आकलन करना तथा जरूरी सुझाव देना था।

राज्य में 2010 का विधानसभा चुनाव सामान्य वर्ग के आरक्षण के मुद्दे पर लड़ा गया था। लालू यादव ने सवर्णों के लिए 10 % आरक्षण की मांग की थी, तो नीतीश कुमार भी पीछे नहीं रहे थे। सत्ता में आने के तुरंत बाद नीतीश ने अपना वादा निभाते हुए आयोग का गठन तो कर दिया, लेकिन इसका काम काफी धीमा रहा। यहाँ तक कि 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी ‘सवर्ण आयोग’ की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई थी।

सवर्ण आयोग ने आखिरकार अपनी रिपोर्ट ‘बिहार में सवर्ण आबादी की आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति का सर्वेक्षण’ प्रस्तुत की। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया था कि सालाना 1.5 लाख रुपये तक कमाने वाले सवर्ण परिवारों को गरीब माना जाए। आयोग ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले सवर्ण छात्रों के लिए सरकारी योजनाओं और छात्रवृत्ति का लाभ देने की भी सिफारिश की थी। रिपोर्ट आने के बाद कुछ हलचल जरूर हुई। नीतीश सरकार ने प्रथम श्रेणी से दसवीं पास करने वाले सवर्ण विद्यार्थियों के लिए 10000 रुपये की छात्रवृति की घोषणा भी की। हालांकि ज्यादातर सुझावों पर कुछ खास अमल नहीं हुआ।

गौरतलब है कि बिहार के 2023 के जाति सर्वेक्षण के मुताबिक, राज्य की कुल आबादी में सवर्णों की हिस्सेदारी 15.5 फीसदी है। सर्वेक्षण के अनुसार सामान्य वर्ग में लगभग 25 फीसदी है।

पिछले कुछ वर्षों में हालांकि सवर्ण वर्ग की मांगे फिर तेज हो गईं। केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों में ईडब्ल्यूएस छात्रों के लिए सीटें आरक्षित करने, राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए अधिक उम्र की सीमा तय करने की मांगें होने लगीं।

दूसरे ‘सवर्ण आयोग’ का गठन

सवर्ण वर्ग के बीच बढ़ते असंतोष को देखते हुए बिहार सरकार ने मई 2025 में दूसरे आयोग का गठन किया। इसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत पांच सदस्य शामिल हैं। छह बार विधान पार्षद रह चुके भाजपा नेता महाचंद्र प्रसाद सिंह इसके अध्यक्ष हैं। राजीव रंजन प्रसाद को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि दयानंद राय, जय कृष्ण झा और राजकुमार सिंह इसके सदस्य हैं। आयोग का कार्यकाल तीन साल का है।

जून 2025 में आयोग की पहली बैठक हुई, जिसमें तीन उप-समितियां बनाई गईं। इनका काम सवर्णों के लिए मुफ्त कोचिंग, गरीब छात्रों के लिए छात्रावास और सरकारी नौकरियों में उम्र सीमा में छूट जैसी मांगों पर विचार करना है।

आयोग के अध्यक्ष महाचंद्र सिंह ने द प्रिंट को फरवरी में बताया, “आज सवर्ण वर्ग बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहा है। उनके पास जो जमीन थी, वह बंटती चली गई है और उसका मालिकाना हक पिछड़े वर्गों के लोगों के पास चला गया है। इससे उनके सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हुई हैं। अब आयोग की जिम्मेदारी है कि वह इस स्थिति की जांच करे और सवर्णों के लिए कुछ विशेष कदम उठाने की सिफारिश करे।”

बिहार में ‘सवर्ण आयोग’ क्या कर रहा है?

‘सवर्ण आयोग’ अपने गठन के बाद से ही पटना, मगध, मुंगेर, तिरहुत, सारण, दरभंगा और कोसी समेत सात प्रशासनिक प्रमंडलों में कई बैठकें कर चुका है। द प्रिंट की रिपोर्ट के अनुसार अध्यक्ष महाचंद्र सिंह के पटना स्थित आवास पर भी सवर्ण वर्ग के प्रतिनिधिमंडल अपनी शिकायतों के साथ आते रहते हैं।

‘सवर्ण आयोग’ अपने दौरों के दौरान अधिकारियों के साथ चर्चा करता है, समाज के प्रमुख लोगों से सुझाव मांगता है और मीडिया से संवाद करता है। महाचंद्र सिंह के अनुसार, हर दौरे में लोग कुछ अलग मांगें को लेकर आ जाते हैं।

अध्यक्ष सिंह ने द प्रिंट को बताया कि आयोग EWS के लिए आने वाले आवेदनों को देख रहा है। उन्होंने कहा, “मुजफ्फरपुर में 2025 से 2026 के बीच ईडब्ल्यूएस के 6,270 आवेदन आए, जिनमें से 6,222 आवेदन मंजूर किए गए। हमने जिला अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 48 आवेदन क्यों खारिज किए गए, इसकी वजह की जांच करें और इसकी रिपोर्ट आयोग को भेजें।”

अध्यक्ष ने यह भी बताया कि आयोग खुद को सिर्फ कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों तक सीमित रखने के बजाय दूसरे मुद्दों पर भी सक्रिय है। उन्होंने बताया नीट छात्रा के मामले में भी आयोग ने विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाया और 20 जनवरी को छात्रावास को सील कर दिया।

11 जनवरी को छात्रा बेहोशी की हालत में हॉस्टल में मिली थी। कुछ दिनों बाद उसकी मौत हो गई थी। शुरुआत में इस मामले को आत्महत्या बताया गया था। लेकिन छात्रा के परिवार ने यौन उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पूरे शहर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

‘सवर्ण आयोग’ की कानूनी स्थिति क्या है?

‘सवर्ण आयोग’ को पिछड़ा वर्ग आयोग और अनुसूचित जाति आयोग की तरह संवैधानिक दर्जा प्राप्त नहीं है। इसका गठन राज्य सरकार के आदेश पर कार्यकारी निकाय की तरह हुआ है।

यह भी पढ़ें-राजस्थान में तेज हुई EWS सरलीकरण की मांग, शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी समर्थन में निकाल रहे हैं यात्रा | EXPLAINED

राजस्थान में EWS आरक्षण में सरलीकरण को लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी “EWS सरलीकरण यात्रा” निकाल रहे हैं। इस यात्रा के जरिए EWS आरक्षण के प्रावधानों को कई अहम बदलावों की मांग की जा रही है। यह यात्रा ऐसे वक्त में हो रही है, जब पहले ही यूजीसी के नियमों, जातिगत आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों में बदलावों को राजपूत करनी सेना आंदोलन कर रही है, जिसे सामान्य वर्ग के लोगों का काफी समर्थन भी देखने को मिला है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।