देश की राजनीति में चुनावी समीकरणों के साथ दलों के भीतर असंतोष और नेताओं की अदला-बदली तेज हो रही है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दलबदल ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उत्तराखंड में अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो पंजाब में नशा और बेरोजगारी चुनावी मुद्दे बनते दिख रहे हैं। बिहार में जद (एकी) की निष्क्रियता और कांग्रेस की राजनीति में नए चेहरों की भूमिका भी चर्चा में है।
अदल-बदल
उत्तर प्रदेश देश की राजनीति का केंद्र बन चुका है। सूबे में आनेवाला विधानसभा चुनाव सपा से लेकर कांग्रेस तक के लिए अस्तित्व का मामला हो चुका है।इसलिए यहां राजनीतिक नेताओं का पाला बदलने का खेल शुरू हो गया है। राजनीतिक दलों से नाराजगी और दूसरे दलों में जाने पर फायदे के मुताबिक भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेताओं ने दूसरे दलों का दामन थामने की शुरुआत कर दी है। समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह और विनोद चतुर्वेदी के भाजपा में शामिल होने के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
उधर, राज्यसभा में प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से नाखुश भाजपा नेता और पूर्व सांसद धमेंद्र कश्यप की अखिलेश यादव से मुलाकात ने भी पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में रिलायंस समूह के वरिष्ठ अधिकारी और उद्यमी धनराज नथवानी का समाजवादी पार्टी से निर्विरोध राज्यसभा में चुने जाने के बाद पार्टियों की अदला-बदली तेज हो गई है। कुछ माह पहलेकांग्रेस के दिग्गज नेता नसीमउद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा समेत कुछ और नेता सपा में शामिल हो गए। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर स्थिति साफ नहीं होन और पार्टी में तवज्जो नहीं मिलने पर पाला बदलकर अपनी नाराजगी के साथ साथ हितों को भी साध रहे हैं।
जवाब की तलाश
सिक्किम के नए राज्यपाल का नाम घोषित होने के साथ ही उत्तराखंड भाजपा के नेता जवाब की तलाश में जुट गए हैं। दबे स्वर में प्रदेश स्तर के नेताओं का कहना है कि अगले कुछ माह में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अंकिता भंडारी का मामला फिर गरमाएगा। इस घटना को लेकर राज्य के युवा पहले से आक्रोश में हैं। दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के कारण वैसे भी पूरे देश में सत्तारूढ़ दल पर कई सवाल उठ चुके हैं। हालांकि विवादित नाम अब तक जांच में सामने नहीं आया, मगर एक प्रश्न है कि इतने विवाद और सवाल के रहते उन्हें राज्यपाल क्यों बनाया गया जिसे खुद पार्टी ने प्रभारी पद से हटाने के बाद केंद्रीय पदाधिकारियों की टीम से बाहर कर दिया था। अब उनके राज्यपाल बनने के बाद जनता को क्या जवाब देंगे? यह तय है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर हमलावर रहेगी।
पंजाब की ओर है नजर
पंजाब कांग्रेस में सियासी घमासान के बाद अब कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की वहां सीधी नजर है। इसका आगाज भी खुद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कर दिया है। राहुल गांधी ने सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी की सरकार को निशाना बनाया है और पंजाब को नशे का गढ़ बता दिया है। इस मामले में सीधे तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री से जवाब मांगा जा रहा है। इसी लाइन पर पहले से ही पंजाब की सरकार भाजपा के निशाने पर है। आने वाले विधानसभा चुनाव में युवाओं में बेरोजगारी और नशे में डूबता पंजाब एक बड़ा मुद्दा बनता नजर आ रहा है। वहीं वर्तमान में सत्ता संभाल रही आम आदमी पार्टी पंजाब के जरिए खुद को युवाओं से जोड़कर देख रही है। यह सूबा उसके अस्तित्व का मामला है।
अक्रियाशील
बिहार में एक कहावत है, ‘हंसुए के ब्याह में खुरपे के गीत’। यानी मुद्दा कुछ हो, हमें बात उससे भटक कर करनी है। कुछ ऐसा ही हाल जद (एकी) का है। बाढ़ में आधा बिहार डूब गया। जमुई में किशोरी के उत्पीड़न की घटना पूरे देश में बहस का विषय बन गई। मुठभेड़ के कारण पुलिस भी सवालों के घेरे में है। प्रशांत किशोर शिक्षा व प्रशासन के मुद्दे पर चुनौती दे ही चुके हैं। पूरे देश की राजनीति एसआइआर के इर्द-गिर्द घूम रही है। लेकिन जद (एकी) राजनीति के नाम पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री की तरफ से चलाई गई योजनाओं को याद कर रही है। बाढ़ से डूबे बिहार में ‘फरक्का जलसंधि’ का सहारा ले रही है। जंतर मंतर में मौजूद पार्टी कार्यालय का इस्तेमाल करके चंद युवा इनसे ज्यादा अपनी राजनीति ऐसे चमका गए हैं कि बच्चे-बच्चे को इनका नाम याद हो चुका है।
अब मजाल है कि पार्टी के दिग्गज पदाधिकारी सोशल मीडिया पर एक शब्द भी बोल दें। आपके घर का इस्तेमाल करके चोर पूरे मोहल्ले के नाक में दम कर दे, लेकिन आप पर कोई असर ही नहीं है। यह तो वही बात हो गई ‘आग लगी बस्ती में हम अपनी मस्ती में।’ पार्टी शायद भूल चुकी है कि बिहार में चल रही सरकार को चलाने में उसका भी उतना ही योगदान है जितना दूसरी पार्टी का है। अब जब बिहार में नीतीशे-कुमार भी नहीं हैं तो ज्यादा मेहनत की जरूरत थी। ऐसे ही अक्रियाशील रही तो दिल्ली छोड़िए बिहार में भी पार्टी के अस्तित्व पर संकट आ जाएगा।
नेहा के बरक्स कन्हैया की खोज
राजनीतिक परिदृश्य में आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा की अति दृश्यता के बाद सोशल मीडिया पर लोग कन्हैया कुमार की खोज-खबर लेने में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं। हालांकि लोग यह भी कह रहे हैं कि मुख्यधारा की राजनीति में तात्कालिक लोकप्रियता मिलने के बाद नेहा बोरा का भी हाल कन्हैया कुमारा जैसा न हो। खास कर बांग्लादेश वाले संदर्भ के बाद कन्हैया कुमार के उन कथित नारों को याद दिलाया जा रहा है, जो शायद उन्होंने दिए भी नहीं थे, लेकिन उसकी प्रतिध्वनि में बंधे रहे। कभी अपनी मुखरता के लिए प्रसिद्ध हो चुके कन्हैया कुमार की आवाज गुम सी हो गई है।
लोगों का कहना है कि आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा के कांग्रेस के करीब आने का असर यह हुआ है कि कन्हैया ‘अंतर्ध्यान’ हो गए हैं। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में राहुल गांधी के साथ साये के साथ रहे ये नेता सुप्रीम कोर्ट तक निकाली गई यात्रा में ‘आगे’ दिखाई नहीं दिए। जब पूर्व छात्र नेता से इसकी वजह पूछी गई तो उन्होंने खिसियाते हुए कहा, ‘मेरी दाढ़ी पक गई है, अब मैं प्रदर्शनों में नहीं जाता हूं।’ कहा जा रहा है कि कांग्रेस के मंच पर नेहा बोरा को मिल रही तवज्जो के कारण वे नाराज हैं!
