जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली पुलिस के कुछ अधिकारियों और जवानों के बिना नेम टैग या नेम प्लेट ड्यूटी करते देखा गया। इनके वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों और राजनीतिक दलों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिसकर्मी जानबूझकर अपनी पहचान छिपा रहे हैं। वहीं पुलिस की ओर से इसके पीछे सुरक्षा और सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों की पहचान सार्वजनिक होने के बाद होने वाली कथित ट्रोलिंग और डॉक्सिंग जैसी चिंताओं का हवाला दिया गया है।
इस पूरे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक डीके बसु बनाम पश्चिम बंगाल राज्य फैसले का जिक्र हो रहा है। वर्ष 1997 में दिए गए इस फैसले को भारत में गिरफ्तारी और हिरासत के दौरान पुलिस की जवाबदेही तथा नागरिकों के मानवाधिकारों की सुरक्षा से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में गिना जाता है।
क्या है डीके बसु मामला?
डीके बसु मामले में सुप्रीम कोर्ट के सामने पुलिस हिरासत में होने वाली ज्यादतियों और हिरासत में मौतों का गंभीर मुद्दा था। कोर्ट ने गिरफ्तारी और हिरासत की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किए।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी या उससे पूछताछ करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान स्पष्ट होनी चाहिए। कोर्ट ने निर्देश दिया था कि गिरफ्तारी या पूछताछ करने वाले पुलिसकर्मी अपनी वर्दी पर नाम और पदनाम वाला स्पष्ट, सटीक और आसानी से दिखाई देने वाला पहचान टैग रखें।
यानी गिरफ्तारी और पूछताछ की कार्रवाई करने वाला पुलिस अधिकारी अपनी पहचान छिपाकर काम नहीं कर सकता। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना था कि हिरासत में किसी व्यक्ति के साथ अगर ज्यादती होती है तो संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान की जा सके और उसकी जवाबदेही तय हो।
पुलिस की पहचान क्यों जरूरी मानी गई?
सुप्रीम कोर्ट का तर्क व्यापक तौर पर यही था कि पुलिस को कानून लागू करने की शक्ति मिली है। लेकिन इस शक्ति के इस्तेमाल के साथ जवाबदेही भी जुड़ी है। अगर किसी व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाता है, उससे पूछताछ होती है या उसे हिरासत में रखा जाता है तो यह पता होना जरूरी है कि कार्रवाई किस पुलिस अधिकारी ने की। इसी वजह से कोर्ट ने गिरफ्तारी और पूछताछ से जुड़े अधिकारियों का विवरण दर्ज करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया था।
इस व्यवस्था का उद्देश्य सिर्फ पुलिसकर्मी की पहचान बताना नहीं था बल्कि पुलिस कार्रवाई को रिकॉर्ड योग्य और जांच योग्य बनाना था।
डीके बसु गाइडलाइंस में और क्या कहा गया था?
सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान कई सुरक्षा उपाय निर्धारित किए थे। इनमें गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मी की स्पष्ट पहचान, गिरफ्तारी मेमो तैयार करना, गिरफ्तारी की सूचना किसी मित्र या रिश्तेदार को देना, गिरफ्तार व्यक्ति का मेडिकल परीक्षण कराना और हिरासत से जुड़े रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखना जैसे महत्वपूर्ण निर्देश शामिल थे।
कोर्ट ने यह भी कहा था कि गिरफ्तारी से जुड़े दस्तावेजों में संबंधित अधिकारियों की पहचान दर्ज होनी चाहिए। इसके अलावा हिरासत में लिए गए व्यक्ति के स्वास्थ्य तथा मेडिकल जांच का रिकॉर्ड रखा जाना चाहिए।
इन दिशानिर्देशों का मूल उद्देश्य था कि गिरफ्तारी और हिरासत की पूरी प्रक्रिया मे किसी भी तरह की मनमानी की गंजाइश कम हो और पुलिस की कार्रवाई न्यायिक जांच के दायरे में रहे।
क्या नेम प्लेट सिर्फ गिरफ्तारी के वक्त जरूरी है?
यहीं जंतर-मंतर का मौजूदा विवाद महत्वपूर्ण हो जाता है। डीके बसु फैसला विशेष रूप से गिरफ्तारी और हिरासत की परिस्थितियों में पुलिस की पहचान और जवाबदेही से जुड़ा है। इसे हर परिस्थिति में हर पुलिसकर्मी के लिए नेम प्लेट पहनने का एकमात्र स्वतंत्र कानूनी स्रोत मानना पूरी तरह सही नहीं होगा।
हालांकि, पुलिस की वर्दी और पहचान से जु़ड़े नियमों के तहत भी पुलिसकर्मियों के नाम और पदनाम प्रदर्शित करने की व्यवस्था होती है। इसलिए किसी पुलिसकर्मी के जानबूझकर अपनी पहचान छिपाकर सार्वजनिक ड्यूटी करने पर सवाल सिर्फ डीके बसु फैसले तक सीमित नहीं रहते बल्कि संबंधित पुलिस नियमों और प्रशासनिक जवाबदेही के संदर्भ में भी उठ सकते हैं।
जंतर-मंतर पर क्या है विवाद?
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी बिना नेम टैग नजर आने का दावा किया जा रहा है। कुछ वीडियो में पुलिसकर्मियों से उनकी पहचान को लेकर सवाल भी किए गए हैं। इसे लेकर राजनीतिक दलों और प्रदर्शनकारियों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं कि अगर पुलिसकर्मी किसी कार्रवाई में शामिल हैं तो उनकी पहचान स्पष्ट क्यों नहीं है।
इसी मुद्दे को लेकर CPI सांसद पी. संदोश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और पुलिस की जवाबदेही का मुद्दा उठाया है।
वहीं दूसरी तरफ पुलिस से जुड़े अधिकारियों की ओर से यह तर्क सामने आया है कि विरोध-प्रदर्शनों में तैनात कुछ जूनियर पुलिसकर्मियों की पहचान सार्वजनिक होने से उन्हें और उनके परिवारों को सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने का खतरा रहता है। विशेष परिस्थितियों में पुलिस की कुछ विशेष इकाइयों के कर्मचारी भी अपनी पहचान सार्वजनिक किए बिना काम करते हैं।
लेकिन असली सवाल यह है कि जवाबदेही कैसे तय होगी? जंतर-मंतर का विवाद इसी बिंदु पर सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है।
अगर सुरक्षा कारणों से किसी पुलिसकर्मी की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाती है तो यह सवाल उठता है कि उस स्थिति में उसकी आंतरिक पहचान और जवाबदेही सुनिश्चित करने की वैकल्पिक व्यवस्था क्या है? क्योंकि पुलिस की पहचान छिपाने का सवाल सिर्फ नाम की प्लेट तक सीमित नहीं है। मामला इस बात से जुड़ा है कि किसी प्रदर्शनकारी, आम नागरिक या आरोपी के साथ कार्रवाई के दौरान अगर कथित दुर्व्यवहार होता है तो बाद में यह कैसे पता चलेगा कि कार्रवाई किस अधिकारी या जवान ने की थी।
डीके बसु फैसले की मूल भावना यही है कि पुलिस की शक्ति के साथ उसकी जवाबदेही भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
डीके बसु फैसला आज भी क्यों महत्वपूर्ण है?
करीब तीन दशक पहले आया डीके बसु फैसला आज भी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पुलिस हिरासत, गिरफ्तारी और पूछताछ में नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए इसने एक स्पष्ट ढांचा तैयार किया।
सुप्रीम कोर्ट ने यह संदेश दिया कि कानून लागू करने वाली एजेंसी भी कानून और संविधान की सीमाओं के भीतर ही काम करेगी। नेम टैग इसी व्यापक जवाबदेही व्यवस्था का एक हिस्सा है। किसी पुलिसकर्मी की पहचान स्पष्ट होना नागरिक के लिए यह जानने का माध्यम है कि उसके सामने कानून लागू करने वाला अधिकारी कौन है और जरूरत पड़ने पर उसकी कार्रवाई की शिकायत या जांच किसके खिलाफ की जा सकती है।
इसलिए जंतर-मंतर पर नेम प्लेट को लेकर चल रहा विवाद महज वर्दी पर लगे एक छोटे से बैज का विवाद नहीं है। इसके पीछे बड़ा सवाल पुलिस की पहचान, नागरिकों के अधिकार और कानून लागू करने वाली एजेंसी की जवाबदेही का है। और यही वह बिंदु है जहां करीब 30 साल पहले दिया गया डीके बसु का फैसला आज भी प्रासंगिक नजर आता है।
