बिहार और उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों में 28 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों के पीछे लामबंद हैं, तो कुछ सीटों पर बगावत देखने को भी मिले।
बिहार में पटना स्नातक सीट काफी चर्चा में रहा, जहाँ जदयू नेता अनंत सिंह जदयू उम्मीदवार नीरज सिंह का ही विरोध करने लगे। महाराष्ट्र में भी स्थिति कुछ अलग नहीं रही। भाजपा ने हाई स्टेक नागपुर स्नातक सीट से अपने उम्मीदवार सुधाकर कोहले को उतारा, तो पूर्व भाजपा विधायक अनिल सोले ने बगावत कर दी।
27 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के 11 सीटों, बिहार के 8 सीटों, महाराष्ट्र के 5 सीटों और कर्नाटक के 4 सीटों पर होने वाले चुनावों के परिणाम घोषित होंगे। इससे पहले आइए जानते हैं कि विधान परिषद होता क्या है, ये छह राज्यों में ही क्यों है, और इनके सदस्यों का चुनाव होता कैसे है।
विधान परिषद क्या होते हैं?
संसद में जैसे राज्यसभा उच्च सदन होता है, वैसे ही राज्य विधान मंडल में विधान परिषद उच्च सदन होता है। यह भी राज्यसभा की तरह विधायी कार्यों में हिस्सा लेता है और कार्यपालिका की जिम्मेदारी तय करता है। राज्यसभा की तरह ही इसके सदस्यों का कार्यकाल भी 6 साल का होता है। हालांकि, राज्यसभा की तरह इसके पास व्यापक शक्तियां नहीं है।
वर्तमान में 6 राज्यों में ही विधान परिषद विद्यमान है। ये राज्य उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि विधान परिषद केवल छह राज्यों में ही क्यों हैं? इसका जवाब संविधान में छिपा हुआ है।
संविधान में केंद्रीय स्तर पर एक स्थाई सदन के रूप में राज्यसभा का गठन किया गया था, लेकिन राज्यों में विधान परिषद के गठन की जिम्मेदारी राज्यों पर छोड़ दी गई थी।
विधान परिषद का गठन कैसे होता है?
संविधान का अनुच्छेद 169 कहता है कि राज्यों द्वारा विशेष बहुमत से पारित प्रस्ताव के आधार पर संसद किसी राज्य में विधान परिषद का गठन कर सकता है या फिर उन्हें समाप्त कर सकता है। मतलब विधान परिषद के गठन की पहल खुद राज्यों को करनी होगी।
राज्य के विधान सभा विधान परिषद के गठन के लिए संसद को एक प्रस्ताव भेजते हैं। यह प्रस्ताव राज्य विधानसभा में विशेष बहुमत से पारित होना चाहिए। यहाँ विशेष बहुमत का मतलब सदन के कुल सदस्यों के बहुमत तथा उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई बहुमत से है।
संसद अगर इस प्रस्ताव को साधारण बहुमत से पारित कर देता है, तो फिर राज्य में विधान परिषद का गठन हो जाता है। इसी प्रकार कोई राज्य विधान परिषद के समाप्त करने के लिए भी प्रस्ताव भेज सकता है, जिसे संसद पारित कर दे तो विधान परिषद समाप्त हो जाता है।
विधान परिषद वाले वर्तमान राज्यों के अलावा भी पश्चिम बंगाल, पंजाब और तमिलनाडु में पहले विधान परिषद थे। हालांकि, 1969 में पश्चिम बंगाल और पंजाब में, जबकि 1986 में तमिलनाडु में प्रस्ताव पारित कर विधान परिषद समाप्त कर दिए गए। जम्मू-कश्मीर में भी विधान परिषद थी, लेकिन 2019 में राज्य के पुनर्गठन के बाद उसे समाप्त कर दिया गया।
विधान परिषद के सदस्यों की संख्या कितनी होती है?
संविधान का अनुच्छेद 171 विधान परिषद के सदस्यों की संख्या के बारे में बात करता है। इस अनुच्छेद के अनुसार, विधान परिषद के सदस्यों की संख्या उस राज्य के विधान मंडल के सदस्यों की अधिकतम संख्या के एक तिहाई हो सकती है। हालांकि, इसमें यह भी कहा गया है कि किसी विधान परिषद के सदस्यों की संख्या 40 से कम नहीं हो सकती।
वर्तमान ने उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के सदस्यों की अधिकतम संख्या 100, महाराष्ट्र में 78, बिहार और कर्नाटक दोनों में 75, आंध्र प्रदेश में 58, जबकि तेलंगाना में 40 है।
विधान परिषद के सदस्यों का चुनाव कैसे होता है?
संविधान का अनुच्छेद 171 ही बताता है कि विधान पार्षदों को कैसे चुना जाएगा। अनुच्छेद के अनुसार, एक तिहाई (1/3) सदस्यों का चुनाव विधानसभा के सदस्यों यानी विधायकों द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा एक तिहाई (1/3) सदस्यों का चुनाव स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि करते हैं। स्थानीय निकायों का मतलब नगर पालिका, नगर पंचायत, पंचायत आदि से है।
अब बचते हैं एक तिहाई (1/3) सदस्य। इनमें से 1/6 सदस्यों को राज्यपाल मनोनित करते हैं। ये सदस्य साहित्य, विज्ञान, कला, सहकारिता आंदोलन और समाज सेवा के क्षेत्र में विशेष ज्ञान या व्यावहारिक अनुभव रखने वाले होते हैं।
बाकी के 1/6 सदस्यों का चुनाव ही शिक्षक और तीन वर्ष की स्नातक डिग्री रखने वाले लोग करते हैं। इसमें 1/12 सदस्यों को शिक्षक और 1/12 सदस्यों का चुनाव स्नातक करते हैं। मतलब आम जनता सीधे तौर पर हिस्सा नहीं लेती है और चुनाव अप्रत्यक्ष होते हैं।
यह भी पढ़ें-महाराष्ट्र MLC चुनावः भाजपा और महायुति के लिए परीक्षा की घड़ी, महा विकास आघाड़ी में भी बगावत
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर होने वाला चुनाव मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस और सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के लिए बड़ी परीक्षा बन गया है। तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर मुकाबले के बीच भाजपा के अंदर असंतोष उभर आया है। साथ ही, भाजपा और सहयोगी दलों शिवसेना एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के बीच भी खींचतान तेज हो गई है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
