Ramdas Athawale Interview: केंद्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले फिल्मों के बड़े शौकीन हैं। फिल्म देखने के भी और फिल्मों में काम करने के भी। उन्होंने कुछ मराठी फिल्मों में काम किया भी है। हालांकि, अब उन्हें इन दोनों ही पसंदीदा कामों के लिए वक्त नहीं मिलता है। लेकिन, उनकी ख्वाहिश है कि समय मिले तो वह आज भी फिल्मों में काम करें। रामदास आठवले ने Jansatta.com के साथ एक इंटरव्यू के दौरान ये बातें बताईं।
आखिरी फिल्म ‘पठान’ देखी
आठवले ने कहा कि अब तो फिल्में देखने का समय नहीं मिलता है, लेकिन शाहरुख खान की ‘पठान’ देखी है। यह फिल्म और इसका गाना ‘बेशर्म रंग…’ कैसा लगा? यह पूछने पर उन्होंने कहा- अच्छा। ‘पठान’ में उन्हें शाहरुख खान का काम काफी पसंद आया और फिल्म का गाना बेशर्म रंग भी अच्छा लगा।
भगवा को बेशर्म रंग बताना सही नहीं
बता दें कि जब यह गाना रिलीज हुआ था तो इस पर काफी विवाद हुआ था। कहा गया भगवा रंग को बेशर्म बताना अपमानजनक है। रामदास आठवले ने भी तब कहा था कि गाने से बौद्ध धर्म का अपमान हुआ है। ऐसा क्यों कहा था? यह पूछे जाने पर आठवले ने बताया कि भगवा असल में बौद्ध धर्म का रंग है और उस रंग को बेशर्म नहीं बताना चाहिए था।
रामदास आठवले से इंटरव्यू का पूरा वीडियो Ramdas Athawale Interview Full Video
अमिताभ व ऐश्वर्या बच्चन पसंदीदा फिल्मी कलाकार
आठवले के पसंदीदा अभिनेता अमिताभ बच्चन और पसंदीदा अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन हैं। उन्होंने बताया कि अमिताभ ने विद्रोही तेवर वाले काफी किरदार किए हैं, इसलिए वह उनके पसंदीदा हैं।
आठवले वेज खाना खाते हैं और रंगीन, चटकदार कपड़े पहनना पसंद करते हैं। वह अपने कपड़े दिल्ली और मुंबई से खरीदते हैं। आठवले ने अंतरजातीय शादी की है। उनका एक बेटा है, जो 18 साल का होने वाला है। बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है और उसकी रुचि फैशन की दुनिया में है।
आठवले 70 के दशक में राजनीतिक रूप से सक्रिय हुए थे। तब वह पैंथर मूवमेंट में शामिल हुए थे। 1990 में वह महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए थे। तब वह पढ़ाई ही कर रहे थे। वह कई बार लोकसभा और राज्यसभा में सांसद रहे, लेकिन उनकी दिली इच्छा फिर से लोकसभा में ही जाने की है। वह चाहते हैं कि 2024 का चुनाव शिरडी से लड़ें।