दिल्ली के जानकी देवी कॉलेज में पढ़ने वाली एंजिल की पहचान एक ऐसी छात्रा की है, जिसका हर काम ‘परफेक्ट’ होता है। असाइनमेंट समय पर जमा करना हो, किताबों का सलीका हो या कमरे की सुव्यवस्थित सजावट, एंजिल के लिए ‘बेस्ट’ से कम कुछ भी स्वीकार्य नहीं है। पहली नज़र में यह एक शानदार हुनर लगता है, लेकिन इस परफेक्शन की चाहत के पीछे एक अनजाना मानसिक दबाव भी छिपा हो सकता है। क्या एंजिल की तरह खुद को हमेशा ‘बेस्ट’ दिखाने की यह कोशिश हमें अनजाने में तनाव की ओर धकेल रही है? मनोवैज्ञानिकों के अनुसार जब खुद को परफेक्ट दिखाने का यह हुनर एक जुनून बन जाता है, तो यह व्यक्ति की मानसिक शांति को प्रभावित करने लगता है। समझते हैं इस व्यवहार के पीछे की साइकोलॉजी।
Perfectionism क्या है?
परफेक्शनिज़्म (Perfectionism) एक ऐसी मानसिक प्रवृत्ति है जिसमें इंसान हर काम को बिल्कुल सही, बिना गलती और 100% बेहतरीन तरीके से काम करने की कोशिश करता है। ऐसे लोग अपने लिए बहुत ऊंचे मानक तय करते हैं और छोटी-सी गलती भी उन्हें असफलता जैसी महसूस होती है। रिसर्च के मुताबिक पर्फेक्शनिज्म तीन तरह का होता है।
- पहला जब इंसान Self-Oriented होता है और खुद से ही हर काम में 100% परफेक्ट होने की उम्मीद करता हैं।
- दूसरा Socially Prescribed यानी जब आपको लगता है कि समाज, माता-पिता या बॉस आपसे परफेक्ट होने की उम्मीद करते हैं और अगर आप फेल हुए तो वे आपको मानना छोड़ देंगे।
- तीसरा दूसरों पर केंद्रित (Other-Oriented) होना यानी जब आप दूसरों से जैसे पार्टनर या सहकर्मी से परफेक्ट होने की उम्मीद करते हैं और उनके काम से कभी संतुष्ट नहीं होते।
Perfectionism का मानसिक सेहत पर असर
फोर्टिस हेल्थकेयर में मेंटल हेल्थ और बिहेवियरल साइंसेज विभाग की कंसल्टेंट क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट अनुना बोरदोलोई के अनुसार हर चीज को परफेक्ट दिखाने का निरंतर दबाव एक अदृश्य तनाव (Invisible Stress) पैदा करता है, जो सीधे तौर पर हमारे मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। वह आगे बताती हैं कि आजकल लोग सोशल मीडिया पर दिखने वाली ‘परफेक्ट लाइफ’ को ही सच मान लेते हैं और उसकी नकल करने की कोशिश करते हैं। यह ‘कंपैरिजन ट्रैप’ (तुलना का जाल) हमारे मस्तिष्क की कार्यप्रणाली पर गहरा असर डालता है, जिससे आत्म-सम्मान में कमी और चिंता जैसी समस्याएं जन्म लेती हैं।
एंजिल के मामले में भी यही मनोवैज्ञानिक दबाव देखने को मिलता है। अनुना बोरदोलोई के शब्दों में कहें तो जब हम सोशल मीडिया या समाज के मानकों पर ‘बेस्ट’ दिखने की होड़ में शामिल होते हैं तो हमारा दिमाग रिलैक्स होने के बजाय हमेशा हाई अलर्ट पर रहता है। एंजिल का हर चीज़ व्यवस्थित रखने का हुनर सराहनीय है, लेकिन अगर इसके पीछे फेल होने या पीछे छूट जाने का डर है, तो यह गंभीर मानसिक थकान का संकेत हो सकता है।
Perfectionism कब मानसिक रोगी बना सकता है?
मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि बेहतर बनने की कोशिश अपने आप में बुरी नहीं है, बशर्ते वह आपकी वास्तविक क्षमता के अनुरूप हो। इसे एक ‘हेल्दी परफेक्शनिज्म’ (Healthy Perfectionism) की तरह देखना चाहिए। अगर आपका लक्ष्य 100% स्कोर करना है, तो पहले 50% का पड़ाव पार करें, फिर धीरे-धीरे आगे बढ़ें। ये क्रमिक सुधार (Step-by-step progress) आपके मानसिक स्वास्थ्य को महफूज रखता है।
परफेक्ट बनने की चाहत कब जोखिम बनती है?
Journal of Rational-Emotive & Cognitive Behavior Therapy के अनुसार अत्यधिक परफेक्शनिज्म अक्सर ‘क्रॉनिक प्रोक्रेस्टिनेशन यानी काम टालने की बीमारी का कारण बनता है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति गलती करने के डर से काम शुरू ही नहीं कर पाता। वह सोचता है अगर मैं इसे परफेक्ट नहीं कर सकता, तो मैं इसे करूंगा ही नहीं। International Journal of Eating Disorders में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक परफेक्शनिस्ट लोगों में एनोरेक्सिया (Anorexia) और बुलिमिया जैसे रोगों का खतरा बहुत अधिक होता है। अपने शरीर को परफेक्ट बनाने की चाहत में लोग खुद को भूखा रखने लगते हैं, जो शारीरिक रूप से घातक हो सकता है।
ये आदत करियर और व्यक्तिगत विकास को रोकती है। जोखिम कब बढ़ता है जब ये आदत तनाव बन जाती है। तनाव तब शुरू होता है जब क्षमता और अपेक्षा के बीच बड़ा अंतर हो। उदाहरण के लिए अगर वर्तमान क्षमता 30% की है लेकिन लक्ष्य सीधे 100% का रख लिया जाए, तो यह असफलता का डर पैदा करता है। यही दबाव धीरे-धीरे व्यक्ति को डिप्रेशन (Depression) या गहरे अवसाद की ओर धकेल सकता है। Archives of Suicide Research में छपी एक चौंकाने वाली स्टडी के अनुसार आत्महत्या करने वाले कई लोगों के व्यक्तित्व में परफेक्शनिज्म एक प्रमुख लक्षण पाया गया।
खुद को इस परफेक्ट होने के जाल से कैसे बाहर निकालें? (Coping Strategies)
गुड इनफ को अपनाएं
साइकोलोजिस्ट का मानना है कि हर चीज का 100% होना जरूरी नहीं है। कभी-कभी 80% या पर्याप्त रूप से अच्छा होना भी आपकी मानसिक शांति के लिए बेहतर है। इसलिए गुड इनफ यानी पर्याप्त रूप से अच्छा होने की सोच अपनाना जरूरी है। जब आप मान लेते हैं कि हर काम में थोड़ी कमी होना सामान्य है, तो खुद पर अनावश्यक दबाव कम होता है। इससे मन शांत रहता है, आत्मविश्वास बढ़ता है और काम भी ज्यादा संतुलन के साथ किया जा सकता है।
गलतियों को लर्निंग मानें नाकि कमी
परफेक्शनिस्ट अक्सर गलतियों से डरते हैं। इसे इस नजरिए से देखें कि गलती करना असफलता नहीं, बल्कि सीखने का एक हिस्सा है। लेकिन मनोवैज्ञानिकों के अनुसार गलतियां जीवन और सीखने की प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा हैं। हर गलती हमें कुछ नया सिखाती है और आगे बेहतर करने का मौका देती है। इसलिए गलतियों को डर या शर्म की तरह नहीं, बल्कि अनुभव और सीख के रूप में देखना चाहिए। ऐसा नजरिया अपनाने से मानसिक दबाव कम होता है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
सोशल मीडिया से दूरी बनाएं
जैसा कि अनुना बोरदोलोई ने बताया तुलना का जाल तनाव पैदा करता है। रील लाइफ और रियल लाइफ के अंतर को समझें। खासकर सोशल मीडिया पर दिखने वाली रील लाइफ अक्सर सजी-संवरी और फिल्टर की हुई होती है, जो वास्तविक जीवन से काफी अलग होती है। जब लोग अपनी वास्तविक जिंदगी की तुलना इस दिखावटी दुनिया से करते हैं, तो उन्हें खुद में कमी महसूस होने लगती है। इसलिए जरूरी है कि रील लाइफ और रियल लाइफ के अंतर को समझ कर खुद को अनावश्यक दबाव से बचाया जाए।
खुद पर दया करें
अगर एंजिल से कभी कोई फाइल इधर-उधर हो जाए या कमरा अव्यवस्थित हो, तो उसे खुद को कोसने के बजाय थोड़ा नरम होना चाहिए और यह कहना चाहिए आज मैं थकी हूं और यह ठीक है। मनोवैज्ञानिक मानते हैं कि हर दिन एक जैसी एनर्जी या क्षमता होना संभव नहीं। ऐसे में खुद से यह कहना कि आज मैं थकी हूं और यह ठीक है, मानसिक दबाव कम करने में मदद करता है। आत्म-दया और स्वीकार्यता का यह नजरिया परफेक्शन के अनावश्यक बोझ को हल्का करता है।
आपको मदद की ज़रूरत कब है?
- आप जानते हैं कि परफेक्ट बनने का ये हुनर एक बीमारी भी बन सकता है। अगर आप अपने में कुछ लक्षण महसूस करते हैं जैसे
- काम पूरा न होने के डर से रात भर नींद न आना।
- छोटी सी गलती होने पर खुद को नुकसान पहुंचाने या नफरत करने का ख्याल आना।
- परफेक्ट न होने के डर से सामाजिक कार्यक्रमों या नए अवसरों से दूरी बना लेना।
- लगातार चिड़चिड़ापन और हर समय हाई अलर्ट पर रहने की भावना आपकी मानसिक सेहत के लिए खतरा है।
निष्कर्ष:
एंजिल जैसी छात्राओं और युवाओं को यह समझना होगा कि दुनिया में कोई भी चीज़ या इंसान परफेक्ट नहीं है। हमारी खामियां ही हमें इंसान बनाती हैं। अनुशासन और बेहतरीन काम की चाहत अच्छी है, लेकिन तब तक जब तक वह आपकी मुस्कान न छीन ले। याद रखिए आपकी कीमत आपके अचीवमेंट्स (Achievements) से नहीं, बल्कि आपके मानसिक सुकून से है।
डिस्क्लेमर:
यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है और पेशेवर चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है।
