अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, चीनी सैनिकों ने गश्त कर रहे भारतीय सैनिकों और कुछ भारतीय नागरिकों को रोकने की कोशिश की।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेश शत्रुजीत सिन्हा ने 22 अक्टूबर को कहा कि सीमा पर दोनों देशों के सैनिकों के बीच कई बार तनाव की स्थिति बनी है।
यह स्थिति 25 अगस्त की उस प्रतिबद्धता से बिल्कुल अलग है, जब चीन के विदेश मंत्री वांग यी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल बीजिंग में मिले थे। 25 वें दौर की इस वार्ता के दौरान दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधियों ने सीमा पर तनाव कम करने, शांति और स्थिरता को बनाए रखने तथा द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर करने की प्रतिबद्धता जताई थी।
2020 में गलवान घाटी में हुए टकराव के बाद इस साल रिश्तों में कुछ सुधार होता दिख रहा था। अगस्त में दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की थी और रिश्तों को सुधारने की बात की थी। छह साल बाद दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान शुरु हुई थी और सितंबर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत भी आए थे, लेकिन स्थिति फिर उसी ढाक के तीन पात पर लौट गई।
आइए समझते हैं कि दशकों से चला आ रहा यह सीमा विवाद क्या है? और किन-किन क्षेत्रों को लेकर है विवाद?
शिमला समझौता
भारत-चीन के बीच के सीमा विवाद को समझने के लिए शिमला समझौते को समझना जरूरी है। 1914 में भारत और तिब्बत के बीच मैकमोहन सीमा को तय किया गया था। उस समय भारत पर अंग्रेजों का शासन था और तिब्बत एक स्वतंत्र क्षेत्र हुआ करता था। लेकिन अक्टूबर 1949 में माओत्से तुंग के नेतृत्व में चीन गणराज्य की स्थापना हुई। और मात्र एक साल बाद उसने तिब्बत पर कब्जा कर लिया और दोनों देश की सीमाएं नजदीक आ गईं।
चीन ने शिमला समझौते को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि तिब्बत को यह समझौता करने का अधिकार नहीं था। अंग्रेजों ने तिब्बत पर यह समझौता थोपा था। चीन अरुणाचल प्रदेश को तिब्बत का दक्षिणी हिस्सा मानता है।
अक्साई चीन में राजमार्ग
तिब्बत पर कब्ज करने के बाद चीन ने इस पठारी क्षेत्र तक पहुंच बढ़ाने और अपनी स्थिति सुदृढ़ करने के लिए 1951 में गुपचुप तरीके से शिनजियांग-तिब्बत सड़क का निर्माण शुरू कर दिया था। जी219 राजमार्ग के नाम से जाना जाने वाला यह राजमार्ग अक्साई चीन से होकर गुजरता है।
पंचशील समझौता
दोनों देशों के बीच 1954 में भारत और चीन के बीच पंचशील समझौता हुआ, जिसमें शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की बात कही गई, लेकिन पश्चिमी सेक्टर (अक्साई चिन) और पूर्वी सेक्टर (अरुणाचल प्रदेश) को लेकर मतभेद अंदर ही अंदर बढ़ते रहे।
1959 में तिब्बत में चीन के खिलाफ एक बड़ा जन-विद्रोह हुआ। जब चीन ने इसे बेरहमी से कुचला, तब तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने मार्च 1959 में भारत में शरण ली। भारत द्वारा उन्हें राजनीतिक शरण दिए जाने से चीन बुरी तरह भड़क गया। चीन को लगा कि भारत तिब्बत के विद्रोहियों को हवा दे रहा है। इसके बाद सीमा पर दोनों सेनाओं के बीच छोटी-मोटी झड़पें शुरू हो गईं।
चीन इस बीच गुपचुप तरीके से लगातार सीमा के नजदीक सीमा चौकियां बनाता रहा था। उसने सीमा सड़कों का निर्माण कर सीमा तक तेजी से पहुंचने की क्षमता विकसित कर ली थी। भारत ने उसकी गतिविधियों का जवाब देते हुए फॉरवर्ड पॉलिसी अपनाई और चौकियाँ बनानी शुरू की। भारत को विश्वास था कि चीन इस नीति के कारण रुक जाएगा, लेकिन वह नहीं रुका।
20 अक्टूबर 1962 को चीन ने अचानक लद्दाख (पश्चिमी क्षेत्र) और नेफा (अब अरुणाचल प्रदेश) में एक साथ हमला कर दिया। शुरूआती बढ़त के बाद 21 नवंबर को उसने अचानक युद्ध विराम की घोषणा कर दी और अरुणाचल की सीमा से पीछे हट गया, लेकिन अक्साई चीन पर कब्जा बनाए रखा।
भारत-चीन के बीच किन-किन क्षेत्रों में है विवाद?
दोनों देशों के बीच लगभग 3488 किलो मीटर लंबी सीमा रेखा है। इसे वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) कहते हैं। इस पूरी सीमा रेखा को मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बांटा जाता है- पश्चिमी क्षेत्र, मध्य क्षेत्र और पूर्वी क्षेत्र।
पश्चिमी क्षेत्र– यह करीब 2,152 किलोमीटर लंबी सीमा है। इस क्षेत्र में विवाद का मुख्य विवाद अक्साई चीन को लेकर है। 38,000 वर्ग किलोमीटर के इलाके को भारत लद्दाख का हिस्सा मानता है, जबकि चीन इसे अपना हिस्सा बताता है। भारत 1865 की ‘जॉनसन लाइन’ को मानता है, जबकि चीन 1893 की ‘मैकडोनाल्ड लाइन’ का हवाला देता है। फिलहाल इस क्षेत्र पर चीन का अवैध कब्जा है।
2020 का गलवान घाटी टकराव भी इसी क्षेत्र में हुआ था। इस इलाके में पैंगोंग त्सो झील, डेपसांग मैदान, गोगरा-हॉट स्प्रिंग्स और डेमचोक जैसे क्षेत्रों को लेकर भी विवाद है।
मध्य क्षेत्र– इस क्षेत्र में उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से सटी यह सीमा करीब 625 किमी लंबी है। इस क्षेत्र सबसे शांत है। लेकिन उत्तराखंड के बाराहोती मैदान और हिमाचल प्रदेश की कौरिक व नेलांग घाटी को लेकर विवाद है। हालांकि, यहाँ झड़पें बहुत कम होती हैं।
पूर्वी क्षेत्र– इस क्षेत्र में सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश से सटी करीब 1,140 किलोमीटर सीमाएं आती हैं। यह पूरा क्षेत्र ही संवेदनशील है। चीन इस क्षेत्र में शिमला समझौते के तहत निर्धारित मैकमोहन सीमा रेखा को खारिज करता है और अरुणाचल प्रदेश को ‘दक्षिणी तिब्बत’ कहता है।
इस क्षेत्र में ‘नाथू ला’ और ‘नाकु ला’ दर्रे को लेकर विवाद रहा है। 2017 में भारत-चीन और भूटान के तिराहे पर स्थित डोकलाम पठार में भारी सैन्य गतिरोध हुआ था, क्योंकि चीन सिलीगुड़ी कॉरिडोर के करीब सड़क बना रहा था। यह गतिरोध 73 दिनों तक बना रहा था।
अब तक भारत-चीन ने क्या कदम उठाए हैं?
1993 में दोनों देशों ने ऐतिहासिक शांति और स्थिरता समझौता किया। इसके तहत दोनों देशों ने तय किया कि जब तक सीमा विवाद का अंतिम हल नहीं निकलता, तब तक दोनों पक्ष वास्तविक सीमा रेखा का सम्मान करेंगे और वहाँ सेनाओं की संख्या सीमित रखेंगे।
1996 में दोनों देशों ने विश्वास बहाली उपायों (CBM) के तहत सीमा पर बल प्रयोग नहीं करने पर सहमती जताई। इसके साथ ही दोनों इस बात पर सहमत हुए कि एलएसी के दो किलोमीटर के दायरे में गोलाबारी या खतरनाक हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
2005 में सीमा विवाद सुलझाने के लिए दोनों देश राजनीतिक मानक और सीमा सिद्धांत पर सहमत हुए। इसके तहत राजनीतिक रूपरेखा तय की गई।
2013 में भारत चीन ने सीमा रक्षा सहयोग समझौता किया। इसके तहत सीमा पर गश्त के दौरान दोनों सेनाओं के बीच अचानक होने वाली झड़पों को रोकने और आपसी संचार को बेहतर बनाने पर सहमती बनी।
इसके अलावा किसी भी गलतफहमी या स्थानीय संघर्ष को तुरंत रोकने के लिए दोनों देशों के स्थानीय सैन्य कमांडरों के बीच हॉटलाइन स्थापित की गई हैं। दोनों देशों के बीच विशेष प्रतनिधि तंत्र भी स्थापित किया गया है, जिसके तहत 25 दौर की वार्ता हो चुकी है।
गलवान गतिरोध के बाद से दोनों देशों के सैन्य जनरलों के बीच लगातार कमांडर-स्तरीय बैठकें हो रही हैं ताकि विवादित पॉइंट से सैनिकों को पीछे हटाया जा सके।
अक्टूबर 2024 में दोनों देशों के बीच गश्ती समझौता हुआ, जिसके तहत डेपसांग और डेमचोक क्षेत्रों में सेनाएं 2020 के पहले की स्थिति में लौट गईं और फिर गश्त शुरु हुआ।
यह भी पढ़ें-1962 में भारत चीन से क्यों हारा, आज उस युद्ध से क्या सबक लेने की जरूरत? EXPLAINED
चीन ने 64 साल पहले 20 अक्टूबर को भारत पर दो तरफ से हमला किया था। पश्चिम में लद्दाख और पूर्व में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (नेफा) के इलाके में चीनी सेना ने भारतीय ठिकानों को निशाना बनाया। नेफा में आज का अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ हिस्से शामिल थे। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
