Jaiveer Shergill Viral Video: पूर्व कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल (Jaiveer Shergill) भाजपा (BJP) में शामिल हो गए हैं। शेरगिल ने अगस्त में कांग्रेस (Congress) से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा ने शेरगिल को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता (National Spokesperson) बनाया है।
बता दें कि कांग्रेस में रहते हुए शेरगिल भाजपा पर बेहद आक्रामक ढंग से हमला किया करते थे। साथ ही भाजपा का पैतृक संगठन कहे जाने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी गंभीर आरोप लगाते रहे हैं।
पुराना वीडियो हुआ वायरल
जयवीर शेरगिर के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस नेता और नेशनल यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने उनका एक पुराना वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है।
वीडियो साल 2020 का है। तब भाजपा नेता अनंत हेगड़े ने महात्मा गांधी की अगुवाई में चले स्वतंत्रता आंदोलन को ड्रामा बताया था। इस विवादित बयान के बाद हेगड़े विपक्ष के निशाने पर आ गए थे।
हेगड़े के संगठन को बताया था गोरों का जासूस
तब जयवीर शेरगिल ने कांग्रेस की तरफ से हेगड़े को जवाब देते हुए कहा था, ”महात्मा गांधी को देश प्रेम का सर्टिफिकेट उस संगठन से नहीं चाहिए जो गोरों के जासूस थे और गोरों के सरकार के चमचे थे, अनंत हेगड़े उस संगठन से आते हैं जिन्होंने तिरंगे का विरोध किया, जिन्होंने संविधान का विरोध किया, जिन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया।”
शेरगिल के बदले सुर
अब भाजपा में शामिल होने के बाद जयवीर शेरगिल के सुर बदल गए हैं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा है, ”मेरा सौभाग्य है कि आज मैं विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त हुआ हूं। मैं सबसे पहले देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी और गृह मंत्री अमित शाह जी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, धन्यवाद करता हूं।
आज अहम दिन इसलिए हैं क्योंकि आज मैं नकारात्मक राजनीति से सकारात्मक राजनीति की ओर जा रहा हूं। अंधकार से प्रकाश की ओर जा रहा हूं। चमचागिरी पथ से कर्तव्य पथ की तरफ जा रहा हूं। आज मैं देश को बनाने वाली पार्टी में शामिल हो रहा हूं।”