Shiromani Akali Dal History: शिरोमणि अकाली दल की स्थापना जलियांवाला बाग हत्याकांड के एक साल बाद- 14 दिसंबर, 1920 को हुई थी। शुरुआती सालों में अकाली दल का मुख्य उद्देश्य गुरुद्वारों को ब्रिटिश शासन के समर्थन वाले धार्मिक पुजारियों के नियंत्रण से मुक्त कराना था। 1947 में देश के बंटवारे के दौरान पंजाब का बड़ा हिस्सा पाकिस्तान में चला गया। इस वजह से पंजाब के लाखों लोगों को विस्थापन और सांप्रदायिक हिंसा का सामना करना पड़ा।
देश की आजादी के बाद शिरोमणि अकाली दल ने भाषा के आधार पर अलग पंजाबी भाषी राज्य बनाने की मांग को जोर-शोर से उठाया। धीरे-धीरे अकाली दल पंजाब में सिखों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व करने वाला प्रमुख दल बन गया और उसने पंजाब में कांग्रेस के वर्चस्व को भी चुनौती दी।
1980 के दशक में पंजाब में हुई हिंसा और उग्रवाद, पार्टी में हुई आंतरिक गुटबाजी और पिछले कुछ सालों में बादल परिवार के नेतृत्व पर उठे सवालों ने पार्टी के भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आइए, पढ़ते हैं कि शिरोमणि अकाली दल का इतिहास पिछले कुछ सालों में कैसा रहा है।
पंजाबी सूबा के लिए आंदोलन
भारत सरकार ने दिसंबर, 1953 में राज्य पुनर्गठन आयोग बनाया। इसके बाद अकाली दल ने पंजाबी भाषी राज्य यानी पंजाबी सूबा की मांग तेज कर दी। 1956 में संत फतेह सिंह के नेतृत्व में अकाली दल ने पंजाबी सूबा के लिए आंदोलन शुरू किया, जिसमें हजारों प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी दी। इसके बाद संत फतेह सिंह और मास्टर तारा सिंह ने अनशन किया।
अकाली दल ने 1960 में हुए गुरुद्वारा निकाय के चुनावों के दौरान गुरुद्वारों का प्रबंधन करने वाली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) पर अपनी पकड़ मजबूत की। तब उसके सदस्यों ने 140 सीटों में से 136 सीटें जीत दर्ज की थी। आज भी एसजीपीसी पर अकाली दल का दबदबा कायम है।
1 नवंबर, 1966 को पंजाब पुनर्गठन अधिनियम के बाद नया पंजाब अस्तित्व में आया। हरियाणा अलग राज्य बना और चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश बना। 1967 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पंजाब की सत्ता से बाहर हो गई। अकाली दल भारतीय जनसंघ (बीजेएस) के साथ गठबंधन करने के बाद ही 1967 और 1969 में पंजाब में सरकार बना सका। बीजेएस को आरएसएस और आर्य समाज का भी समर्थन हासिल था। अकाली दल ने यह समझ लिया था कि अकेले चुनाव लड़ने के बजाय दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन करके ही कांग्रेस को पंजाब में बहुमत हासिल करने से रोका जा सकता है।
1972 में ज्ञानी जैल सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता में लौटी थी लेकिन 1975 में इंदिरा गांधी सरकार ने जब आपातकाल लगाया तो देश भर के साथ ही पंजाब में भी कांग्रेस विरोधी माहौल बनने लगा। अकाली दल ने आपातकाल के खिलाफ आंदोलन किया।
1977 में अकाली दल ने जीती 58 सीटें
1977 के पंजाब विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल ने 58 सीटें जीती जबकि जनता पार्टी को 25 सीटें मिली। कांग्रेस को केवल 17 सीटें मिलीं।
1980 में कांग्रेस फिर से पंजाब की सत्ता में आई और दरबारा सिंह मुख्यमंत्री बने। इस दौरान केंद्र सरकार के साथ अकाली दल का टकराव बढ़ गया था। यह टकराव पंजाब की स्वायत्तता, चंडीगढ़ पर अधिकार तथा अन्य मांगों को लेकर था। जून, 1984 में ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसी साल तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए सिख-विरोधी दंगों ने राजनीतिक परिस्थितियों को और जटिल कर दिया।
धर्म युद्ध मोर्चा और ऑपरेशन ब्लू स्टार
1980-1985 का वक्त अकाली दल के इतिहास का सबसे संवेदनशील दौर था। अकाली नेता हरचरण सिंह लोंगोवाल ने 4 अगस्त, 1982 को जरनैल सिंह भिंडरांवाले के साथ मिलकर धर्म युद्ध मोर्चा की शुरुआत की। भिंडरांवाले सिख शिक्षण संस्थान दमदमी टकसाल के प्रमुख थे। भिंडरांवाले के धर्म प्रचार आंदोलन और क्रांतिकारी भाषणों ने उन्हें पंजाब के कई इलाकों में काफी लोकप्रिय बना दिया था।
ऑपरेशन ब्लू स्टार के एक साल बाद जरनैल सिंह भिंडरांवाले के पिता जोगिंदर सिंह ने 1985 में शिरोमणि अकाली दल के दो प्रमुख गुटों- तलवंडी गुट और लोंगोवाल गुट को भंग कर दिया। इसके बाद हरचरण सिंह लोंगोवाल, गुरचरण सिंह टोहड़ा और प्रकाश सिंह बादल जैसे बड़े अकाली नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, कुछ ही समय बाद जोगिंदर सिंह को पार्टी से किनारे कर दिया गया और अकाली दल पर फिर से लोंगोवाल के नेतृत्व वाले अकाली गुट का कब्जा हो गया।
इसी अकाली दल ने सुरजीत सिंह बरनाला को 1985 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री बनाया। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बरनाला सरकार में मंत्री थे।
राजीव-लोंगोवाल समझौता
24 जुलाई, 1985 को तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी और अकाली नेता हरचंद सिंह लोंगोवाल के बीच समझौता हुआ। इसे पंजाब में राजीव-लोंगोवाल समझौता कहा जाता है। समझौते के एक महीने के अंदर ही कट्टरपंथियों ने लोंगोवाल की हत्या कर दी थी। हिंसा और उग्रवाद के बढ़ने से पंजाब का माहौल खराब ही रहा और 1987 में राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया।
उधर, अकाली दल के भीतर उठापटक जारी रही। 1986 में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान गुरचरण सिंह टोहड़ा ने बरनाला को कमजोर करने की कोशिश की। उन्होंने एसजीपीसी के सदस्यों को अपने पक्ष में कर लिया। बरनाला चाहते थे कि काबुल सिंह को एसजीपीसी का अध्यक्ष बनाया जाए लेकिन इसके बजाय टोहड़ा अध्यक्ष चुने गए।
सुरजीत सिंह बरनाला को किया पार्टी से बाहर
इस दौरान अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल और गुरु चरण सिंह टोहड़ा ने सुरजीत सिंह बरनाला का विरोध करना शुरू कर दिया। बादल और टोहड़ा के नेतृत्व वाले बागी गुट के नेताओं ने सुरजीत सिंह बरनाला को अकाली दल के अध्यक्ष के पद से हटा दिया और प्रकाश सिंह बादल को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया गया। सुरजीत सिंह बरनाला को पार्टी से बाहर कर दिया गया।
यूनाइटेड अकाली दल बनाया
1987 में अकाल तख्त के जत्थेदार दर्शन सिंह ने अकाली दल के सभी गुटों को भंग करने का आदेश दिया और 5 फरवरी 1987 को एक नई पार्टी- यूनाइटेड अकाली दल का गठन किया। पूर्व आईपीएस अफसर सिमरनजीत सिंह मान को इसका अध्यक्ष बनाया गया। सिमरनजीत सिंह मान ने ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इस्तीफा दे दिया था और तब से जेल में थे।
यूनाइटेड अकाली दल को मिली छह सीटें
1989 के विधानसभा चुनाव में यूनाइटेड अकाली दल ने छह सीटें जीतीं। सिमरनजीत सिंह मान ने जेल में रहते हुए चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। प्रकाश सिंह बादल और गुरचरण सिंह टोहड़ा सहित कई प्रमुख अकाली नेता इस अकाली दल का हिस्सा थे लेकिन सिमरनजीत सिंह मान सभी अकाली गुटों पर नियंत्रण नहीं रख सके। 1992 के विधानसभा चुनाव का अकाली दल के कई गुटों ने बहिष्कार कर दिया।
1990 के शुरुआती सालों में प्रकाश सिंह बादल अकाली दल के सबसे प्रभावशाली नेताओं में उभरे थे। बादल के सामने बड़ी चुनौती यह थी कि किस तरह पार्टी को गुटबाजी के दौर से निकालकर फिर से मजबूत किया जाए। प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में अकाली दल अधिकांश उदारवादी गुटों को अपने साथ लाने में कामयाब रहा और अकाली दल (अमृतसर) कट्टरपंथी संगठन हाशिए पर चला गया।
1996 में प्रकाश सिंह बादल अकाली दल के अध्यक्ष बने लेकिन एसजीपीसी पर कब्जे को लेकर लेकर उन्हें गुरचरण सिंह टोहड़ा के विरोध का सामना करना पड़ा।
1996 में अकाली दल का मोगा घोषणापत्र
1996 में अकाली दल ने मोगा घोषणा पत्र जारी किया। इसके जरिये उसने अपनी राजनीतिक पहचान को बड़ा करने की कोशिश की। अकाली दल ने कहा कि वह केवल सिखों की पार्टी नहीं बल्कि सभी पंजाबियों की पार्टी के रूप में काम करेगी। मोगा सम्मेलन के बाद पार्टी ने पंजाब के सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाली पार्टी बनने की दिशा में कदम बढ़ाया।
प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि अकाली दल ‘पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत’ के लिए खड़ा है। अकाली दल ने मोगा घोषणापत्र में कहा, “पंजाबियत की भावना को मजबूत किया जाएगा ताकि इन मुद्दों को किसी विशेष वर्ग की समस्या के बजाय पूरे पंजाबियों की साझा समस्या के रूप में रखा जा सके।”
1997 से अकाली दल ने पंजाब में बीजेपी के साथ गठबंधन में रहकर सभी चुनाव लड़े और तीन बार राज्य में सरकार बनाई। 2002 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल हार गया। पार्टी और एसजीपीसी पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए प्रकाश सिंह बादल ने अवतार सिंह मक्कड़ को एसजीपीसी का अध्यक्ष बना दिया।
सुखबीर को अध्यक्ष बनाने से नाराजगी
बादल परिवार के भीतर पहली बार साल 2008 में मतभेद तब दिखाई दिए जब प्रकाश सिंह बादल के बेटे सुखबीर सिंह बादल को अकाली दल का अध्यक्ष बनाया गया। इस फैसले से सुखबीर बादल के चचेरे भाई मनप्रीत सिंह बादल नाराज हो गए। 2011 में मनप्रीत सिंह बादल ने अकाली दल छोड़ दिया। 2012 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी-अकाली दल के गठबंधन ने जीत हासिल की।
2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और उसे सिर्फ 15 सीटें मिलीं। साल 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर पंजाब में व्यापक किसान आंदोलन हुआ। अकाली दल ने केंद्र सरकार से समर्थन वापस ले लिया और बीजेपी से गठबंधन तोड़ दिया। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल का प्रदर्शन उसके इतिहास के सबसे खराब प्रदर्शनों में से एक रहा। पार्टी केवल तीन विधानसभा सीटें जीत पाई। प्रकाश सिंह बादल लांबी और सुखबीर सिंह बादल जलालाबाद सीट से चुनाव हार गए।
पंजाब में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस तरह की चर्चा है कि बीजेपी और अकाली दल फिर से साथ आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सरकारी नौकरी करना चाहते थे प्रकाश सिंह बादल…
पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल एक ऐसे शख्स थे जिन्होंने पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे को कायम रखने के लिए काम किया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
