First phase of Gujarat polls: गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Elections) के पहले चरण (First Phase) के लिए एक दिसंबर को मतदान होना है। पहले चरण में 19 जिलों के 89 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है।
गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पहले चरण में 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों में 70 महिलाएं और 339 निर्दलीय हैं। 89 सीटों में से 14 अनुसूचित जनजाति और सात दलितों के लिए आरक्षित हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शुरु होकर शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा।
पहले चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले 2,39,76,670 मतदाताओं में से 1,24,33,362 पुरुष, 1,15,42,811 महिला और 497 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं।
कितने ग्रामीण और कितने शहरी सीट?
पहले चरण के लिए चुनाव आयोग ने 25,430 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें से 16,416 ग्रामीण क्षेत्रों में और 9,014 शहरी क्षेत्रों में बनाए गए हैं। विधानसभा सीटों की बात करें तो 89 सीटों में से 41 ग्रामीण और 17 शहरी क्षेत्र की सीटें हैं। ग्रामीण क्षेत्र की सीटों पर कांग्रेस मजबूत रही हैं। वहीं शहरी सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा है। पिछले चुनाव में पहले चरण की सीटों पर कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी। 89 में से 38 सीटों पर कांग्रेस और 48 पर भाजपा को जीत मिली थी। वोट शेयर की बात करें, तो कांग्रेस का वोट शेयर 42 प्रतिशत और भाजपा का 49 प्रतिशत था।
क्या है जातिगत समीकरण
पहले चरण में मुख्य रूप से ओबीसी और आदिवासी समुदाय निर्णायक भूमिका में हैं। सौराष्ट्र और कच्छ में पाटीदार मतदाताओं का दबदबा बताया जाता है। वहीं दक्षिण गुजरात में अनुसूचित जनजाति निर्णायक साबित होते रहे हैं। इसी चरण में चर्चित आदिवासी नेता छोटूभाई वसावा अपनी पार्टी बीटीपी से झगड़िया सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
कितनी पार्टियां मैदान में?
भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलावा 36 अन्य राजनीतिक दल भी पहले चरण के लिए मैदान में हैं। इसमें बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी (CPI-M) और भारतीय ट्राइबल पार्टी शामिल का नाम भी शामिल है।
सभी 89 सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस चुनाव लड़ रही हैं। चुनावी मैदान में उतरी नई पार्टी ‘आप’ 88 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सूरत पूर्व विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी, जिससे एक पार्टी का एक उम्मीदवार कम हो गया है।
बसपा ने 57, बीटीपी ने 14 और माकपा ने चार उम्मीदवार उतारे हैं। पहले चरण के मतदान में 339 निर्दलीय भी मैदान में हैं। कुल 788 उम्मीदवारों में से 70 महिलाएं हैं, जिनमें भाजपा के नौ, कांग्रेस के छह और आप की पांच की उम्मीदवार शामिल हैं।
BJP को पहले चरण में नौ बागियों से करना है मुकाबला
182 सदस्यीय विधानसभा के लिए दूसरे चरण का मतदान 5 दिसंबर को होगा और वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी। भाजपा आश्वस्त है और दावा करती है कि इस बार उसकी सीटों की संख्या सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी। पार्टी ने अपने 42 मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है। उसे 19 बागियों से मुकाबला करना है, जिनमें से नौ पहले चरण की दौड़ में हैं।