हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के बड़े बेटे सनी देओल ने भी अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए बॉलीवुड में कदम रखा और साल 1983 में आई फिल्म ‘बेताब’ से डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री अमृता सिंह नजर आई। यह फिल्म उस समय बॉक्स ऑफिस पर हिट हुई और सनी छा गए। इसके बाद उन्होंने 80s-90s के दशक में कई मूवीज में काम किया और ‘अर्जुन’, ‘घायल’, ‘घातक’ जैसी फिल्मों से सिनेमाघरों को हिला डाला था। साल 2001 में सनी देओल ने ‘गदर’ की और बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया था।

सिनेमाघरों में उन्हें ‘तारा सिंह’ के अवतार में देख कर हर कोई खुश हो गया। इसके बाद भी उन्होंने लगातार कई फिल्में की, लेकिन उनमें से कुछ चली, तो कुछ फ्लॉप हो गई। यहां तक कि जब उन्होंने ‘गदर 2’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमबैक किया, तो उससे पहले भी उन्होंने 5-6 फिल्में फ्लॉप दी थी, जिसमें ‘चुप’, ‘ब्लैंक’, ‘यमला पगला दीवाना फिर से’, ‘मोहल्ला अस्सी’ जैसी फिल्मों का नाम शामिल था। तो चलिए अब जानते हैं कि सनी देओल अब अपनी फिल्मों में ऐसा क्या है, जो वह 65 की उम्र के बाद भी बतौर लीड एक्टर बैक टू बैक हिट फिल्में देने वाले इकलौते स्टार बन गए हैं।

यह भी पढ़ें: Box Office Report: सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने ‘वॉर 2’ को चटाई धूल, दूसरे दिन ‘मर्दानी 2’ ने पकड़ी रफ्तार

सनी देओल ने ‘गदर 2’ से किया कमबैक

बैक टू बैक फ्लॉप देने के बाद सनी देओल के हाथ उनकी साल 2001 में आई फिल्म ‘गदर’ का सीक्वल लगा। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी ‘गदर 2’ मूवी साल 2023 में रिलीज हुई थी, जो उनके करियर के लिए लकी जैकपॉट साबित हुई। ‘गदर 2’ ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर कमाई की, बल्कि दर्शकों को 22 साल बाद फिर से अभिनेता में वही तारा सिंह वाला अंदाज देखने को मिला। इस मूवी ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ से ज्यादा और वर्ल्डवाइड 600 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था।

इसके लगभग दो साल बाद सनी देओल ‘बॉर्डर 2’ में दिखाई दिए हैं, जो साल 1997 में आई उनकी ही फिल्म ‘बॉर्डर’ का दूसरा पार्ट है। फिल्म के डायरेक्टर, कास्ट और कहानी भले ही बदल गई हो, लेकिन एक चीज जो नहीं बदली वह सनी का फौजी वाला अंदाज और उनके दमदार डायलॉग। शायद यही वजह रही होगी कि मेकर्स ने सब बदल दिया, लेकिन ‘बॉर्डर 2’ में सिर्फ सनी की वापसी की। उनका यह पॉइंट काम भी कर गया और इस फिल्म ने रिलीज के 9 दिनों में ही 250 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। इसकी एक वजह कहीं न कहीं सनी देओल भी हैं।

सिर्फ इतना ही नहीं, अब खबरें आ रही है कि वह ‘घातक’ का सीक्वल भी बना सकते हैं। दरअसल, हाल ही में राजकुमार संतोषी अभिनेता सनी देओल के पास अपना नया प्रोजेक्ट लेकर पहुंच गए हैं। कई रिपोर्ट में यह कहा जा रहा है कि संतोषी एक्टर को ‘घातक 2’ की स्किप्ट सुना सकते हैं। अगर दोनों की बात बन गई, तो दर्शक शायद एक बार फिर सनी देओल को ‘काशी’ के दमदार रोल में देख सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी कोई ऑफिशियल घोषणा नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: ‘मैंने अमिताभ बच्चन को 4 करोड़ रुपये दिए’, निर्माता शैलेंद्र सिंह ने बिग बी को लेकर किया दावा, बताया- कभी रिलीज नहीं हुई फिल्म

सनी देओल के लिए लकी है सीक्वल

‘गदर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ की सक्सेस ये साबित करती है कि सनी सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक इमोशन हैं, जो फैंस के दिलों में बसे हैं। शायद इसीलिए ये माना जा रहा है कि सनी की ही फिल्मों के सीक्वल उनके लिए अब फिर लकी साबित हो रहे हैं।

क्यों सालों बाद भी छा रहे सनी देओल

अब सवाल आता है कि सनी देओल ऐसा क्या कर रहे हैं, जो वह सालों बाद भी लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। नॉस्टैल्जिया का सही इस्तेमाल- सनी देओल अपनी पुरानी फिल्मों को दोहराने की बजाय उनकी भावनात्मक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। ‘गदर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। इसके अलावा सनी मास ऑडियंस पर फोकस कर रहे हैं।

जब कई सितारे मल्टीप्लेक्स और ओटीटी के लिए सोच रहे हैं, तो वहीं सनी देओल सीधे सिंगल स्क्रीन और आम दर्शक से जुड़ रहे हैं।सिंपल लेकिन दमदार कहानी-
न ज्यादा दिखावा, न बेवजह का ग्लैमर… सीधी कहानी, साफ किरदार और मजबूत टकराव दिखा रहे हैं। वहीं, सनी की आवाज, दमदार डायलॉग डिलीवरी और इमोशनल आउटबर्स्ट आज भी उतने ही असरदार हैं।

बदलता बॉलीवुड और सनी देओल

आज का बॉलीवुड अक्सर ट्रेंड्स के पीछे भागता दिखता है—कभी साउथ स्टाइल, कभी हाई-कॉन्सेप्ट सिनेमा । ऐसे में सनी देओल का यह कमबैक एक रिमाइंडर है कि भारतीय दर्शक आज भी दिल से जुड़ी कहानियों को प्राथमिकता देते हैं।

सनी देओल न तो खुद को 25 साल का दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, न ही जबरदस्ती मॉडर्न बनने की। वह अपनी उम्र, अनुभव और इमेज को अपनी ताकत बना रहे हैं और यही उन्हें बाकी सितारों से अलग करता है।

यह भी पढ़ें: Rohit Shetty House Firing: डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने शुरू की जांच