साल 2022 के विधानसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस को करारी हार मिली। विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बीच टकराव चरम पर था। इस टकराव का नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस बुरी तरह से चुनाव हार गई। 2017 के विधानसभा चुनाव में 77 सीटें जीतने वाली कांग्रेस 2022 में सिर्फ 18 सीटों पर सिमट गई थी। 

चुनाव नतीजों का आकलन करने के बाद पार्टी नेतृत्व के पास यह रिपोर्ट पहुंची थी कि पंजाब कांग्रेस में हुई गुटबाजी और लड़ाई की वजह से ही पार्टी को नुकसान हुआ। 

एक बार अब फिर पंजाब चुनाव की दहलीज पर है और इसी तरह की गुटबाजी पिछले कुछ महीनों में पंजाब कांग्रेस में खुले तौर पर दिखाई दी। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कांग्रेस हाईकमान के अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बनाए रखने के फैसले का विरोध किया। चन्नी के समर्थकों ने न सिर्फ अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बल्कि कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया था। 

भूपेश बघेल और वड़िंग को हटाया

चन्नी समर्थकों के लगातार विरोध के आगे कांग्रेस हाई कमान को झुकना पड़ा और उसने पहले भूपेश बघेल और फिर वड़िंग को उनके पदों से हटा दिया। कांग्रेस ने पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री परगट सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया तो प्रदेश प्रभारी के पद पर पंजाब के पड़ोसी राज्य राजस्थान से आने वाले सचिन पायलट को जिम्मेदारी सौंपी। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट रूप से संकेत दिया है कि वह किसी भी सूरत में गुटबाजी को बर्दाश्त नहीं करेगा। 

हाल ही में पंजाब के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने सभी कार्यकर्ताओं से मतभेदों को भुलाने और चुनाव के लिए एकजुट रहने को कहा है। 

पंजाब में पिछले कुछ महीनों से नशे के व्यापार, नशा विरोधी कार्यकर्ताओं की मौत को लेकर विपक्ष ने भगवंत मान सरकार को लगातार घेरने की कोशिश की है। कांग्रेस हाईकमान को ऐसी उम्मीद है कि पंजाब में जिस तरह का राजनीतिक माहौल है उसमें वह एक बार फिर राज्य में सरकार बना सकती है। पंजाब में कांग्रेस मजबूत है, कई बार सत्ता में भी रही है लेकिन उसके सामने कई चुनौतियां भी हैं। ऐसे में कांग्रेस के सामने पांच ऐसे जरूरी काम हैं, जिन्हें पूरा किए बिना राज्य में सरकार बना पाना मुश्किल हो सकता है। 

1- गुटबाजी खत्म करनी होगी

पंजाब में कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी मुश्किल पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग खेमों में बंटे हुए नजर आते हैं। 

पिछले कुछ सालों में कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, चरणजीत सिंह चन्नी और अन्य नेताओं के बीच राजनीतिक खींचतान ने पार्टी को कमजोर किया। कांग्रेस ने परगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर एक ऐसा चेहरा सामने रखा है जिसे लेकर कोई विवाद नहीं है। इसके बावजूद केवल प्रदेश अध्यक्ष बदलने से गुटबाजी खत्म नहीं होगी। कांग्रेस के लिए यह जरूरी है कि चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और अन्य वरिष्ठ नेता एक मंच पर दिखें। 

वड़िंग ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाए जाने के बाद कई बार सचिन पायलट को निशाने पर लिया है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को यह तय करना होगा कि कोई भी नेता पार्टी के दूसरे नेताओं के खिलाफ बयानबाजी ना करे। कांग्रेस हाईकमान का इसे लेकर सख्त रुख है। पार्टी नेतृत्व ने सभी नेताओं को सामूहिक रणनीति पर काम करने का निर्देश दिया है लेकिन उसे इस पर अमल भी कराना होगा। 

2- सीएम चेहरे को लेकर घमासान ना हो 

सचिन पायलट यह स्पष्ट कर चुके हैं कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में किसी भी नेता को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर आगे नहीं करेगी। बावजूद इसके वरिष्ठ नेताओं के मन में सियासी ख्वाहिश है कि सरकार बनने पर उन्हें सीएम बनने का मौका मिले। 

2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को ही सीएम का चेहरा बनाया था लेकिन इससे पार्टी को कुछ हासिल नहीं हुआ। चरणजीत सिंह चन्नी दोनों ही सीटों से चुनाव हार गए और पार्टी की भी करारी हार हुई। ऐसे में इस बार कांग्रेस ने बिना किसी नेता के नाम का ऐलान किए ही सामूहिक नेतृत्व के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पार्टी को अपने वरिष्ठ नेताओं के बीच चुनाव प्रबंधन से जुड़े कामों का और जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से बंटवारा करना होगा जिससे नेताओं के बीच किसी तरह का टकराव ना हो। 

3- पंजाब के बड़े मुद्दों पर सरकार को घेरना होगा 

कांग्रेस को पंजाब की जनता के सामने यह बताना होगा कि पंजाब की समस्याओं का समाधान वह किस तरह करेगी। पंजाब में इस समय कई ऐसे मुद्दे हैं, जिनका सीधा संबंध वहां के आम लोगों की जिंदगी से है। इनमें नशा, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, राज्य पर बढ़ता कर्ज प्रमुख हैं।

इसमें सबसे बड़ा मुद्दा नशे का है। पंजाब में नशे का मुद्दा लंबे समय से चिंता का विषय रहा है। कांग्रेस को बताना होगा कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने, बड़े तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने और नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के लिए वह क्या करेगी? परविंदर सिंह झोटा, दलजीत सिंह, गुलजार सिंह की मौत के मामलों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार से सवाल पूछ रहा है। 

कांग्रेस को बताना होगा कि वह पंजाब में बेरोजगारी के मुद्दे पर क्या करेगी? पंजाब के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए क्या करेगी? पार्टी को सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, नए उद्योग स्थापित करने और युवाओं के हाथ को काम देने की योजना पेश करनी होगी।

पंजाब की अर्थव्यवस्था में कृषि की अहम भूमिका है। किसानों को फसलों का उचित मूल्य मिले, समय पर खरीद हो और सरकारी मंडियों में खरीद की बेहतर व्यवस्था के लिए कांग्रेस क्या करेगी, यह उसे अपने घोषणा पत्र में बताना होगा। 

पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों, उद्योगपतियों और आम लोगों की सुरक्षा एक बड़ा चुनावी मुद्दा बन सकता है। न सिर्फ आम लोगों बल्कि पुलिस अफसरों पर भी जानलेवा हमले हो चुके हैं। कांग्रेस को इसे लेकर अपना रोडमैप बताना होगा। इसके अलावा पंजाब पर बढ़ते कर्ज और विकास कार्यों के लिए भी योजना सामने रखनी होगी।

4- युवा, महिला, किसान और व्यापारी वर्ग का भरोसा जीतना होगा

पंजाब में सरकार बनाने के लिए पार्टी को बड़े मतदाता समूहों का भरोसा जीतना होगा। चुनाव में जीत के लिए सभी सामाजिक वर्गों का समर्थन हासिल करना जरूरी होता है। कांग्रेस को विशेष रूप से युवा वर्ग, महिलाएं, किसान, व्यापारियों के बीच पकड़ मजबूत करनी होगी।

पंजाब के युवाओं के सामने बेरोजगारी और नशा जैसी चुनौतियां हैं। कांग्रेस को युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप, खेल सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं पेश करनी होंगी। युवाओं तक सोशल मीडिया और जमीनी अभियानों के जरिए पहुंचना भी जरूरी होगा।

महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार को लेकर कांग्रेस को स्पष्ट योजनाएं बनानी चाहिए। इसके साथ ही किसानों के साथ मजबूत संपर्क बनाना होगा। कांग्रेस को व्यापारियों और उद्योगपतियों को भरोसा देना होगा कि वह पंजाब में उद्योग और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए सुरक्षित माहौल हो। 

5- जातीय-धार्मिक समीकरण पर फोकस जरूरी

पंजाब में कांग्रेस के सामने जातीय और हिंदू-सिख सामाजिक समीकरण को साधने की चुनौती है। पंजाब की राजनीति में जातीय के साथ ही हिंदू-सिख धार्मिक समीकरण को भी साधना जरूरी है। इसके साथ-साथ पंजाब की राजनीति में अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्गों और अन्य सामाजिक समूहों की भी बड़ी भूमिका है। 

पंजाब में देश में सबसे ज्यादा अनुसूचित जाति समुदाय की आबादी है। अनुसूचित जाति की आबादी 32 से 34% है। इसके बाद जट सिखों की आबादी 22 से 24% है। अनुसूचित जाति समुदाय में मजहबी सिख, रविदासिया और वाल्मीकि समुदाय ताकतवर हैं। 

जट सिख पंजाब की राजनीति में लंबे समय से प्रभावशाली रहे हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसान संगठनों में इनकी बड़ी भूमिका है। पंजाब में कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी, तीनों में ही जट सिख समुदाय के बड़े नेता प्रमुख पदों पर हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी जाट सिख समुदाय से हैं। 

अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं चन्नी

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं। कांग्रेस ने उनकी मांग को मानकर भूपेश बघेल और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर कार्रवाई की है लेकिन उसने यह भी ध्यान रखा है कि जट सिख नाराज ना हों। इसीलिए परगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। 

पंजाब में दलित समुदाय एक बार फिर अपने अनुसूचित जाति के नेता को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहता है लेकिन 2022 में कांग्रेस को चरणजीत सिंह चन्नी को आगे करने का फायदा नहीं मिला था। 

पंजाब में धर्म के आधार पर देखें तो सिख आबादी 58 से 60% के बीच है जबकि हिंदू आबादी 36-38 प्रतिशत है। 2% में मुस्लिम, इसाई, जैन, बौद्ध और अन्य धार्मिक समुदाय हैं। 1966 में पंजाब के पुनर्गठन के बाद से अब तक कोई भी हिंदू नेता पंजाब में मुख्यमंत्री नहीं बना है। लुधियाना, जालंधर, होशियारपुर, अमृतसर, पठानकोट में हिंदू समुदाय कुछ सीटों पर असरदार है। 

पहले यह कहा जा रहा था कि कांग्रेस हिंदू नेता विजय इंदर सिंगला को प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। मौजूदा वक्त में विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी जट सिख समुदाय से हैं। 

ऐसे में पार्टी को जाति और धार्मिक समीकरणों पर फोकस करते हुए ही चुनाव मैदान में उतरना होगा। इसके साथ ही पंजाब के तीन बड़े इलाकों मालवा माझा और दोआबा को भी वहां की सीटों के हिसाब से राजनीतिक हिस्सेदारी देनी होगी। 

यह भी पढ़ें- ‘वोट डालने वाली अंगुली काट देंगे’

पंजाब करीब एक दशक से उग्रवाद के दंश से जूझ रहा था। जून, 1991 में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव साथ होने थे। बेहद खराब हालात को देखते हुए चुनाव आयोग को लगभग 36 घंटे पहले चुनाव रद्द करने का ऐलान करना पड़ा था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।