कहते हैं कि एक सवाल, एक सीख, एक घटना जिंदगी बदल सकती है। महान वैज्ञानिक आइजक न्यूटन का जिक्र करते हुए अक्सर इस बात का जिक्र होता है कि कैसे सेब गिरने की एक घटना ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। मन में सवाल उठने लगे, सेब नीचे ही क्यों गिरा, ऊपर क्यों नहीं गया? इन सवालों के जवाब ढूढ़ने में उन्होंने वर्षों लगा दी। अंततः जवाब मिला और दुनिया के सामने गुरुत्वाकर्षण का सिद्धांत आया।
सेब गिरने की उस घटना ने न्यूटन की जिंदगी तो बदली ही, साथ ही दुनिया के लिए गुरुत्वाकर्षण की गुत्थी भी सुलझा दी। कुछ ऐसा ही हुआ था, पूर्व राष्ट्रपति और ‘मिसाइल मैन’ डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के साथ।
पक्षी कैसे उड़ते हैं?
बात तब की है, जब डॉ. कलाम महज 10 वर्ष के थे और रामेश्वरम के एक प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं कक्षा में पढ़ते थे। एक दिन उनके शिक्षक शिवसुब्रमण्यम अय्यर ने विज्ञान की कक्षा में सवाल पूछा कि ‘पक्षी कैसे उड़ते हैं?’ इस विषय पर कक्षा में बहस होती रही। शिक्षक ने ब्लैक बोर्ड पर पक्षी का चित्र बनाकर उसके उड़ने की प्रक्रिया समझाने की कोशिश की।
डॉ. कलाम अपनी किताब ‘रिइग्नाइटेडः साइंटिफिक पाथवेज टू अ ब्राइटर फ्यूचर’ में बताते हैं कि यह वह समय था जब उन्हें जहाजों के बारे में जानने का शौक लगा था। वह पायलटों की कहानियाँ बहुत रुचि के साथ सुनते थे। लेकिन गांव में जहाजों के बारे में बात करने वाले बहुत कम लोग थे। हालांकि उनके पास अच्छे शिक्षक थे।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अपनी किताब में लिखते हैं, “अय्यर उसी दिन हमें रामेश्वरम के समुद्र तट पर ले गए, जहाँ हमने दर्जनों पक्षियों को उड़ते देखा।” शिक्षक ने बच्चों को व्यावहारिक रुप से दिखाया कि पक्षी कैसे अपना पंख फड़फड़ाते हैं, कैसे पूंछ की मदद से दिशा बदलते हैं और इन पक्षियों के उड़ने की असली ताकत उनकी ‘जीवन उर्जा’ है।
शिक्षक ने बच्चों को बताया कि ठीक यही सिद्धांत हवाई जहाजों के उड़ने में काम करता है। डॉ. कलाम कहते हैं कि उस एक घंटे के लेक्चर ने उनके जीवन की दिशा बदल दी।
हवाई जहाज का चित्र देखने से लेकर मिसाइन बनाने तक
डॉ कलाम कहते हैं कि पांचवीं कक्षा की ही बात है, जब उन्होंने न्यूजपेपर को बांटने का काम शुरू किया था। सुबह पांच बजे रामेश्वरम स्टेशन से वह न्यूजपेपर बंडल उठाते और एक बेंच पर बैठकर आराम से न्यूजपेपर का पहला पन्ना देखा करते। उस समय न्यूजपेपर के पहले पन्ने पर अक्सर हवाई जहाजों के चित्र हुआ करते थे।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम कहते हैं, “उस दिन जो मैंने सिखा था वह बिल्कुल अलग था। मेरे शिक्षक ने मेरे जीवन को एक उद्देश्य दिया। बाद में मुझे महसूस हुआ कि फिजिक्स पढ़ना कितना महत्वपूर्ण है। मैंने फिजिक्स चुना। एरोनॉटिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई की और रॉकेट इंजिनयर बना। फिर स्पेस टेक्नोलॉजिस्ट बना।”
आगे चलकर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में शामिल हुए। 1983 में उनके निदेशक रहते हुए ही एकीकृत निर्देशित मिसाइल विकास कार्यक्रम (IGMDP) की नींव रखी गई। इसी कार्यक्रम के तहत पांच अलग-अलग प्रकार की स्वदेशी मिसाइलों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया। ए मिसाइलें थीं- पृथ्वी, अग्नि, त्रिशूल, आकाश और नाग।
यह भी पढ़ें-हिंदी दिवसः महात्मा गांधी हिंदी को राष्ट्रीय भाषा क्यों बनाना चाहते थे?
आज हिंदी दिवस है। आज ही के दिन यानी 14 सितंबर (1949) को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया था। इसे संघ की राजभाषा अपनाने से पहले सभा में काफी बहस हुई थी। यहाँ तक कि मसौदा समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर ने इस बहस को ‘सबसे जटिल बहस’ बताया था। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
