बदलते राजनीतिक समीकरणों में कहीं नई पार्टी बनाने की तैयारी है तो कहीं पुराने गठबंधन को फिर से जोड़ने की कोशिश। बिहार में अनंत सिंह के सामने राजनीतिक वजूद बचाने की चुनौती है, पंजाब में भाजपा और अकाली दल की नजदीकी पुराने सियासी तर्कों को उलझा रही है। वहीं उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने भाजपा के गढ़ों में सेंध और विपक्ष के बढ़ते हौसले की नई चर्चा छेड़ दी है।
कथा अनंता
एमएलसी चुनाव के दौरान बिहार में अनंत सिंह की राजनीतिक नैया सबसे ज्यादा डगमगाती दिख रही है। राजद छोड़कर जद (एकी) में आए थे कि सत्ता की धारा के साथ बहेंगे, लेकिन अब यहां भी किनारा खिसकता दिख रहा है। पुराने घर से नाता तोड़ने का नुकसान अलग और नए घर में कायदे से गृह-प्रवेश भी नहीं हुआ था। एमएलसी समीक्षा बैठक के बहाने अनंत सिंह के कुछ खास लोगों पर भी कार्रवाई की तलवार लटकने की आशंका है। अगर ऐसा हुआ, तो जिन लोगों के लिए अब तक पार्टी में जगह थी, वे भी नए ठिकाने की तलाश में उनके साथ नया घर बसा सकते हैं। पार्टी बनाने की कवायद अकेले अनंत सिंह की राजनीतिक महत्त्वाकांक्षा नहीं, बल्कि संभावित राजनीतिक बेदखली से पैदा हुआ सामूहिक अवसर भी बन सकती है। राजनीतिक रिश्ते की उम्र में समीकरण मायने रखते हैं।
कल तक जिस पार्टी की नाव पर सवार होकर सियासी नदी पार करने की उम्मीद थी, आज उसी नाव में जगह बचाने की जद्दोजहद है। ऐसे में अपनी नाव उतारने का एलान स्वाभाविक है, भले ही नदी में पहले से नावों की कमी न हो। देखना यह है कि अनंत सिंह की नई पार्टी बिहार की राजनीति में कोई नया विकल्प बनती है या फिर राजनीतिक वजूद को बचाने की ‘राजनीति अनंत इसकी कथा अनंता’ बन जाती है। प्रशांत किशोर ने अलग से ही प्रतिद्वंद्वी बन माहौल बना रखा है। राजनीतिक वजूद बचाने के लिए पार्टी बनाना आसान हो सकता है, लेकिन उसे वोट, संगठन और विश्वसनीयता दिलाना बहुत मुश्किल होता है।
मिलन की मुसीबत
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट ने अकाली नेताओं को दुविधा में डाल रखा है। मुश्किल भाजपा का हाथ थामने में नहीं, उस हाथ को दिखाकर वोट मांगने में है, जिसकी कमियां गिनाते हुए अब तक सिख मतदाताओं के बीच जा रहे थे। कल तक भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाकर सिखों को समझा रहे थे कि उससे दूरी क्यों जरूरी है।
अब समझाना होगा कि नजदीकी क्यों जरूरी हो गई! भाजपा के साथ गठबंधन की शर्तें तय करना जितना जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी यह तय करना है कि सिख मतदाताओं के सामने अपने पुराने तर्कों का क्या किया जाए। सियासत में गठबंधन का जोड़ भले दो दलों को मिला दे, जरूरी नहीं कि उनके वोट भी जुड़ जाएं। कभी-कभी दो दलों के मिलन से वोट बढ़ने के बजाय मतदाताओं की नाराजगी का नया समीकरण भी बन जाता है।
खरगे के घर सपा के समर्थक
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर चल रही जन महाअभियोग की तैयारियों को शुक्रवार को बारिश ने धो दिया। वहीं दूसरी ओर ऐसी ही धुलाई समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने खरगे के ही आवास पर कांग्रेस के वोट बैंक की भी कर दी। दरअसल यादव विपक्षी गठबंधन की बैठक के लिए खरगे के आवास पर पहुंचे थे। तभी वहां कार्यरत कर्मचारी उनके आसपास जुट गए और फोटो खिंचवाने की कोशिश करने लगे। शायद ये कर्मचारी आवास पर लगे टेंटवालों के साथ वहां पहुंचे थे। जैसे ही ये लोग आगे बढ़े, धर्मेंद्र यादव ने सबको इंगित करते हुए कहा कि ये सभी हमारे मतदाता हैं। खरगे के घर में सपा के मतदाता देख सभी मुस्कुराए।
मिली मायूसी
उत्तर प्रदेश के विधान परिषद चुनाव में वाराणसी स्नातक सीट के लिए 55 घंटे से भी अधिक देरी तक की मतगणना के बाद भी सत्तारूढ़ दल को ‘मायूसी’ मिली। भाजपा समर्थकों के विरोध के बाद इस सीट पर दोबारा मतगणना की गई। लेकिन इतनी मशक्कत के बाद भी नतीजे में बदलाव ‘सिफर’ ही रहा। दरअसल, उत्तर प्रदेश की 11 सीट पर हुए विधान परिषद के चुनाव में वाराणसी की अहमियत ज्यादा है, क्योंकि यह प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है। वाराणसी के शिक्षक सीट पर हुए मतदान के नतीजे से सपा के हौसले पहले ही बुलंद थे, लेकिन स्नातक सीट के लिए दोबारा मतगणना की वजह से इस सीट पर अन्य सीट की तुलना में अधिक वक्त लगा।
हालांकि मतगणना में अधिक वक्त लगने की वजह से दोनों दलों में नतीजे के लिए बेसब्री बनी रही और इसके कई मायने भी निकाले जा रहे थे। इस सीट पर दोबारा मतों की गिनती होने के बाद भाजपा को वाराणसी की दोनों सीट (शिक्षक और स्नातक) पर हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के बाद सपा सहित तमाम दलों ने भाजपा के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए। वाराणसी स्नातक सीट पर सपा उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा ने कुल 55046 मत हासिल किए और भाजपा के केदारनाथ सिंह को 19923 मतों से हरा दिया। इससे पहले, वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने भाजपा उम्मीदवार को पराजित कर दिया।
गढ़ में गड़बड़
विधान परिषद चुनावों के बाद सुप्रिया श्रीनेत के साथ सत्ता-पक्ष की तकरार जारी है। प्रधानमंत्री, नीतिन नवीन, देवेंद्र फडणवीस, संघ के गढ़ों को लेकर तंज कसे जा रहे हैं। भाजपा इन जगहों पर हारी है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने इस परिणाम पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि जब बैलट से चुनाव हुआ तो सारे गढ़ ध्वस्त हो गए, सारी हीरोबाजी निकल गई। टाय-टाय फिस्स और उनकी टीम तो उनकी फजीहत करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। बड़ा एक्स-एक्स खेल रहे थे। चलिए चुनौती है, कराइए सारे चुनाव बैलट पर। वैसे ही निपट जाएंगे जैसे अभी गढ़ों में निपटे हैं।
उनका इशारा होने वाले अन्य राज्यों के चुनाव की ओर था। विपक्षी गठबंधन चुनौती के साथ भाजपा के सामने मैदान में होगा। हालांकि सत्ता-पक्ष के पक्षकार सुप्रिया श्रीनेत को भी घेर रहे हैं कि कांग्रेस किस बात का जश्न मना रही है? एआइएमआइएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कांग्रेस को अपनी हार पर मंथन करने की सलाह दी है। सोशल मीडिया पर सुप्रिया श्रीनेत को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं कि आपको इतनी खुशी किस बात की है?
