How India Votes: Election Laws, Practice and Procedure – वो किताब है जिसमें भारत के पहले आम चुनाव की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची तैयार करने का दिलचस्प इतिहास दर्ज है। वी.एस. रमा देवी ( V.S. Rama Devi) और एस.के. मेंदीरत्ता (S.K. Mendiratta) की इस किताब के मुताबिक, 1951-52 के पहले आम चुनाव से पहले मतदाता सूची तैयार करते समय बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम एक खास वजह से दर्ज नहीं हो सके। आज करीब 75 साल बाद SIR में ‘Logical Discrepancy’ यानी तार्किक विसंगति के नाम पर मतदाताओं को नोटिस दिए जाने की प्रक्रिया एक बार फिर मतदाता सूची में नाम शामिल करने और हटाने के सवाल को सामने ला रही है।

तब अलग था ‘तार्किक विसंगति’ का स्वरूप

देश में जब पहली बार सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के आधार पर मतदाता सूची तैयार की जा रही थी तब अधिकारियों के सामने महिलाओं की पहचान दर्ज करने की एक असामान्य समस्या आई। किताब में दर्ज विवरण के मुताबिक, देश के कुछ इलाकों में महिलाएं अजनबियों के सामने अपना वास्तविक नाम बताने से हिचकती थीं। इसका कारण यह था कि वे अपना नाम बताने के बजाय खुद को किसी पुरुष रिश्तेदार की पत्नी, मां या बेटी के रूप में दर्ज कराना चाहती थीं। इस वजह से कई सारी महिलाओं को उनके अपने नाम से नहीं बल्कि ‘फलां की पत्नी’, ‘फलां की मां’ या ‘फलां की बेटी’ के रूप में दर्ज किया जा रहा था।

वी.एस. रमा देवी और एस.के. मेंदीरत्ता की किताब के मुताबिक, कई महिलाएं अधिकारियों को अपना वास्तविक नाम बताने के बजाय खुद को किसी पुरुष रिश्तेदार की पत्नी, मां या बेटी के रूप में दर्ज कराना चाहती थीं। चुनाव आयोग ने बाद में स्पष्ट किया कि मतदाता का नाम उसके अपने नाम से दर्ज होना चाहिए। केवल किसी पुरुष रिश्तेदार से संबंध बताकर महिला को मतदाता सूची में दर्ज नहीं किया जा सकता। नतीजा यह हुआ कि जिन महिलाओं का वास्तविक नाम दर्ज नहीं हो सका, उनकी प्रविष्टियां हटानी पड़ीं। करीब 8 करोड़ महिला मतदाताओं में से 28 लाख महिलाओं की प्रविष्टियां मतदाता सूची से हटा दी गईं।

आज ‘Logical Discrepancy’ क्या है?

आज विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान चुनाव आयोग ने मतदाता के पुराने रिकॉर्ड और मौजूदा जानकारी के बीच कुछ तरह के अंतर को ‘Logical Discrepancy’ की श्रेणी में रखा है। इनमें माता-पिता के नाम में अंतर, मतदाता और माता-पिता की उम्र में असामान्य अंतर, दादा-दादी की उम्र से जुड़े अंतर और कुछ अन्य डेटा विसंगतियां शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल में इस श्रेणी में बड़ी संख्या में मतदाताओं को रखा गया। जनवरी 2026 में सुप्रीम कोर्ट के सामने चुनाव आयोग की ओर से करीब 1.25 करोड़ मतदाताओं के ‘Logical Discrepancy’ श्रेणी में होने की बात सामने आई थी। सुप्रीम कोर्ट ने इन मतदाताओं के नाम सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित करने और उन्हें दस्तावेज तथा आपत्तियां दाखिल करने की सुविधा देने का निर्देश दिया था।

1951 और 2026 के बीच करीब 75 साल का फर्क

यहीं ‘How India Votes’ में दर्ज इतिहास और आज के SIR के बीच एक दिलचस्प समानता दिखाई देती है। लेकिन सवाल वही है कि रिकॉर्ड में ‘गड़बड़ी’ का खामियाजा किसे?

1951 में समस्या यह थी कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में महिला की व्यक्तिगत पहचान उसके अपने नाम से नहीं हो पा रही थी। आयोग ने इसे स्वीकार नहीं किया और अपना नाम दर्ज कराने को जरूरी माना। इसका खामियाजा उन महिलाओं को भुगतना पड़ा जिनकी प्रविष्टियां सही तरीके से पूरी नहीं हो सकीं।

आज समस्या का स्वरूप अलग है। SIR में पुराने और मौजूदा रिकॉर्ड के बीच डेटा या पारिवारिक विवरण में अंतर को ‘Logical Discrepancy’ कहा जा रहा है। ऐसी स्थिति में मतदाता को नोटिस देकर अपने दस्तावेजों के जरिये अपनी पात्रता स्पष्ट करने को कहा जा सकता है।

यानी 1951 में पहचान से जुड़ी विसंगति मतदाता सूची से नाम छूटने का कारण बनी और आज डेटा से जुड़ी विसंगति मतदाता को सत्यापन की प्रक्रिया में ले जा रही है। दोनों प्रक्रियाएं एक जैसी नहीं हैं लेकिन दोनों उदाहरण यह सवाल जरूर सामने रखते हैं कि मतदाता सूची में किसी व्यक्ति के रिकॉर्ड में कमी या असंगति होने पर उसका असर किस तरह मतदाता के अधिकार पर पड़ता है।

दोनों मामले अलग- फर्क भी समझना जरूरी है

हालांकि दोनों घटनाओं को पूरी तरह एक जैसा मानना सही नहीं होगा। 1951 में महिलाओं के नाम दर्ज न होने की समस्या मुख्य रूप से सामाजिक परंपरा और पहचान दर्ज करने में आई कठिनाई से जुड़ी थी। वहीं मौजूदा SIR में ‘Logical Discrepancy’ एक डेटा-आधारित जांच की श्रेणी है जिसमें पुराने चुनावी रिकॉर्ड और वर्तमान विवरणों की तुलना की जा रही है।

इसलिए इसे सीधे यह कहना कि ‘1951 में भी बिल्कुल वही Logical Discrepancy थी जो आज SIR में है’ तथ्यामक रूप से सही नहीं होगा। लेकिन यह जरूर कहा जा सकता है कि भारत की मतदाता सूची के इतिहास में रिकॉर्ड या पहचान से जुड़ी विसंगतियां पहले भी मतदाताओं के नाम छूटने का कारण बनी हैं और आज भी रिकॉर्ड में विसंगति सामने आने पर मतदाता को अतिरिक्त सत्यापन से गुजरना पड़ रहा है।

आज आयोग खुद छूटे मतदाताओं को जोड़ने का अभियान चला रहा है

SIR के मौजूदा चरण को लेकर यह पहलू भी महत्वपूर्ण है। चुनाव आयोग ने 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR पूरा होने के बाद ‘छूट गए’ मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। आयोग के मुताबिक SIR के दौरान या उसके बाद जिन लोगों के नाम छूट गए हैं, वे निरंतर अपडेल प्रक्रिया के तहत Form 6 के जरिए नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इससे 1951 की घटना की याद और प्रासंगिक हो जाती है। तब करीब 28 लाख महिलाओं की प्रविष्टियां सही नाम ना मिलने के कारण हट गई थीं और बाद में मुख्य चुनाव आयुक्त सुकुमार सेन ने भरोसा दिलाया था कि उन्हें अगले चुनावों में मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

यानी हम देखें तो मतदाता सूची का इतिहास बताता है कि ‘रिकॉर्ड में कमी’ सिर्फ कागज पर मौजूद एक तकनीकी समस्या नहीं होती। उसका सीधा असर इस बात पर पड़ सकता है कि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में है या नहीं। 1951 में यह सवाल महिलाओं के नाम और पहचान को लेकर था जबकि आज SIR में डेटा और पुराने रिकॉर्ड के मिलान को लेकर है।

यह भी पढ़ें: CJI सूर्यकांत ने कहा- सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म 6 में बदलाव को मंजूरी नहीं दी, क्या है यह फॉर्म और क्यों है अहम?

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को कहा कि उच्चतम न्यायालय ने फॉर्म 6 में किए गए बदलावों में से किसी को भी मंजूरी नहीं दी है। न्यायालय में फॉर्म 6 में किए गए ‘गैरकानूनी’ बदलावों को लेकर दलील दी गई थी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली तीन न्यायाधीशों की पीठ ने कहा कि चुनाव आयोग से रिपोर्ट मिलने के बाद न्यायालय यह जांच करेगा कि फॉर्म में बदलाव किसने किया था। पढ़ें पूरी खबर…