अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गुरुवार को एकबार फिर एक जर्नलिस्ट से भिड़ गए और ऑन कैमरा उन्होंने उस मीडियाकर्मी पर व्यक्तिगत हमले करना शुरू कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ट्रंप के इस रवैये को लेकर उनकी आलोचना भी हो रही है। ट्रंप ने इस दौरान रिपोर्टर के लुक को लेकर बॉडी शेम भी किया।

दरअसल, ट्रंप गुरुवार को मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज पहुंचने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। इसी दौरान न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के रिपोर्टर ने ट्रंप से उनकी सेहत और कैंसस व आयोवा में प्रस्तावित चुनावी रैलियों को रद्द करने के फैसले से जुड़ा सवाल पूछ लिया। बस इसी पर ट्रंप भड़क गए और उन्होंने रिपोर्टर पर पर्सनल अटैक करना शुरू कर दिया।

‘तुम मुझे बीमार लग रहे हो’

ट्रंप ने इस दौरान रिपोर्टर से कहा कि पहले तुम खुद को ठीक करो, तुम मुझे बीमार जैसे दिख रहे हो। ट्रंप ने पत्रकार से कहा, “इस आदमी को देखो। तुम मुझे बीमार लग रहे हो।” इसके बाद उन्होंने रिपोर्टर को घिनौना तक कह दिया। उन्होंने कहा कि तुम नरक में जाओगे।

किस सवाल पर भड़क गए ट्रंप?

पत्रकार ने ट्रंप से पूछा था कि क्या कैंसस जाने का कार्यक्रम रद्द करने के पीछे उनकी खराब सेहत वजह है? रिपोर्टर ने यह सवाल ऐसे समय में पूछा जब ट्रंप पिछले कई हफ्तों से लगातार देशभर में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे थे।

ट्रंप ने कैंसस और आयोवा की रैलियां कीं रद्द

ट्रंप की पहली रैली शनिवार को कैंसस के सलीना और दूसरी रविवार को आयोवा के डब्यूक में प्रस्तावित थी। हालांकि, ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कैंसस जाने की जरूरत है। उन्होंने राज्य में रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल की जीत की संभावनाओं पर भरोसा भी जताया। इसके बाद रिपब्लिकन नेशनल कमेटी ने आयोवा की रैली रद्द होने की भी पुष्टि कर दी।

ट्रंप के चुनावी फंडिंग समूह MAGA Inc. ने बताया कि राष्ट्रपति खुद इन राज्यों में जाने के बजाय कम से कम 19 राज्यों में टेली-रैलियों की सीरीज आयोजित करेंगे। इसका उद्देश्य चुनाव के दिन से पहले रिपब्लिकन उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करना है।

19 राज्यों में 25 रैलियां कर चुके हैं ट्रंप

आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से अब तक ट्रंप रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में 19 राज्यों में 25 चुनावी रैलियां कर चुके हैं। आगामी मिडटर्म चुनाव अमेरिका की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम हैं। इन चुनावों से तय होगा कि रिपब्लिकन पार्टी अमेरिकी सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में अपना बहुमत बरकरार रख पाती है या नहीं। हालांकि, कैंसस और आयोवा के कार्यक्रम रद्द करने के बावजूद ट्रंप के शुक्रवार को एक अन्य चुनावी कार्यक्रम के लिए फ्लोरिडा जाने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: ‘पुलिस को काम करने की इजाजत नहीं’, डोनाल्ड ट्रंप ने बताई फ्रांस में हिंसक प्रदर्शनों की वजह; बोले- शिक्षा से कोई मतलब नहीं

फ्रांस में विरोध प्रदर्शन और हिंसा को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर आक्रामक बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि फ्रांस इसलिए जल रहा है क्योंकि उसने अपने बॉर्डर उन लोगों के लिए खोल दिए हैं, जो उससे सबसे ज्यादा नफरत करते हैं। फ्रांस में यह सारी हिंसा शिक्षा से जुड़े विरोध प्रदर्शन से शुरू हुई थी। हालांकि, ट्रंप ने शिक्षा से जुड़े मुद्दे को सिरे से खारिज कर दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…