बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख सलाहकार मुहम्मद यूनुस को अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित जॉन एफ. कैनेडी (JFK) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विरोध का सामना करना पड़ा।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग व्हीलचेयर पर बैठे यूनुस के पास आकर नारेबाजी करते और उन्हें ‘आतंकवादी’ कहते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद बांग्लादेश सरकार ने कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की जांच का भरोसा दिया है।

न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर यूनुस के खिलाफ नारेबाजी

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि व्हीलचेयर पर बैठे मुहम्मद यूनुस के पास कुछ प्रदर्शनकारी पहुंचते हैं और उनके खिलाफ नारे लगाने लगते हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को ‘तुम आतंकवादी हो’ और ‘तुम यहां क्यों आए हो?’ जैसे नारे लगाते सुना जा सकता है।

प्रदर्शनकारियों ने यूनुस पर बांग्लादेश में लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में यूनुस के कार्यकाल और उनके फैसलों की आलोचना की। इस दौरान यूनुस के साथ सुरक्षा कर्मी और उनके सहयोगी मौजूद थे।

बांग्लादेश सरकार ने क्या कहा?

घटना पर बांग्लादेश सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री के सूचना एवं प्रसारण सलाहकार जाहेद उर रहमान ने कहा कि यूनुस के साथ कथित बदसलूकी के मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

‘द ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जाहेद ने मंगलवार को सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि इस मामले में भी वही कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जो पिछले महीने इटली में एक्ट्रेस अजमेरी हक बधोन के साथ कथित बदसलूकी के मामले में शुरू की गई थी।

रिपोर्ट के अनुसार, जाहेद ने कहा कि एक्ट्रेस के साथ हुई घटना के बाद जो कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई थी, वैसी ही प्रक्रिया यूनुस के मामले में भी अपनाई जाएगी। उन्होंने विदेश में रह रहे अवामी लीग के सदस्यों पर लोगों को परेशान करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

घटना को बताया ‘अवामी लीग का आतंक’

‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जाहेद उर रहमान ने एयरपोर्ट पर हुई घटना को ‘अवामी लीग का आतंक’ बताया। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह की घटनाओं को अस्वीकार्य मानती है।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में यूनुस के फैसलों की राजनीतिक आलोचना की जा सकती है। लेकिन राजनीतिक असहमति के नाम पर किसी को परेशान करने की घटनाओं को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सरकार ने यह भी कहा कि यूनुस के पूर्व मुख्य सलाहकार होने के नाते उनके लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों और प्रोटोकॉल में किसी तरह की चूक हुई या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।

अवामी लीग के समर्थकों पर आरोप

बांग्लादेश सरकार ने इस घटना में अवामी लीग के समर्थकों के शामिल होने का आरोप लगाया है। देश में इस संगठन की गतिविधियों पर प्रतिबंध है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों की पहचान और उनके संगठन से संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

यह घटना बांग्लादेश में जारी राजनीतिक तनाव के बीच सामने आई है। अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद मुहम्मद यूनुस को अंतरिम प्रशासन का नेतृत्व सौंपा गया था। उनके कार्यकाल और फैसलों को लेकर राजनीतिक बहस जारी रही है।

वीडियो में प्रदर्शनकारियों को यूनुस पर लोकतंत्र को कमजोर करने जैसे आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, ये प्रदर्शन के दौरान लगाए गए आरोप हैं और वीडियो से इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: कराची से पेशावर जा रही ट्रेन पटरी से उतरी, पाकिस्तान में 5 की मौत और 35 घायल

पाकिस्तान में मंगलवार तड़के एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। हादसा पंजाब प्रांत के शेर शाह शहर में हुआ। ट्रेन साउदर्न पोर्ट सिटी कराची से नॉर्थ वेस्टर्न सिटी पेशावर जा रही थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।