USA-Iran Conflict: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। इन सब के बीच, सोमवार को तेहरान में रूस का एक खास मिलिट्री एयरक्राफ्ट उतरा। यह कोई आम विमान नहीं है। इसे युद्ध या बड़े संकट के समय देश की कमान संभालने के लिए बनाया गया है।

फ्लाइटरडार 24 के डेटा के मुताबिक, RSD420 कॉलसाइन वाला TU-214PU एयरक्राफ्ट (रजिस्ट्रेशन नंबर RA-64531) मॉस्को से उड़ा और 13 जुलाई को सुबह करीब 10:10 बजे तेहरान में उतरा। इसे कई बार ‘डूम्सडे प्लेन’ यानी प्रलय का विमान भी कहा जाता है।

Tu-214PU एयरक्राफ्ट क्या है?

Tu-214PU रूस के टॉप लीडरशिप के लिए एयरबोर्न कमांड सेंटर का काम करता है। इसमें खास रेडियो और कम्युनिकेशन सिस्टम लगे हैं और इसे राष्ट्रपति की यात्रा और जरूरत पड़ने पर सरकारी कामकाज में मदद के लिए डिजाइन किया गया है। मौजूदा जानकारी के मुताबिक, इस एयरक्राफ्ट की क्रूजिंग स्पीड लगभग 850 किलोमीटर प्रतिघंटा है। यह एक बार में लगभग 6,500 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है। इसे रूस का छोटा, नैरो-बॉडी वाला वीआईपी कमांड एयरक्राफ्ट माना जाता है।

खबरों के मुताबिक, इस तैनाती को रूस और ईरान के बीच गहरे रणनीतिक संबंधों का एक और संकेत माना जा रहा है। हालांकि, ट्रंप ने जून में युद्धविराम की घोषणा की थी, लेकिन पिछले हफ्ते होर्मुज जलमार्ग में जहाजों पर हमले के बाद फिर से हमले शुरू हो गए।

भू-राजनीतिक अनिश्चितता के इस दौर में रूसी कमांड एयरक्राफ्ट की मौजूदगी को मॉस्को और तेहरान के बीच जारी सैन्य सहयोग के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ा संघर्ष

ईरान के आईआरजीसी ने सोमवार को घोषणा की कि उसने अमेरिका के एक अहम क्षेत्रीय सहयोगी, कुवैत में अली अल-सलेम एयर बेस पर फ्यूल टैंक और पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और अहमद अल-जाबेर एयर बेस पर एक रणनीतिक एफपीएस रडार सिस्टम को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है।

वही, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि रविवार को अमेरिकी सेना ने ईरान के सबमरीन बेस और जहाजों की मरम्मत करने वाली नौसैनिक सैन्य सुविधा पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि हमले में पनडुब्बी से जुड़ी सैन्य क्षमता और नेवल सपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया। हालांकि, हमले में हुए नुकसान या हताहतों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें: ‘होर्मुज की सुरक्षा करेंगे, कीमत भी वसूलेंगे’, डोनाल्ड ट्रंप बोले- जलमार्ग पर अमेरिका का होना चाहिए नियंत्रण

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका होर्मुज जलमार्ग पर कब्जा कर लेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जलमार्ग को नियंत्रित करने के लिए उसे मुआवजा दिया जाना चाहिए क्योंकि पश्चिम एशिया में शत्रुता जारी है और ईरान बहरीन, कुवैत, ओमान और जॉर्डन सहित खाड़ी देशों पर हमला कर रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…