अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ईरान को एक बार फिर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने अमेरिका से युद्ध खत्म करने के लिए समझौता नहीं किया तो ‘आज रात के पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी’।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “आज रात एक पूरी सभ्यता मिट जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा ही होगा।”
इसी पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा, “आज रात हमें पता चलेगा – यह दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण पलों में से एक हो सकता है।”
आज रात आठ बजे तक प्रतिक्रिया की उम्मीद- जेडी वेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ईरान से युद्ध के मसले पर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रात 8 बजे तक (भारतीय समय के हिसाब से बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे) अमेरिका को ईरान की तरफ से जवाब मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान में अपने सैन्य उद्देश्यों को काफी हद तक हासिल कर चुका है।
भारत ने जारी की एडवाइजरी
डोनाल्ड ट्रंप की इस नई धमकी के तुरंत बाद तेहरान में भारतीय दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वो अगले 48 घंटों तक अंदर ही रहें और बाहर न निकलें।
भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों से किसी भी बिजली या मिलिट्री से संबंधित संस्थान से दूर रहने की अपील की है। इसके अलावा भारतीय नागरिकों को बहु-मंजिला इमारतों के ऊपरी मंजिलों से भी हटने की सलाह दी गई है। इसके अलावा अगर भारतीय नागरिक हाईवे पर मूवमेंट कर रहे हैं तो वे दूतावास के संपर्क में रहें।
पाकिस्तान बोला- सऊदी पर ईरान के हमलों से बातचीत को पटरी से उतार रही
इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत पर दो पाकिस्तानी सूत्रों ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को सुगम बनाने के प्रयास अभी भी जारी हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ईरान के साथ संपर्क में है और दोनों पक्षों को बातचीत के लिए टेबल पर लाने के प्रयास जारी है।
हालांकि इस दौरान पाकिस्तानी सूत्रों ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से यह भी कहा कि सऊदी अरब पर ईरान के मिसाइल हमलों की वजह से बातचीत के पटरी से उतरने का खतरा है। उन्होंने कहा कि अगर अगर यह संघर्ष बढ़ता है तो पाकिस्तान सऊदी के साथ हुए पैक्ट के तहत उसके साथ खड़ा होगा। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें।)
