चेन्नई में जन्मीं प्रमिला जयपाल आज अमेरिकी राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। भारत से अमेरिका पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी मेहनत और राजनीतिक सक्रियता के दम पर अमेरिकी संसद तक का सफर तय किया। वह इमिग्रेशन, स्वास्थ्य सेवाओं, महिलाओं के अधिकारों और आर्थिक समानता जैसे मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रही हैं।
अब प्रमिला जयपाल एक बार फिर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (US House of Representatives) का चुनाव लड़ रही हैं। वह 3 नवंबर 2026 को होने वाले मिडटर्म चुनाव में छठी बार अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सदस्य बनने की कोशिश कर रही हैं। इस बार उनका मुकाबला रिपब्लिकन उम्मीदवार निरव शेठ से होगा। आइए जानते हैं कौन हैं प्रमिला जयपाल, उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा है और किन मुद्दों को लेकर वह चर्चा में रहती हैं।
कौन हैं प्रमिला जयपाल?
प्रमिला जयपाल का जन्म 21 सितंबर 1965 को चेन्नई में हुआ था। उनका बचपन इंडोनेशिया और सिंगापुर में बीता। इसके बाद महज 16 साल की उम्र में वह अकेले अमेरिका चली गईं। उनके पिता मुदुवंगड पुथनवीटिल जयपाल मार्केटिंग के क्षेत्र में काम करते थे, जबकि उनकी मां माया जयपाल एक लेखिका थीं।
अमेरिका पहुंचने के बाद प्रमिला ने अपनी पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी और अर्थशास्त्र की पढ़ाई की। इसके बाद नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से 1990 में MBA की डिग्री हासिल की। राजनीति में आने से पहले उन्होंने फाइनेंशियल एनालिस्ट के तौर पर भी काम किया।
प्रमिला जयपाल एक राजनेता होने के साथ-साथ लेखिका भी हैं। उन्होंने ‘पिलग्रिमेज टू इंडिया: ए वुमन रिविजिट्स हर होमलैंड’ और ‘यूज़ द पावर यू हैव: ए ब्राउन वुमन्स गाइड टू पॉलिटिक्स एंड पॉलिटिकल चेंज’ नाम की दो किताबें लिखी हैं।
उनकी शादी लेबर लीडर स्टीव विलियमसन से हुई है। उनके परिवार में पहले रिश्ते से एक बेटा जनक और एक सौतेला बेटा माइकल भी हैं। वह अपने परिवार के साथ वेस्ट सिएटल में रहती हैं।
कैसे शुरू हुआ प्रमिला जयपाल का राजनीतिक सफर?
प्रमिला जयपाल ने राजनीति में आने से पहले सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर काम किया। उन्होंने अमेरिका में अप्रवासियों (इमिग्रेंट्स) के अधिकारों की रक्षा के लिए ‘OneAmerica’ नाम के ऑर्गेनाइजेशन की स्थापना की। इस ऑर्गेनाइजेशन के जरिए उन्होंने इमिग्रेशन और प्रवासी परिवारों से जुड़े मुद्दों को उठाया।
उनके राजनीतिक सफर में एक बड़ा मोड़ साल 2015 में आया, जब वह वॉशिंगटन स्टेट सीनेट के लिए चुनी गईं। उन्होंने 2015 से 2017 तक राज्य की सीनेट में काम किया। इसके बाद साल 2016 में उन्होंने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीता। इस जीत के साथ वह अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई-अमेरिकी महिला बनीं। इसके बाद से वह लगातार चुनाव जीतती रही हैं।
प्रमिला जयपाल ने ‘कांग्रेसनल प्रोग्रेसिव कॉकस’ का नेतृत्व भी किया है। फिलहाल वह इस ऑर्गेनाइजेशन की चेयर एमेरिटा हैं। इसके अलावा वह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की न्यायपालिका, विदेश मामलों और बजट संबंधी समितियों में भी काम करती हैं।
क्या हैं प्रमिला जयपाल की प्रमुख नीतियां और मुद्दे?
प्रमिला जयपाल की राजनीति का मुख्य फोकस स्वास्थ्य सेवाओं, इमिग्रेशन, मजदूरों के अधिकार, शिक्षा और आर्थिक समानता पर है। वह मानती हैं कि अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति को मिलनी चाहिए, चाहे उसकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो। इसी वजह से वह ‘मेडिकेयर फॉर ऑल’ योजना की प्रमुख समर्थक रही हैं। इस योजना का उद्देश्य सभी अमेरिकियों को स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराना है।
जुलाई 2026 में उन्होंने सीनेटर एडवर्ड मार्की के साथ मिलकर ‘हेल्थ और वेल्थ एक्ट’ को दोबारा पेश किया था। इस कानून का उद्देश्य उन निवेश कंपनियों की गतिविधियों की अधिक जांच करना है, जो स्वास्थ्य सेवाएं देने वाली संस्थाओं का मालिकाना हक रखती हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा आवास और शिक्षा भी उनके प्रमुख चुनावी मुद्दों में शामिल हैं। उन्होंने ‘हाउसिंग इस अ ह्यूमन राइट एक्ट’ के जरिए बेघर लोगों की समस्या से निपटने और सभी को बेहतर आवास उपलब्ध कराने की वकालत की है।
वहीं, ‘कॉलेज फॉर एक्ट’ के तहत उन्होंने सालाना 1.25 लाख डॉलर तक कमाने वाले परिवारों के बच्चों के लिए सरकारी कॉलेजों में मुफ्त शिक्षा का प्रस्ताव दिया है। इसमें कम्युनिटी कॉलेज और ट्रेड स्कूलों में भी मुफ्त पढ़ाई की सुविधा शामिल है।
इमिग्रेशन और प्रवासियों के अधिकारों पर क्या है रुख?
प्रमिला जयपाल खुद भी एक प्रवासी रही हैं। वह 16 साल की उम्र में अमेरिका पहुंची थीं और उन्हें अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के लिए 17 साल तक इंतजार करना पड़ा था। यही वजह है कि इमिग्रेशन का मुद्दा उनके राजनीतिक एजेंडे में काफी अहम है।
वह अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को नागरिकता देने का रास्ता बनाने और प्रवासी परिवारों को मजबूत कानूनी सुरक्षा उपलब्ध कराने की समर्थक हैं। इसके अलावा उन्होंने अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ICE की जवाबदेही तय करने की भी मांग की है। उनका मानना है कि प्रवासियों के साथ मानवीय व्यवहार होना चाहिए और उनके अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।
LGBTQ+ अधिकारों और मजदूरों के लिए भी उठाती हैं आवाज
प्रमिला जयपाल LGBTQ+ समुदाय के अधिकारों की भी समर्थक हैं। वह खासतौर पर ट्रांसजेंडर और नॉन-बाइनरी लोगों को भेदभाव से बचाने के लिए कानूनी सुरक्षा की वकालत करती रही हैं। इसके साथ ही वह अमेरिका में न्यूनतम संघीय मजदूरी (फेडरल मिनिमम वेज) को बढ़ाकर 15 डॉलर प्रति घंटा करने और मजदूरों को संगठित होने का अधिकार देने का समर्थन करती हैं।
उनकी अन्य पहलों में ‘स्टूडेंट्स नॉट प्रॉफिट्स एक्ट’ भी शामिल है। इसके अलावा उन्होंने नशे की लत से उबर रहे लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े कानूनों का भी समर्थन किया है।
2026 के अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में किससे होगा मुकाबला?
प्रमिला जयपाल वॉशिंगटन के 7वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करती हैं। वह 3 नवंबर 2026 को होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में छठे कार्यकाल के लिए मैदान में हैं। इस बार उनका मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार निरव शेठ से होगा। अगस्त में हुए प्राइमरी चुनाव में प्रमिला जयपाल को 84.7 प्रतिशत वोट मिले थे।
यह चुनाव उनके लिए ही नहीं, बल्कि अमेरिकी संसद में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टियों के बीच राजनीतिक ताकत के लिहाज से भी अहम है। मिडटर्म चुनाव के नतीजे तय करेंगे कि अमेरिकी कांग्रेस में किस पार्टी का दबदबा रहेगा। इसका असर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के आखिरी दो वर्षों में सरकार की नीतियों और फैसलों पर भी पड़ सकता है।
चेन्नई से अमेरिका और फिर अमेरिकी संसद तक पहुंचने वाली प्रमिला जयपाल का सफर भारतीय मूल के उन नेताओं की कहानी है, जिन्होंने अमेरिकी राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब सबकी नजरें 3 नवंबर के चुनाव नतीजों पर होंगी, जो तय करेंगे कि वह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में अपना छठा कार्यकाल हासिल कर पाती हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: इजरायल में किसकी बनेगी सरकार? किसी को भी नहीं मिला बहुमत, जानिए अब क्या है विकल्प? EXPLAINED
इजरायल के आम चुनाव के नतीजे जारी हो गए हैं और किसी भी दल या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टी लिकुड 27 सीटों के साथ अब भी सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन उनका गठबंधन फिर भी 61 सीटों के जरूरी आंकड़े से आठ सीट दूर रह गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
