अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी को उनके पद से हटा दिया है। पाम बोंडी लंबे वक्त से ट्रंप की सहयोगी और उनके प्रशासन की तेजतर्रार समर्थक रही हैं। वह अमेरिका की टॉप लॉ एन्फ़ोर्समेंट अधिकारी के पद पर थीं।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि अब वो प्राइवेट सेक्टर में एक नए रोल में दिखेंगी। न्याय विभाग का नेतृत्व करते हुए पाम बोंडी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों को जारी करने और जांच को संभालने के तरीके की वजह से विवादों में रहीं। हाल के हफ्तों में अपने पद से हटाई जाने वाली वह ट्रंप प्रशासन की दूसरी अधिकरी हैं। इससे पहले मार्च में क्रिस्टी नोएम को होमलैंड सिक्योरिटी प्रमुख के पद से छुट्टी कर दी गई थी।
पाम बोंडी की जगह उनके डिप्टी टॉड ब्लांश लेंगे। बोंडी ने कहा कि वह अपना काम ब्लांश को सौंपने के लिए लगातार काम करेंगी। उन्होंने कहा कि यह पद उनके जीवन का ‘सबसे बड़ा सम्मान’ रहा है। बॉन्डी ने यह भी कहा कि प्राइवेट क्षेत्र में अपनी नई भूमिका में वो ‘राष्ट्रपति ट्रंप और उनके इस प्रशासन के लिए लड़ाई जारी रखेंगी। हालांकि, उनकी नई भूमिका क्या होगी। इसका उन्होंने खुलासा नहीं किया।
पाम बोंडी को हटाने की घोषणा उस तीखी संसदीय सुनवाई के दो महीने से भी कम समय बाद हुआ जिसमें सांसदों ने बोंडी से सवाल किए थे। सुनवाई के दौरान बहस भी हुई। इस दौरान उन्होंने एक डेमोक्रेट को “बेकार हो चुका हारा हुआ आदमी” तक कह दिया था।
डोनाल्ड ट्रंप गुरुवार सुबह तक पाम बोंडी का बचाव कर रहे थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि वह एक शानदार इंसान हैं और अच्छा काम कर रही हैं, लेकिन इसके कुछ घंटों ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर उनके हटाए जाने पर मुहर लगा दी। साथ ही कहा कि उनकी प्राइवेट क्षेत्र में नई भूमिका का ऐलान जल्द किया जाएगा।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में अटॉर्नी जनरल के रूप में बोंडी के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि देशभर में अपराध के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की निगरानी में शानदार काम किया। लेकिन, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पाम बोंडी से नाराज थे। जिसका मुख्य कारण एपस्टीन फाइलों को संभालने का तरीका।
कैसे जारी की गई थीं एपस्टीन फाइल्स?
जब फरवरी, 2025 में पाम बोंडी ने पद की शपथ ली थी। उस दौरान उन्होंने एपस्टीन केस में पारदर्शिता की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि वो एपस्टीन से जुड़ी कथित क्लाइंट सूची जारी करेंगी। बता दें, साल 2019 में जेफरी एपस्टीन की मौत हो गई थी। लेकिन बाद में अमेरिकी सरकार ने कहा कि ऐसी कोई लिस्ट नहीं थी।
अंत भारी दबाव के बाद (जिसमें ट्रंप के समर्थक भी शामिल थे) एपस्टीन से जुड़ी कई फाइलें जारी की गईं। यह तब हुआ जब कांग्रेस ने न्याय विभाग को गैर-गोपनीय रिकॉर्ड सार्वजनिक करने का कानून पारित किया। इसके बाद एजेंसी और बाद में पाम बोंडी को भी दोनों पार्टियों (रिपब्लिकन और डेमोक्रेट) के नेताओं ने काफी आलोचना की। सांसदों ने आरोप लगाया कि न्याय विभाग शिकायतकर्ताओं की पहचान से जुड़ी कुछ जानकारी छिपाने में नाकाम रहा, जबकि उन लोगों की पहचान गुप्त रखी गई जो विक्टिम नहीं थे।
पाम बोंडी कौन हैं?
60 वर्षीय पाम बोंडी ने हिल्सबोरो काउंटी में अभियोजक के रूप में 18 से अधिक वर्षों तक सेवा करने के बाद 2011 से 2019 तक फ्लोरिडा की पहली महिला अटॉर्नी जनरल के रूप में कार्य किया।
फ्लोरिडा में उन्होंने अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मानव तस्करी, बाल शोषण और तथाकथित “पिल मिल्स (pill mills)” पर कार्रवाई पर ध्यान केंद्रित किया। ऐसे क्लीनिक थे जो अवैध रूप से बड़ी मात्रा में दर्द निवारक दवाएं लिखते थे, जिससे अमेरिका में ओपिओइड संकट (opioid crisis) बढ़ रहा था।
उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी की प्रमुख कानूनी लड़ाइयों का भी समर्थन किया, जिसमें अफोर्डेबल केयर एक्ट (Affordable Care Act) को पलटने का बहु-राज्यीय प्रयास भी शामिल है। यह 2010 का स्वास्थ्य सेवा कानून है जिसे अक्सर “ओबामाकेयर (Obamacare)” के नाम से जाना जाता है। जिसने स्वास्थ्य बीमा तक पहुंच का विस्तार किया और फ्लोरिडा में समलैंगिक विवाह पर प्रतिबंध का समर्थन किया। इससे पहले कि इसे 2015 में राष्ट्रव्यापी स्तर पर रद्द कर दिया गया।
बाद में टेलीविजन पर लगातार उपस्थिति और ट्रम्प के साथ अपने घनिष्ठ राजनीतिक संबंधों के माध्यम से पाम बोंडी ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि हासिल की। उन्होंने उनके ओपिओइड आयोग में काम किया और बाद में उनके पहले महाभियोग परीक्षण और 2020 के चुनाव परिणामों को चुनौती देने के प्रयासों के दौरान उनकी कानूनी टीम में शामिल हुईं। बाद में यौन तस्करी के मामलों में उनके रिकॉर्ड पर नए सिरे से सवाल उठने लगे, क्योंकि फ्लोरिडा में जेफरी एपस्टीन के विवादास्पद गैर-अभियोजन समझौते से संबंधित कानूनी चुनौतियों में उनकी सीमित भागीदारी थी।
ब्लांश ने पोस्ट में क्या लिखा?
वहीं, ब्लांश ने एक्स पर लिखा, “पाम बोंडी ने इस विभाग का नेतृत्व मजबूती और दृढ़ विश्वास के साथ किया और मैं उनके नेतृत्व और दोस्ती के लिए आभारी हूं। हम पुलिस का समर्थन जारी रखेंगे, कानून लागू करेंगे और अमेरिका को सुरक्षित रखने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाएंगे।”
डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के साथ पाम बोंडी उनके मौजूदा कार्यकाल में कैबिनेट छोड़ने वाली तीसरी हाई प्रोफाइल सदस्य बन गई हैं। उनसे पहले नोएम और पिछले साल राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वॉल्ट्ज की विदाई हो चुकी है, जिनकी जिम्मेदारियां अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को दी गई थीं। ट्रंप का कार्यकाल उनके पहले के कार्यकाल से बिल्कुल अलग है।
ईरान जंग के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री ने मांगा सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज का इस्तीफा
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने जनरल रैंडी जॉर्ज को अपना पद छोड़ने के लिए कह दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच यह बड़ा फैसला लिया गया है। पेंटागन ने अभी तक इस फैसले को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी है। पढ़ें पूरी खबर।
