अमेरिका की राजनीति में इतिहास रचने वाली नित्या रमण का सफर दिल्ली की झुग्गियों में रहने वाले लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष से शुरू हुआ था। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने वाली नित्या ने चेन्नई में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम किया और लॉस एंजिल्स में बेघर लोगों की समस्याओं को उठाया। सामाजिक कार्यकर्ता से नेता बनीं नित्या अब लॉस एंजिल्स की पहली दक्षिण एशियाई मूल की मेयर बन गई हैं।
45 वर्षीय नित्या रमण वर्ष 2020 से लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल की सदस्य हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में भी अपना जिला-4 का चुनाव जीता था। उनकी राजनीतिक सफलता के पीछे सामाजिक कार्यों, नागरिक अधिकारों और शहरी समस्याओं को लेकर लंबे समय तक किया गया संघर्ष रहा है।
केरल में जन्म, अमेरिका में हुई पढ़ाई
नित्या वी. रमण का जन्म वर्ष 1981 में केरल के त्रिशूर में हुआ था। उनके पिता वेंकिटरमण केरल स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (KELTRON) में काम करते थे, जबकि उनकी मां सुधा केचेरी इंडियन ओवरसीज बैंक से जुड़ी थीं।
परिवार कुछ समय के लिए तिरुवनंतपुरम के ईस्ट फोर्ट इलाके में रामास्वामी कोविल स्ट्रीट पर भी रहा। बाद में नित्या के पिता उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए। इसके बाद परिवार वापस त्रिशूर आ गया, जहां नित्या ने अपनी शुरुआती पढ़ाई की।
जब वह करीब छह साल की थीं, तब उनका परिवार अमेरिका चला गया। परिवार ने मैसाचुसेट्स के बर्लिंगटन में रहना शुरू किया। नित्या ने आगे चलकर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से सोशल स्टडीज में डिग्री हासिल की। यहीं उनकी मुलाकात अपने भावी पति वाली चंद्रशेखरन से हुई, जो तमिलनाडु से ताल्लुक रखते हैं और टीवी के लिए पटकथा लिखते हैं।
दिल्ली में झुग्गीवासियों के अधिकारों के लिए किया काम
हार्वर्ड से पढ़ाई पूरी करने के बाद नित्या भारत लौट आईं। उन्होंने दिल्ली में झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों के साथ काम करने वाले गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) से जुड़कर अपने सामाजिक कार्यों की शुरुआत की।
उस समय दिल्ली में वर्ष 2010 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियां चल रही थीं। शहर में बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और निर्माण कार्यों के लिए कई झुग्गी-बस्तियों को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी।
नित्या ने झुग्गीवासियों को उनके घरों से बेदखल किए जाने के खिलाफ आंदोलनों का नेतृत्व किया। उन्होंने उन लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई, जिनके पास शहर में रहने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे। इस दौरान उन्हें शहरी विकास, आवास और गरीबों की समस्याओं को करीब से समझने का मौका मिला।
चेन्नई में शुरू की नागरिक सुविधाओं से जुड़ी पहल
दिल्ली के बाद नित्या चेन्नई चली गईं। वर्ष 2010 में उन्होंने ‘ट्रांसपेरेंट चेन्नई’ नाम से एक गैर-लाभकारी संस्था की स्थापना की। इस पहल का उद्देश्य शहर में नागरिक सुविधाओं की कमी को सामने लाना और सरकारी नीतियों को बेहतर बनाने के लिए आंकड़ों का इस्तेमाल करना था।
नित्या और उनके साथियों ने चेन्नई के गरीब इलाकों में सार्वजनिक शौचालयों की मैपिंग की। उन्होंने बस रूट की जानकारी जुटाई और उन झुग्गी-बस्तियों का भी रिकॉर्ड तैयार किया, जो सरकारी नक्शों में शामिल नहीं थीं।
इन आंकड़ों के आधार पर उन्होंने शहर में स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाने और गरीब इलाकों में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने ऐसी नीतियों के खिलाफ अभियान चलाया, जिनके कारण झुग्गीवासियों को अपने घर छोड़ने पड़ते थे।
चेन्नई में किए गए इन कामों ने नित्या को यह समझने में मदद की कि आंकड़ों और नागरिकों की भागीदारी के जरिए शहरों की समस्याओं को कैसे सुलझाया जा सकता है। यही अनुभव आगे चलकर उनकी राजनीतिक यात्रा की नींव बना।
लॉस एंजिल्स में बेघर लोगों की समस्या पर किया काम
वर्ष 2013 में नित्या वापस लॉस एंजिल्स चली गईं। वहां उन्होंने शहर के प्रशासनिक कार्यालय में मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में काम किया। इस दौरान उन्हें शहर में बेघर लोगों की समस्या पर सरकारी खर्च का विश्लेषण करने वाली एक रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी मिली।
इस काम के दौरान उन्होंने महसूस किया कि बेघर लोगों की समस्या से निपटने के लिए केवल सरकारी खर्च का हिसाब रखना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए स्थानीय समुदायों की भागीदारी और जमीनी स्तर पर काम करना भी जरूरी है।
इसी दिशा में उन्होंने वर्ष 2017 में ‘SELAH नेबरहुड होमलेस कोएलिशन’ की स्थापना की। यह संगठन लॉस एंजिल्स में बेघर लोगों की मदद करने और उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए काम करता है।
बेघर लोगों के लिए काम करते हुए नित्या की स्थानीय राजनीति में दिलचस्पी बढ़ी। उन्हें लगा कि शहर की नीतियों में बदलाव लाने और लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए राजनीतिक व्यवस्था का हिस्सा बनना जरूरी है।
2020 में पहली बार चुनाव जीतकर रचा इतिहास
नित्या रमण ने वर्ष 2020 में लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्होंने मौजूदा पार्षद डेविड रयू को हराकर जिला-4 की सीट पर जीत हासिल की। उनकी जीत इसलिए भी ऐतिहासिक रही, क्योंकि 17 साल में पहली बार किसी चुनौती देने वाले उम्मीदवार ने लॉस एंजिल्स के किसी मौजूदा सिटी काउंसिल सदस्य को चुनाव में हराया था।
वर्ष 2024 में नित्या ने एक बार फिर जिला-4 से जीत हासिल की और अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। इसके बाद वह लॉस एंजिल्स की मेयर बनीं और इस पद पर पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई मूल की नेता के रूप में इतिहास रच दिया।
यह भी पढ़ें: लाइव डिबेट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति को पत्रकार ने लगा दिया फोन, फिर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप? VIDEO VIRAL
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी की करारी हार हुई है। अमेरिका के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स ने बहुमत हासिल कर लिया है और रिपब्लिकन्स को हार मिली है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें नतीजे के बीच ही एक एंकर ने राष्ट्रपति ट्रंप को फोन लगा दिया और उन्होंने रिसीव भी किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
