व्हाइट हाउस के पास शनिवार को हुई गोलीबारी में अमेरिकी सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने एक संदिग्ध को मार गिराया और एक राहगीर घायल हो गया। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस परिसर को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, जिसे बाद में हटा लिया गया। एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस समय व्हाइट हाउस के अंदर ही थे और ईरान से संबंधित बातचीत जारी थी।
सीबीएस न्यूज ने मामले से परिचित सूत्रों के हवाले से बताया कि एक संदिग्ध ने व्हाइट हाउस के बाहर अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के सुरक्षा बूथ पर गोलीबारी की। जिसमें कथित तौर पर 10 से 20 गोलियां चलाई गईं। सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक संदिग्ध मारा गया, जबकि गोलीबारी के दौरान एक राहगीर भी घायल हो गया। सूत्रों के अनुसार, सीक्रेट सर्विस के किसी भी अधिकारी को गोली नहीं लगी।
वहीं, U.S. सीक्रेट सर्विस ऑफिस ऑफ़ कम्युनिकेशंस ने एक पोस्ट में कहा, “शनिवार शाम 6 बजे के कुछ देर बाद, 17th स्ट्रीट और पेन्सिलवेनिया एवेन्यू के इलाके में एक आदमी ने अपने बैग से हथियार निकाला और फायरिंग शुरू कर दी। सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध को गोली लगी, जिसे इलाके के हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शूटिंग के दौरान, एक राहगीर को भी गोली लगी… घटना के समय प्रेसिडेंट व्हाइट हाउस में थे…”
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कहा, “एफबीआई घटनास्थल पर मौजूद है और व्हाइट हाउस परिसर के पास हुई गोलीबारी की घटना पर प्रतिक्रिया देने में सीक्रेट सर्विस का सहयोग कर रही है। जैसे ही हमें जानकारी मिलेगी, हम जनता को अपडेट करते रहेंगे।”
यह घटना तब सामने आई जब ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वह ओवल ऑफिस में हैं और ईरान के साथ अंतिम समझौते की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
उन्होंने कहा, “मैं व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में हूं, जहां हमने अभी-अभी सऊदी अरब के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद, संयुक्त अरब अमीरात के मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, कतर के अमीर तमीम बिन हमद बिन खलीफा अल थानी, प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम बिन जाबेर अल थानी और मंत्री अली अल-थवादी, पाकिस्तान के फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर अहमद शाह, तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी, जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय और बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा के साथ ईरान के इस्लामी गणराज्य और शांति से संबंधित एक समझौता ज्ञापन से जुड़े सभी मामलों पर बहुत अच्छी बातचीत की।”
उन्होंने आगे कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका, ईरान और सूचीबद्ध अन्य देशों के बीच एक समझौते पर बातचीत काफी हद तक पूरी हो चुकी है, जिसे अंतिम रूप देना बाकी है। इसके अलावा, मेरी इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी बातचीत हुई, जो बहुत अच्छी रही। समझौते के अंतिम पहलुओं और विवरणों पर फिलहाल चर्चा चल रही है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। समझौते के कई अन्य तत्वों के अलावा, होर्मुज जलडमरूमध्य को खोला जाएगा। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!”
एबीसी के एक पत्रकार ने बताया कि दर्जनों गोलियों की आवाज सुनने के बाद मीडियाकर्मियों को तुरंत प्रेस ब्रीफिंग रूम में ले जाया गया। एबीसी की पत्रकार सेलिना वांग ने X पर एक पोस्ट में कहा, “मैं व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन से अपने आईफोन पर एक सोशल वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी, तभी हमें गोलियों की आवाज सुनाई दी। ऐसा लगा जैसे दर्जनों गोलियां चली हों। हमें प्रेस ब्रीफिंग रूम की ओर दौड़ने के लिए कहा गया, जहां हम अभी मौजूद हैं।”
व्हाइट हाउस के पास सीक्रेट सर्विस की गोली से मारा गया संदिग्ध कौन था? अब तक क्या-क्या पता चला
फॉक्स न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। सूत्रों ने बताया कि मैरीलैंड के इस व्यक्ति का सीक्रेट सर्विस के साथ पहले भी कई बार सामना हो चुका है। बेस्ट को पिछले साल जून में एजेंटों को इशारा करके धमकी देने के आरोप में और दो हफ्ते बाद प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। पढ़ें पूरी खबर।
