White House Dinner Shooting: व्हाइट हाउस संवाददाताओं के डिनर समारोह के दौरान गोलियां चली हैं। वॉशिंगटन हिल्टन होटल में एक हाई प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अलावा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट उन लोगों में शामिल थे। सुरक्षा एजेंसियों ने एक हमलावर को मौके पर ही मार दिया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस हमले को लेकर लिखा, “वॉशिंगटन डीसी में यह एक अलग तरह की शाम रही। सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बेहतरीन काम का नमूना पेश किया है। उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए हमलावर को ठीक समय पर पकड़ लिया। मैंंने इस कार्यक्रम को आगे भी जारी रखने की सिफारिश की है, अंतिम फैसला तो एजेंसियों को लेना है। इतना जरूर लगता है कि अब यह कार्यक्रम पहले से कुछ अलग तरह से आयोजित करना पड़ेगा।” व्हाइट हाउस डिनर समारोह फायरिंग की हर अपडेट जानने के लिए जनसत्ता के लाइव ब्लॉग के साथ जुड़े रहिए-

Live Updates
19:32 (IST) 26 Apr 2026

White House Dinner Shooting LIVE: कार्यक्रम वाले होटल में ही रुका था संदिग्ध - अमेरिकी पुलिस

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़, ट्रंप पर हमला करने वाले संदिग्ध की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफ़ोर्निया के टॉरेंस का है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के अंतरिम चीफ़ जेफ़री कैरोल ने बताया कि वह संदिग्ध उसी होटल का मेहमान था जहां कार्यक्रम हो रहा था. जिस कमरे में वो ठहरा था, उसकी भी जांच हो रही है।

17:27 (IST) 26 Apr 2026

White House Dinner Shooting LIVE: महिला पत्रकार ने सुनाई ट्रंप पर हुई फायरिंग की स्टोरी

CBS News की सीनियर व्हाइट हाउस संवाददाता और White House Correspondents’ Association की अध्यक्ष वेजिया जियांग ने बताया कि इस घटना के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास बैठी थीं। जियांग ने कहा- उस समय मेरे दिमाग में सबसे पहले यही आया कि मेरी 7 साल की बेटी वहां मौजूद थी। मेरे पति, मेरे माता-पिता भी वहीं थे। उन्होंने आगे कहा- जिस रात हम सभी यहां आजादी और पहले संशोधन का जश्न मनाने के लिए एकत्र हुए थे, उसी समय हमें यह भी सोचना पड़ा कि ये कितनी नाजुक हैं, क्योंकि इस देश में हर दिन गोलीबारी या ऐसे हमलों की कोशिशें होती रहती हैं।

16:22 (IST) 26 Apr 2026

White House Dinner Shooting LIVE: ट्रंप ने शूटर को बताया बीमार मानसिकता वाला शख्स

डोनाल्ड ट्रंप ने संदिग्ध शूटर की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह बिना शर्ट पहने, हथकड़ी पहने, कालीन पर औंधा लेटा हुआ है। अधिकारियों ने अभी तक उसकी पहचान की पुष्टि नहीं की है लेकिन कई अमेरिकी समाचार आउटलेट्स ने बताया है कि संदिग्ध कैलिफोर्निया के टोरेंस का रहने वाला 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन है। एएफपी के एक फोटोग्राफर के अनुसार, शनिवार देर रात टॉरेंस में एक दो मंजिला इमारत के बाहर एफबीआई एजेंट देखे गए। ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि वह अकेला ही हमलावर था। उन्होंने आगे कहा कि संदिग्ध का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन उनका मानना ​​है कि बंदूकधारी बीमार मानसिकता वाला था।

15:43 (IST) 26 Apr 2026

अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत का बड़ा बयान

अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत किम डैरोच ने एक पत्रकार से कहा कि इस कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से सुरक्षा संबंधी समस्याएं हैं।

15:38 (IST) 26 Apr 2026

1981 में भी हुई ऐसी घटना

आज की गोलीबारी की घटना कनेक्टिकट एवेन्यू स्थित वॉशिंगटन हिल्टन होटल में हुई, यह वही होटल है जहां 1981 में अमेरिका के 40वें राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर हमला हुआ था और वे घायल हुए थे।

15:36 (IST) 26 Apr 2026

नेतन्याहू ने क्या कहा

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास से वह स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें राहत है कि ट्रंप और फर्स्ट लेडी सुरक्षित हैं।

15:33 (IST) 26 Apr 2026

कैरोलिन लेविट का पुराना बयान वायरल

कैरोलिन लेविट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण को मजेदार करार देते हुए कहा था कि आज कुछ शॉट्स जरूर फायर होंगे। उनका यह बयान शुरुआत में राजनीतिक तंज माना गया, लेकिन बाद में असली फायरिंग की घटना के चलते यह बयान चर्चा का विषय बन गया।

14:02 (IST) 26 Apr 2026

आरोपी कोर्ट में होगा पेश

सोमवार को अमेरिकी अदालत में आरोपी हमलावर को पेश किया जाएगा। इस समय आरोपी पुलिस हिरासत में है।

13:12 (IST) 26 Apr 2026

ट्रंप का बड़ा बयान

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कोई भी देश राजनीतिक हिंसा से अछूता नहीं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वे ऐसे हमलों से रुकने नहीं वाले हैं।

11:24 (IST) 26 Apr 2026

पीएम मोदी क्या बोले?

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राहत की बात है कि ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति इस सुरक्षा घटना में सुरक्षित हैं। उनकी सलामती की कामना करता हूं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए।

10:08 (IST) 26 Apr 2026

मेयर ने क्या जानकारी दी?

वॉशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बोउजर ने बताया कि जिस एजेंट को गोली लगी है, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। साथ ही संदिग्ध को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी जांच की जा रही है।

10:07 (IST) 26 Apr 2026

डेमोक्रेट्स ने की जांच एजेंसी की तारीफ

सोशल मीडिया पर दोनों पार्टियों के कई सांसदों ने राहत जताई कि राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी सुरक्षित हैं। साथ ही उन्होंने United States Secret Service की कार्रवाई की जमकर तारीफ की।

09:38 (IST) 26 Apr 2026

मैं ईरान जंग जीतूंगा-ट्रंप

फायरिंग की घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान जंग का जिक्र किया है। उन्होंने कहा है कि मैं ईरान जंग जीतने वाला हूं, कोई मुझे नहीं रोक सकता है।

09:02 (IST) 26 Apr 2026

फर्स्ट लेडी का क्या हाल?

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के लिए यह फायरिंग की घटना काफी आघातपूर्ण रही, वे डर गई थीं।

09:01 (IST) 26 Apr 2026

हमलावर को लेकर क्या बोले ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि यह हमलावर अकेले ही आया था। ये एक सरफिरा पागल व्यक्ति था। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटना जरूरी है।

08:59 (IST) 26 Apr 2026

एक हमलावर मारा गया

सुरक्षा एजेंसियों ने एक हमलावर को मौके पर ही मार दिया है। उसकी तस्वीर भी जारी की गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कार्रवाई के लिए जांच एजेंसियों की तारीफ की।

08:58 (IST) 26 Apr 2026

कौन-कौन शामिल हुआ था?

कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अलावा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट उन लोगों में शामिल थे। सभी को सुरक्षित निकाला गया।

08:58 (IST) 26 Apr 2026

कैसे हुई फायरिंग की घटना

व्हाइट हाउस संवाददाताओं के डिनर समारोह के दौरान गोलियां चली हैं। वॉशिंगटन हिल्टन होटल में एक हाई प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की।