इजरायल रक्षा बलों के चीफ ऑफ स्टाफ, लेफ्टिनेंट जनरल एयाल ज़मीर ने चेतावनी दी कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच बढ़ते दबाव और सैनिकों की कमी से इजरायली सेना कमजोर पड़ सकती है और टूट भी सकती है। जमीर ने सुरक्षा कैबिनेट की बैठक के दौरान ये टिप्पणियां कीं, जहां उन्होंने सेना की तैयारियों को लेकर गंभीर चिंताएं जताईं।

टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने मंत्रियों से कहा कि मैं आपके सामने 10 खतरे उठा रहा हूं। उन्होंने अनिवार्य सैन्य सेवा कानून, आरक्षित सेवा कानून और सैन्य सेवा के विस्तार सहित तमाम उपायों की तत्काल जरूरत पर जोर दिया। जमीर ने कहा, “आईडीएफ को अब एक अनिवार्य सैन्य सेवा कानून, एक आरक्षित सेवा कानून और सेवा को बढ़ाने के लिए एक कानून की जरूरत है।” उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बिना सेना को जल्द ही नियमित अभियानों को अंजाम देने और संचालन बनाए रखने में कठिनाई हो सकती है।

इजरायली सेना में लगभग 12,000 सैनिकों की कमी

खबर के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब जमीर ने इस मुद्दे पर चिंता जताई है। जनवरी में, उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी कि सैन्य कर्मियों की कमी जल्द ही सेना के संचालन को प्रभावित कर सकती है। सेना ने सांसदों को बार-बार सूचित किया है कि चल रही परिचालन मांगों के बीच उसके पास लगभग 12,000 सैनिकों की कमी है।

इजरायल ने ईरानी नौसेना प्रमुख तंगसिरी को मार गिराने का दावा किया

इजरायल ने गुरुवार को ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौसेना के प्रमुख कमांडर अलीरजा तंगसिरी को मार गिराने का दावा किया। तंगसिरी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की रणनीति की अगुवाई कर रहे थे। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक संक्षिप्त वीडियो संदेश में कहा कि इजरायल ईरान पर पूरी ताकत से हमला करना जारी रखे हुए है। नेतन्याहू ने कहा, ”कल रात हमने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की नौसेना के कमांडर को मार गिराया। इस व्यक्ति के हाथ खून से सने थे और वह होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के लिए भी जिम्मेदार था।” उन्होंने कहा, ”हम ईरान के आतंकी शासन के ठिकानों पर पूरी ताकत से हमले करना जारी रखेंगे।”

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए ईरान को दी गई समय सीमा 6 अप्रैल तक बढ़ा दी है। राष्ट्रपति ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर बमबारी को फिलहाल रोकेंगे।

पढ़ें: US-Israel-Iran War LIVE