अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर धमकी दी है। उनका कहना है कि अब या तो हमारी ईरान के साथ डील होगी या फिर हम काम तमाम कर देंगे। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अमेरिका को सिर्फ एक घंटा लगेगा उसके बड़े ब्रिज खत्म करने में। अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक उन्हें ईरान के साथ फिर जंग नहीं चाहिए, वे मिलिट्री एक्शन नहीं चाहते हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि मैं तो ईरान के साथ डील करना चाहूंगा, मैं नहीं चाहता कि 91 मिलियन लोगों की जिंदगी प्रभावित हो। हम अगर चाहें तो एक घंटे में इनके ब्रिज उड़ा सकते हैं। हम इनकी एनर्जी सप्लाई ध्वस्त कर देंगे। इनके पास कभी बहुत पैसा होता था, लेकिन अब कुछ नहीं है। हमने इन्हें एक पैसा नहीं दिया है।

अमेरिका ईरान से क्या चाहता है?

ट्रंप के अनुसार, अमेरिका का मकसद ईरान की सरकार को हटाना नहीं बल्कि उसे परमाणु हथियार बनाने से रोकना है। इसके लिए अमेरिका चाहता है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह बंद कर दे। हालांकि, दोनों देशों के बीच होने वाले संभावित समझौते की शर्तें अभी स्पष्ट नहीं हैं।

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि हाल ही में अमेरिका द्वारा किए गए सैन्य हमलों से ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास अभी कुछ मिसाइलें बची है लेकिन जरूरत पड़ने पर अमेरिका उन्हें भी खत्म कर सकता है। अब यह कोई पहली बार नहीं है जब ट्रंप इस तरीके से धमकी दे रहे हों। वे लगातार दबाव बनाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। दूसरी तरफ ईरान झुकने के मूड में नहीं है, साफ कह दिया गया है कि अगर अमेरिका की तरफ से कोई हमला होगा तो पलटवार भी उतना ही जोरदार होगा।

ये भी पढ़ें- क्या घटेंगे पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम?