पीओके में जारी अशांति के बीच जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के नेता सरदार अमान खान ने भारत के साथ करीबी रिश्ते बनाने की मांग की है। उनका दावा है कि विरोध प्रदर्शनों पर कड़ी कार्रवाई के बाद इस्लामाबाद ने इस इलाके में आर्थिक नाकेबंदी कर दी है। जेएएसी नेता ने भारत से मानवीय सहायता भेजने और एलओसी पर बॉर्डर खोलने की अपील की। उन्होंने तर्क दिया कि अगर हालात और बिगड़ते हैं, तो आम नागरिकों के पास भारत जाने का विकल्प होना चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में खान को यह कहते हुए सुना गया, “हमें भारत की मदद चाहिए। राशन की कमी है और हमें आपकी मदद की जरूरत है।” उन्होंने दावा किया कि सुरक्षा बलों की ओर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने से पीओके के लोगों को खाने और दवाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह से भारी संकट पैदा हो गया है।
हमारे पास भी दूसरे रास्ते हैं- खान
रावलकोट के ईदगाह मैदान में भारी भीड़ को संबोधित करते हुए, खान ने लोगों से पूछा कि क्या उन्हें एलओसी की ओर बढ़ना चाहिए। भीड़ की ओर से बार-बार जवाब दिया गया, “उसकी ओर बढ़ो।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अधिकारी लोगों की मांगों का जवाब गोलियों से देते हैं, तो “हमारे पास भी दूसरे रास्ते हैं।”
जेएएसी नेता ने पुंछ और डोडा सेक्टर में एलओसी खोलने की भी अपील की। उन्होंने दावा किया कि इस्लामाबाद की कार्रवाई से इलाके में रहने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ रही हैं। हालांकि, जनसत्ता इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पीओके में अशांति का माहौल
पीओके में पिछले महीने से पाकिस्तानी प्रशासन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। पिछले हफ्ते ईदगाह मैदान में हुई एक रैली में लोगों ने पीओके पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है और हमें आजादी चाहिए जैसे नारे लगाए। इससे इस बात का पता चलता है कि जो विरोध प्रदर्शन सुधारों की मांग को लेकर शुरू हुए थे, वो अब आजादी की मांग में तब्दील हो गया है।
पांच जून को पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से जेएएसी को गैर-कानूनी घोषित करने और इस जमीनी स्तर के संगठन को आतंकवादी संगठन करार देने के बाद पीओके में अशांति और बढ़ गई थी। इंटरनेशनल सेंटर फॉर पीस स्टडीज की हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि इस्लामाबाद लंबे समय से पाकिस्तान की मुख्यधारा की पार्टियों के जरिये इस क्षेत्र पर राजनीतिक नियंत्रण बनाए हुए है। इन पार्टियों का दशकों से सत्ता पर कब्जा रहा है और स्थानीय राजनीतिक समूहों के लिए जगह लगातार कम होती गई है।
यह भी पढ़ें: पीओके में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाकिस्तानी फोर्स ने की गोलीबारी, कई लोग घायल
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में रविवार को जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी कमेटी (JAAC) के शांतिपूर्ण प्रदर्शन रैली पर पाकिस्तानी फोर्स ने गोलियां चला दीं। न्यूज एजेंसी एएनआई के रिपोर्ट के मुताबिक, JAAC के अनुसार अब्बासपुर के सरदार गुलाम हुसैन खान स्पोर्ट्स स्टेडियम में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं समेत करीबन 40000 लोग विरोध प्रदर्शन में जुटे थे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
