Vladimir Putin: यूक्रेन से जारी युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को पड़ोसी देश बेलारूस में सामरिक परमाणु हथियारों की तैनाती करने का ऐलान कर दिया। पुतिन की इस योजना की घोषणा को यूक्रेन में सैन्य सहयोग बढ़ा रहे पश्चिमी देशों के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। दुनिया की प्रमुख परमाणु महाशक्ति संयुक्त राज्य अमेरिका ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बयान पर सावधानीपूर्वक प्रतिक्रिया दी है।
सामरिक परमाणु हथियारों को लेकर दुनिया में हलचल
US प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं था कि मास्को ने अपने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की योजना बनाई थी। अधिक शक्तिशाली और लंबी दूरी के रणनीतिक परमाणु हथियारों के विपरीत सामरिक परमाणु हथियारों का मकसद युद्ध के मैदान में इस्तेमाल करना होता है। व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यह योजना यूक्रेन को ‘डिप्लेटेड यूरेनियम’ वाला गोला-बारूद देने की ब्रिटेन की योजना की जवाबी प्रतिक्रिया है। पुतिन ने पहले दावा किया था कि ये गोला-बारूद परमाणु घटक से लैस हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने लहजे को नरम किया।
NATO देशों से घिरे बेलारूस की मांग का दिया हवाला
एक सरकारी टेलीविजन चैनल पर शनिवार रात को प्रसारित इंटरव्यू में पुतिन ने कहा कि ये हथियार यूक्रेन में सैन्य बलों एवं असैन्य नागरिकों के लिए अतिरिक्त खतरा पैदा करते हैं। उन्होंने बताया कि बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जैंडर लुकाशेंको उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) देशों पोलैंड, लिथुआनिया और लातविया से घिरे होने के कारण काफी समय से इन हथियारों की मांग कर रहे हैं। लुकाशेंको की ओर से फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। पुतिन ने साफ कहा कि बेलारूस में इन हथियारों के भंडारण के लिए उचित ढांचों का निर्माण एक जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
1990 के दशक के मध्य के बाद पहली बार रूस का बड़ा कदम
अंतरराष्ट्रीय मामलों के एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह अप्रत्याशित नहीं है। पुतिन ने कहा था कि यह कदम परमाणु अप्रसार के वादों का उल्लंघन नहीं करेगा। वहीं, यह ऐलान 13 महीने पहले यूक्रेन पर आक्रमण की शुरुआत के बाद से रूस के सबसे स्पष्ट परमाणु संकेतों में से एक है। पुतिन ने अपनी योजनाओं की तुलना अमेरिका द्वारा यूरोप में अपने हथियार तैनात करने से की और कहा कि रूस बेलारूस को नियंत्रण स्थानांतरित नहीं करेगा। लेकिन 1990 के दशक के मध्य के बाद यह पहली बार हो सकता है कि रूस देश के बाहर इस तरह के हथियारों का आधार बना रहा है।
Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन वार का एक साल हुआ पूरा, क्या बोले यूक्रेन के लोग? Video
बेलारूस में सामरिक परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम 10 विमान तैनात
रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस ने बेलारूस में सामरिक परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम 10 विमान तैनात किए हैं। इससे पहले भी रूस ने यूक्रेन में सेना भेजने के लिए बेलारूस के क्षेत्र का इस्तेमाल किया है। कीव पर आक्रमण के बीच मॉस्को और मिन्स्क ने करीबी सैन्य संबंध बरकरार रखे हैं। हालांकि, बेलारूसी सेना ने औपचारिक रूप से यूक्रेन में लड़ाई नहीं लड़ी है। मिन्स्क ने मास्को को पिछले साल यूक्रेन में सेना भेजने के लिए बेलारूसी क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति दी और दोनों देशों ने संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण को आगे बढ़ाया।