US midterm elections: अमेरिका के मिड टर्म चुनाव में भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर पद का चुनाव हार गए। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार एमी एक्टन ने उन्हें करीब छह प्रतिशत मतों से शिकस्त दी।
विवेक रामास्वामी की यह हार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि रामास्वामी ट्रंप के करीबी सहयोगी हैं और ओहायो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का गृह राज्य भी है।
डेमोक्रेटिक पार्टी को यह जीत ऐसे समय में मिली है, जब चुनाव प्रचार के दौरान रिपब्लिकन पार्टी के भीतर ही मतभेद सामने आ गए थे। एमी एक्टन को 51 फीसदी से ज्यादा वोट मिले, जबकि रामास्वामी को करीब 45 फीसदी वोट मिले।
ओहायो में रामास्वामी की हार के अलावा न्यू हैम्पशायर, नॉर्थ कैरोलिना, टेक्सास और साउथ कैरोलिना जैसे अहम राज्यों में भी रिपब्लिकन उम्मीदवारों को डेमोक्रेटिक पार्टी के हाथों हार मिली।
चुनाव नतीजों पर विवेक रामास्वामी ने कहा कि उनका मानना है कि हर घटना के पीछे कोई न कोई वजह होती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में ओहायो और अमेरिका के हालात बेहतर होंगे।
विवेक रामास्वामी कहा, “मुझे भरोसा है कि कभी-कभी कुछ घटनाएं किसी खास वजह से होती हैं। ईश्वर की अपनी योजना है और हम उसके बनाए रास्ते पर चलने वाले लोग हैं।” उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी विश्वास है कि ओहायो और अमेरिका के लिए सबसे अच्छे दिन आने बाकी हैं।
एमी एक्टन के खिलाफ एक विज्ञापन पड़ा भारी
ओहायो में चुनाव प्रचार के दौरान दोनों उम्मीदवारों के बीच तीखी टक्कर देखने को मिली। विवेक रामास्वामी के प्रचार अभियान के दौरान एक विवादित विज्ञापन जारी किया गया। इसमें एमी एक्टन की अलग रह रही मां डोना आर्थर उनकी आलोचना करती नजर आईं।
बाद में डोना आर्थर ने विज्ञापन में अपनी बेटी के बचपन में हुए दुर्व्यवहार के दावों को खारिज किया और विवेक रामास्वामी को झूठा बताया। इस विज्ञापन ने मतदाताओं को बांट दिया। इसे लेकर रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी अलग-अलग राय सामने आई।
शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी ओहायो में एक चुनावी सभा के दौरान विवेक रामास्वामी ने इस विज्ञापन का बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह विज्ञापन दुर्व्यवहार के बारे में नहीं, बल्कि सच बोलने के बारे में है।
ओहायो में जीत के साथ 60 वर्षीय एमी एक्टन राज्य की पहली महिला गवर्नर बन गई हैं। एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, रामास्वामी को चुनाव में हार तब मिली, जब उनकी और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की राजनीतिक टीमों के कई बड़े रणनीतिकार उन्हें सलाह दे रहे थे।
भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता रामास्वामी का जन्म सिनसिनाटी में हुआ था। उनके माता-पिता भारत से अमेरिका आकर बसे थे। वह अमेरिका के पहले हिंदू गवर्नर बनने की कोशिश कर रहे थे।
यह भी पढ़ें-क्या डोनाल्ड ट्रंप के राजनीतिक दौर का अंत शुरू? जानिए मिड टर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के मायने
US midterm elections: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मतदाताओं से बार-बार अपील की थी कि वे मध्यावधि चुनाव में उन्हें भी उम्मीदवार मानकर वोट दें। मतदाताओं ने ऐसा ही किया, लेकिन इसका नतीजा डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी के लिए बेहद निराशाजनक रहा। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
