अमेरिका के वर्जीनिया शहर की स्टेट यूनिवर्सिटी में गोलीबारी की घटना सामने आई हैं। इस गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद शनिवार तड़के कैंपस को अस्थायी तौर बंद कर दिया गया है।
स्थानीय मीडिया ने यूनिवर्सिटी अधिकारियों के हवाले से बताया कि वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में गोलीबारी हुई है, पांच लोग घायल हुए हैं, उनमें से एक ही हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया
एपी के मुताबिक, अधिकारियों ने आगे बताया कि बाकी चार घायलों की जान को कोई खतरा नहीं है। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया।
गोलीबारी की यह घटना यूनिवर्सिटी के ‘क्वाड एनेक्सेस’ के पास बोइस्यू स्ट्रीट पर हुई है। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे पुलिस अधिकारी बोइस्यू स्ट्रीट के 3300 ब्लॉक में पहुंचे, जहां उन्हें VSU के रेजिडेंस हॉल के बाहर गोली लगने से घायल हुए पांच लोग मिले।
गोलीबारी में कई संदिग्ध शामिल
वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी ने बताया कि गोलीबारी में कई संदिग्ध शामिल थे। हालांकि गोलीबारी की वजह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही अभी तक किसी भी सदिग्ध की पहचान हो सकी है और न ही किसी की गिरफ्तारी सामने आई है।
गोलीबारी के बाद यूनिवर्सिटी ने शुरू में कैंपस को अस्थायी तौर पर बंद (लॉकडाउन) कर दिया था। कुछ घंटे बाद लॉकडाउन हटा लिया गया है और कैंपस में सामान्य आवाजाही फिर से शुरू हो सकती है। हालांकि गोलीबारी की घटना की जांच के दौरान कैंपस में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात दिखाई दिया।
चेस्टरफील्ड काउंटी पुलिस जांच में जुटी हुई है, इसमें वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी पुलिस, ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स और हनोवर काउंटी शेरिफ ऑफिस की टीमें शामिल हैं।
पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
इधर अधिकारियों ने गोलीबारी को लेकर लोगों से मदद मांगी है, उन्होंने कहा है कि अगर किसी के पास गोलीबारी के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे इन नंबरों पर संपर्क करें: चेस्टरफ़ील्ड काउंटी पुलिस: 804-748-1251, क्राइम सॉल्वर्स: 804-748-0660 और VSU पुलिस: 804-524-5411. इस मामले की जांच चल रही है और अधिकारियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि गोलीबारी किस वजह से हुई।
वर्जीनिया स्टेट पुलिस ने सवालों के लिए स्थानीय पुलिस का जिक्र किया और कहा कि वही जांच की अगुवाई कर रही है।
वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी, वर्जीनिया के एट्रिक में स्थित एक ऐतिहासिक रूप से अश्वेत यूनिवर्सिटी है। यह राज्य की राजधानी रिचमंड से लगभग 24 मील दक्षिण में है। इस पब्लिक यूनिवर्सिटी में लगभग 5,700 छात्र हैं और यह अश्वेत अमेरिकियों के लिए पूरी तरह से राज्य द्वारा समर्थित पहला चार साल का कॉलेज था। इसके ज़्यादातर छात्र अंडरग्रेजुएट हैं।
वर्जीनिया स्टेट में एकेडमिक साल शुरू होने से ठीक पहले गोलीबारी की घटना हुई। यूनिवर्सिटी की वेबसाइट के अनुसार, छात्रों के लिए रेजिडेंस हॉल एक हफ्ते पहले ही खुल गए थे और सोमवार से क्लास शुरू होने वाली हैं। कई छात्रों ने नए आने वाले छात्रों के लिए यूनिवर्सिटी का “न्यू ट्रोजन एक्सपीरियंस” प्रोग्राम अभी-अभी पूरा किया था।
यह भी पढ़ें: ‘एयर फोर्स वन पर हमले का ज्यादा खतरा था’, ट्रंप का खुलासा- सीक्रेट सर्विस ने बीच सफर में बदलवाया विमान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि पिछले महीने तुर्किये दौरे के दौरान सुरक्षा खतरे की आशंका के चलते उन्हें एयर फोर्स वन छोड़कर दूसरे सैन्य विमान से यात्रा करनी पड़ी। ट्रंप ने कहा कि यह फैसला अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और सेना की सलाह पर लिया गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
