Marco Rubio India Visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के आगामी भारत दौरे से ठीक पहले अमेरिकी राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अमेरिका के छह डेमोक्रेटिक सांसदों ने विदेश मंत्री रुबियो को एक संयुक्त पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे अपनी भारत यात्रा के दौरान भारतीय अधिकारियों के समक्ष छात्रों के विरोध प्रदर्शनों, मानवाधिकारों और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।

विदेश मंत्री मार्को रुबियो को पत्र भेजने वाले सांसदों में प्रमिला जयपाल, इलहान उमर, जिम मैक्गवर्न, रशीदा तलाइब, एलिनॉर होम्स नॉर्टन और जीसस गार्सिया शामिल हैं। इन सांसदों ने वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास और अन्य अमेरिकी शहरों के वाणिज्य दूतावासों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

स्वतंत्रता से जांच कराने की मांग

डेमोक्रेटिक सांसदों का दावा है कि भारतीय मिशनों ने अमेरिका में CJP के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों की निगरानी करने के लिए फोटोग्राफरों को तैनात किया था। सांसदों ने विदेश मंत्रालय से इन आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। यह पत्र ऐसे समय में आया है जब मार्को रुबियो अगले हफ्ते भारत के आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं।

अपने इस दौरे के दौरान वे मुंबई में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। अमेरिकी सांसदों ने रुबियो से कहा है कि वे इस दौरे का उपयोग दोनों देशों के लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की आजादी और मौलिक अधिकारों से जुड़े इन संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा करने के लिए करें।

SIR अभियान और मतदाता सूची से नाम हटाने पर जताई चिंता

सांसदों ने अपने पत्र में भारत में चल रहे ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) अभियान का भी जिक्र किया। कांग्रेसवुमन प्रमिला जयपाल ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची से लगभग 13 करोड़ (130 मिलियन) मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। उन्होंने CJP के समर्थन में आवाज उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों पर पुलिस बल के कथित अत्यधिक इस्तेमाल पर गहरी चिंता व्यक्त की।

‘आंतरिक मामलों में बर्दाश्त नहीं हस्तक्षेप’

अमेरिकी सांसदों के इन आरोपों पर भारत पहले भी कड़ा रुख अपना चुका है। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने प्रमिला जयपाल के बयानों को सीधे तौर पर खारिज करते हुए इन्हें भारत के आंतरिक मामलों में पूरी तरह से अस्वीकार्य हस्तक्षेप करार दिया था। भारतीय पक्ष का हमेशा से स्पष्ट मानना रहा है कि भारत एक मजबूत और स्वतंत्र न्यायपालिका वाला लोकतंत्र है, जहां सभी प्रक्रियाएं कानून के तहत पूरी होती हैं।

अमेरिकी नेता अजय जैन ने की अपने ही सांसदों की आलोचना

इस मुद्दे पर अमेरिकी राजनीति में भी दो फाड़ देखने को मिल रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के सलाहकार और वरिष्ठ डेमोक्रेटिक नेता अजय जैन भूटोरिया ने प्रमिला जयपाल और अन्य सांसदों के पत्र की सख्त आलोचना की।

भूटोरिया ने X (ट्विटर) पर लिखा कि भारत 90 करोड़ से अधिक मतदाताओं और स्वतंत्र मीडिया वाला दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। अमेरिकी संसद को भारत के आंतरिक मामलों में भाषण देने का कोई अधिकार नहीं है और ऐसे बयानों से भारत-अमेरिका के रणनीतिक संबंधों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने सांसदों को अमेरिका की अपनी समस्याओं पर ध्यान देने की सलाह दी।

यह भी पढ़ें: भारत पर अब टैरिफ नहीं लगाएगा अमेरिका, डोनाल्ड ट्रंप ने रूस पर प्रतिबंध लगाने के कानून पर लगाई रोक

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर रूस की अर्थव्यवस्था को निशाना बनाने वाले व्यापक प्रतिबंधों पर फिलहाल रोक लगा दी। उन्होंने अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को बताया कि यह फैसला अमेरिका के राष्ट्रीय हित में लिया गया है। अक्टूबर की शुरुआत में कानून बने ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट, 2026’ के तहत अमेरिका को भारत पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का अधिकार मिला था। पढ़िए पूरी खबर…