ईरान के सरकारी मीडिया ने गुरुवार को पहली बार उन फुटेज को जारी किया जिनमें दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के आवासीय परिसर के अंदर हुए नुकसान को दिखाया गया है। यह फुटेज उस दिन जारी किया गया जिस दिन खामेनेई को मशहद में दफनाया जाना था। खामेनेई 28 फरवरी को हुए अमेरिकी-इजरायली हमले में मारे गए थे।

28 फरवरी को हुए हमले में खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई घायल हो गए थे। इसी हमले में मोजतबा की पत्नी जहरा, उनके बेटे मोहम्मद बगेर और अली खामेनेई की 14 महीने की पोती की भी मौत हो गई थी। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के कारण खामेनेई का अंतिम संस्कार मार्च से जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।अयातुल्ला अली खामेनेई का जनाजा बुधवार को इराक के नजफ शहर में हजारों शोकाकुल लोगों की मौजूदगी में उठाया गया।

वीडियो में क्या दिखाया गया है?

ईरानी मीडिया द्वारा साझा किए गए वीडियो में तेहरान में खामेनेई के आवासीय परिसर के हॉल में काफी नुकसान और मलबा दिखाई दे रहा है। इसमें खंडहर में तब्दील हो चुकी विशाल इमारतें और मलबे के ढेर दिखाई दे रहे हैं जो अमेरिकी-इजरायल संयुक्त हमलों का परिणाम हैं। बेयत-ए रहबरी के नाम से जाना जाने वाला यह परिसर ईरान के सर्वोच्च नेता का मुख्यालय है और इस्लामी गणराज्य में राजनीतिक और धार्मिक सत्ता का केंद्र माना जाता है।

खामेनेई का अंतिम संस्कार

वहीं, दूसरी ओर ईरान में खामेनेई के कई दिन तक चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को हुई थी। खामेनेई का पार्थिव शरीर मंगलवार को इराक के उस शहर में लाया गया जिसे दुनिया भर के लाखों शिया मुसलमानों के लिए सबसे पवित्र शहरों में से एक माना जाता है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, विदेश मंत्री अब्बास अरागची और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी नजफ पहुंचे। इस दौरान कुछ लोग दिवंगत सर्वोच्च नेता की तस्वीरें लिए हुए थे जबकि अन्य लोग सड़कों पर मातम करते नजर आए। खामेनेई का पार्थिव शरीर एक ताबूत में रखा गया जिस पर ईरान का झंडा लिपटा था और इसे कांच से ढका गया।

यह भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान पर किए बड़े हमले

अमेरिका ने बुधवार को ईरान पर एक बार फिर बड़े पैमाने पर सैन्य हमले शुरू किए। अमेरिकी सेना का कहना है कि इन हमलों का मकसद होर्मुज जलमार्ग (Strait of Hormuz) में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। ईरान पर अमेरिकी हवाई हमलों के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अमेरिका हर हमले का कई गुना ताकत से जवाब देगा। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें