ईरान के खिलाफ युद्ध में भाग ले रहा एक अमेरिकी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने गुरुवार को बताया कि अमेरिकी सैन्य ईंधन भरने वाला विमान (Military Refueling Plane) इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसके बाद बचाव कार्य जारी है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि दुर्घटना में कोई हताहत हुआ है या नहीं। सेना ने एक बयान में कहा कि दुर्घटना गोलीबारी या हमले के कारण नहीं हुई।
एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि दुर्घटनाग्रस्त KC-135 विमान में कम से कम पांच चालक दल के सदस्य सवार थे। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा कि इस घटना में दो विमान शामिल थे जिनमें से एक सुरक्षित रूप से उतर गया जबकि दूसरा पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एक दूसरे अमेरिकी अधिकारी ने भी नाम न बताने की शर्त पर कहा कि दुर्घटना में शामिल दूसरा विमान भी KC-135 टैंकर था।
इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने ली विमान को गिराने की जिम्मेदारी
वहीं, ईरान समर्थित सशस्त्र गुटों के संगठन, इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने गुरुवार को पश्चिमी इराक में अमेरिकी सैन्य ईंधन भरने वाले विमान को गिराने की जिम्मेदारी ली है। समूह ने एक बयान में कहा कि उसने केसी-135 विमान को अपने देश की संप्रभुता और हवाई क्षेत्र की रक्षा में मार गिराया।यह दावा अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के बयान के विपरीत है जिसने गुरुवार को बताया था कि फ्रेंडली एयरस्पेस में हुई घटना में दो विमान शामिल थे। एक विमान पश्चिमी इराक में गिरा जबकि दूसरा इज़रायल में सुरक्षित उतर गया।
ईरान युद्ध में अब तक 7 अमेरिकी सैनिक शहीद
केंद्रीय कमान ने कहा, “स्थिति में जैसे-जैसे प्रगति होगी और अधिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। हम आपसे धैर्य बनाए रखने का अनुरोध करते हैं ताकि अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा सके और सैन्य कर्मियों के परिवारों को सहायता प्रदान की जा सके।”
यह टैंकर अमेरिकी सेना द्वारा ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के तहत सार्वजनिक रूप से स्वीकार की गयी चौथी विमान दुर्घटना है। पिछले सप्ताह, तीन अमेरिकी लड़ाकू विमानों को गलती से कुवैती सेना की गोलीबारी में मार गिराया गया था। अमेरिका ने बताया कि F-15E स्ट्राइक ईगल्स से सभी 6 चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए और बचाए जाने के बाद उनकी हालत स्थिर थी। ईरान युद्ध में अब तक 7 अमेरिकी सैनिक शहीद हो चुके हैं जबकि लगभग 140 अमेरिकी सैन्य कर्मी घायल हुए हैं।
डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रक्षा सचिव पीट हेगसेथ दोनों ने चेतावनी दी है कि ईरान युद्ध समाप्त होने से पहले संभवतः और अधिक अमेरिकी नागरिकों की जान ले लेगा। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान में दमनकारी साम्राज्य को रोकना उनके लिए तेल की कीमतों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है इसलिए जब तेल की कीमतें बढ़ती हैं तो हमें बहुत फायदा होता है। राष्ट्रपति के रूप में मेरे लिए कहीं अधिक महत्वपूर्ण मुद्दा ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है ताकि वह पश्चिम एशिया और वास्तव में पूरी दुनिया को नष्ट न कर दे।”
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने दिखाया सख्त रुख
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने पद संभालने के बाद अपने पहले संदेश में कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद रहना चाहिए। खामेनेई ने कहा कि वह उन बहादुर लड़ाकों को धन्यवाद देना चाहते हैं जो ऐसे समय में बेहतरीन काम कर रहे हैं जब उनका देश दबाव और हमलों से घिरा हुआ है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(एपी के इनपुट के साथ)
