अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों का विस्तार करने की धमकी दी है, जिसमें देश के पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि ईरान अगर परमाणु वार्ता में लौटने से इनकार करता है तो अगले सप्ताह स्थिति वास्तव में खराब हो जाएगी।

ट्रम्प ने फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “अगले हफ्ते उनके लिए हालात बहुत खराब हो जाएंगे। अगर वे बातचीत के लिए आगे नहीं आते हैं तो हम उनके सभी बिजली संयंत्रों को नष्ट कर देंगे। हम उनके सभी पुलों को तोड़ देंगे।” ट्रंप की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब दोनों देशों के बीच लगातार चौथे दिन भी हमले जारी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान बातचीत के लिए वापस नहीं आता है तो देश उसे कड़ी सजा देगा।

ईरान के रक्षा और मिसाइल ठिकानों पर हमले किए

अमेरिकी सेना की मध्य कमान ने बुधवार को कहा कि उसने होर्मुज जलमार्ग में स्थित ग्रेटर टुनब द्वीप पर ईरान के रक्षा और मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए हैं। यह द्वीप होर्मुज में रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है, जिस पर ईरान ने 1971 में उस समय कब्जा कर लिया था जब संयुक्त अरब अमीरात मौजूदा स्वरूप में नहीं था। अमेरिकी सेना की मध्य कमान ने कहा कि उसने द्वीप पर लक्षित ठिकानों पर 90 मिनट तक हवाई हमले किए। उसने कहा, ”इन हमलों से होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने की ईरान की क्षमता कमजोर हुई है।”

अमेरिकी सेना के ईरान पर हवाई हमले

इससे पहले अमेरिकी सेना ने बुधवार को कहा कि उसने दिन के समय ईरान को निशाना बनाकर हवाई हमलों का नया दौर शुरू किया है। अमेरिकी सेना की मध्य कमान ने ऑनलाइन जारी एक बयान में इन हमलों की शुरुआत की पुष्टि की। हाल के दिनों में अमेरिका ने ईरान पर केवल रात के समय हमले किए थे। अमेरिकी सेना की मध्य कमान ने कहा, ”इन हमलों का उद्देश्य उन सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल ईरानी बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले करने के लिए किया है।”

यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान युद्ध में अब तक 13 भारतीयों की मौत

अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से खाड़ी क्षेत्र में कम से कम 13 भारतीयों की मौत हो चुकी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 13 भारतीय मारे गए हैं और तीन लापता हैं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें