अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि ईरान के साथ शांति समझौते पर काफी हद तक बातचीत हो चुकी है। जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल है। ट्रंप के अनुसार, औपचारिक घोषणा से पहले समझौते के अंतिम विवरण पर चर्चा चल रही है।
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि प्रस्तावित समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोला जाएगा। उन्होंने कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और सूचीबद्ध अन्य विभिन्न देशों के बीच एक समझौते पर काफी हद तक बातचीत हो चुकी है, जिसे अंतिम रूप देना बाकी है।” ट्रंप ने आगे कहा कि उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से अलग से बात की। नेतन्याहू से बातचीत काफी अच्छी रही।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “इसके अलावा, मेरी इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी बात हुई, जो बहुत अच्छी रही। समझौते के अंतिम पहलुओं और विवरणों पर फिलहाल चर्चा चल रही है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।”
ईरान ने भी कहा कि वे युद्ध समाप्त करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ काम कर रहे हैं।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा, “इस समय हमारा ध्यान थोपे गए युद्ध को समाप्त करने पर है। हमारा इरादा सर्वप्रथम 14 खंडों वाले एक समझौता ज्ञापन पर सहमति बनाने का रहा है। जिन मुद्दों पर चर्चा हो रही है, उन युद्धों (लेबनान सहित सभी मोर्चों पर) को समाप्त करने पर केंद्रित हैं। प्रमुख विषयों में अमेरिकी समुद्री हमलों, या जैसा कि वे स्वयं इसे नौसैनिक नाकाबंदी कहते हैं, की समाप्ति और ईरान की जब्त संपत्तियों की रिहाई से संबंधित अन्य मुद्दे शामिल हैं।”
यूरेनियम छोड़ने को तैयार हुआ ईरान, न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में बड़ा दावा
ईरान-अमेरिका शांति समझौते के बीच अब तक की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। ईरान अब एनरिच्ड यूरेनियम छोड़ने के लिए राजी हो गया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते के तहत एनरिच्ड यूरेनियम के अपने भंडार को छोड़ने के लिए सहमति व्यक्त की है। इस समझौते का उद्देश्य चल रहे संघर्ष को समाप्त करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना है। पढ़ें पूरी खबर।
