अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका होर्मुज जलमार्ग पर कब्जा कर लेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जलमार्ग को नियंत्रित करने के लिए उसे मुआवजा दिया जाना चाहिए क्योंकि पश्चिम एशिया में शत्रुता जारी है और ईरान बहरीन, कुवैत, ओमान और जॉर्डन सहित खाड़ी देशों पर हमला कर रहा है ।

फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हम जलमार्ग को अपने पास रखेंगे और शायद हम ही इस पर अपना नियंत्रण स्थापित करेंगे। हम जलमार्ग के संरक्षक बन जाएंगे। हम इसे जलमार्ग का रक्षक देवदूत कहेंगे और इसके लिए हमें मुआवजा मिलना चाहिए।” होर्मुज का जिक्र करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हम इसकी रक्षा करेंगे। इसकी रक्षा करने के लिए हमें भुगतान मिलेगा, काफी पैसा। हमें इसकी भरपाई की जाएगी क्योंकि अन्य राष्ट्र बहुत धनी हैं। वे हमारे साथ हैं और हमसे यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि हम यह मुफ्त में करें।”

ईरान ने दी धमकी

वहीं, दूसरी ओर ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि होर्मुज जलमार्ग में नॉर्मल शिपिंग ट्रैफिक बहाल करने का एकमात्र तरीका इस महत्वपूर्ण जलमार्ग में अमेरिकी सेना के हस्तक्षेप को समाप्त करना है। आईआरजीसी ने साथ ही यह धमकी दी कि निरंतर हस्तक्षेप वैश्विक तेल और गैस क्षेत्र में बड़ी घटनाओं को जन्म दे सकता है।

ईरान को ऐसे नष्ट कर दिया जाए जैसा उसने पहले कभी न देखा हो- ट्रंप ने दी धमकी

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि उन्होंने अपनी सेना को यह स्थायी आदेश दे रखा है कि अगर तेहरान उन्हें मारने की अपनी पुरानी धमकियों पर अमल करता है तो ईरान को ऐसे स्तर तक नष्ट कर दिया जाए जैसा उसने पहले कभी न देखा हो। ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि ईरान ने उनकी हत्या करने या हत्या की कोशिश करने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि 1,000 मिसाइल लॉक और लोड करके ईरान की ओर तान दी गई हैं और अगर ईरान सरकार अपनी धमकी पर अमल करती है तो तुरंत हज़ारों अन्य मिसाइल दागी जाएंगी। इसके कुछ घंटों बाद ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने कहा कि ईरानी उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या का बदला लेना जारी रखेंगे।

यह भी पढ़ें: ईरान ने खारिज किए समुद्री यातायात को लेकर अमेरिका के दावे

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा है कि जलमार्ग खुला हुआ है और जहाज निकल रहे हैं। अमेरिका ने कहा है कि होर्मुज का कोई कंट्रोल नहीं रहा है। वहीं अमेरिका के दावों को तेहरान ने खारिज कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें