US Presidential Polls 2016: भारतीय अमेरिकी इतिहास बनाने के कगार पर
भारतीय...अमेरिकी इतिहास बनाते प्रतीत हो रहे हैं क्योंकि इस समुदाय से रिकार्ड संख्या में लोगों के आम चुनाव में निर्वाचित होने की पूरी संभावना है।
भारतीय…अमेरिकी इतिहास बनाते प्रतीत हो रहे हैं क्योंकि इस समुदाय से रिकार्ड संख्या में लोगों के आम चुनाव में निर्वाचित होने की पूरी संभावना है। देश की आबादी में करीब एक प्रतिशत इस समुदाय के लोग हैं। अगर स्थानीय चुनाव और राजनीतिक पंडितों पर भरोसा किया जाए तो अमेरिकी सीनेट में भारतीय..अमेरिकियों के भी प्रतिनिधि होंगे जिनमें एक महिला कमला हैरिस भी हैं जो दो बार से कैलिफोर्निया की एटार्नी जनरल हैं। उनके साथ सिएटल से प्रमिला जयपाल के भी प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित होने की संभावना है। प्रतिनिधि सभा भारतीय संसद में लोकसभा के समान है। दोनों का संबंध चेन्नई से है और कांग्रेस में जाने का यह उनका पहला प्रयास है। कमला की मां चेन्नई की हैं और प्रमिला का जन्म चेन्नई में हुआ था।
प्रमिला (51 साल) प्रगतिशील एजेंडा के साथ चुनाव मैदान में हैं और सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने उनका समर्थन किया है। कमला :51 साल: को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ‘‘निडर’’ बताया था। ओबामा ने कुछ महीने पहले उनका समर्थन किया था और एक वीडियो रिकार्ड कराया था जिसे अभी कैलिफोर्निया में दिखाया जा रहा है।
ओबामा ने भारतीय..अमेरिकी राजा कृष्णमूर्ति (42 साल) का भी समर्थन किया है जो शिकागो उपनगरीय क्षेत्र से प्रतिनिधि सभा में प्रवेश करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। राजा का जन्म 1973 में दिल्ली में हुआ था और उनके माता..पिता तमिलनाडु से हैं। उनके माता..पिता अमेरिका आकर बस गए थे जब राजा महज तीन महीने के ही थे।राजनीतिक पंडित उनकी सीट को डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए सबसे सुरक्षित सीटों में से एक मान रहे हैं।
Hindi News से जुड़े अपडेट और व्यूज लगातार हासिल करने के लिए हमारे साथ फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल के साथ गूगल प्लस पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App