अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके देश को तेल की बढ़ती कीमतों से आर्थिक लाभ हो सकता है लेकिन ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना उनकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर है।
अमेरिका और इजरायल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमला शुरू करने के बाद से तेल की कीमतें उच्च स्तर पर बनी हुई हैं। ईरान के हमलों के कारण कच्चे तेल की कीमतें 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं।
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है, इसलिए जब तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो हमें बहुत फायदा होता है। लेकिन राष्ट्रपति के रूप में मेरे लिए कहीं अधिक महत्वपूर्ण मुद्दा ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है ताकि वह पश्चिम एशिया और वास्तव में पूरी दुनिया को नष्ट न कर दे।”

ट्रंप ने कहा है कि वह ऐसा कभी नहीं होने देंगे।
एक दिन पहले ही ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ युद्ध जल्द ही समाप्त हो सकता है। उन्होंने दावा किया था कि अमेरिकी सेना ने ईरान को भारी नुकसान पहुंचाया है और अब वहां निशाना बनाने के लिए कुछ भी नहीं बचा है।
इस बीच, अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने संसद को बताया है कि ईरान के साथ युद्ध के पहले सप्ताह में अमेरिका ने लगभग 11.3 बिलियन डॉलर (8.4 बिलियन पाउंड) खर्च किए हैं।
यह भी पढ़ें- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद रहना चाहिए
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने पद संभालने के बाद अपने पहले संदेश में कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद रहेगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
