अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलमार्ग में घुसने की कोशिश कर रहे एक और जहाज को रोक दिया है। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि जहाज ईरानी बंदरगाह की तरह जाने की कोशिश में था। इधर अमेरिका और ईरान दोनों सीजफायर को लेकर अभी भी गोलमोल रवैया अपनाए हुए हैं।
एक अमेरिकी अधिकारी ने शनिवार को बताया कि अमेरिकी सेना ने एक और कॉमर्शियल जहाज को रोक दिया है, जो ईरानी बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी सेना की इस कार्रवाई से ईरान की नाराजगी और बढ़ सकती है।
गाम्बिया का लगा था झंडा
अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर न्यूज एजेंसी एपी को बताया कि गाम्बिया का झंडा लगा हुआ जहाज ‘लियान स्टार’ (Lian Star) रात भर अमेरिकी सेना की कई चेतावनियों को नजरअंदाज़ करते हुए एक ईरानी बंदरगाह में घुसने की कोशिश करता रहा।
अधिकारी ने बताया कि ओमान की खाड़ी में अमेरिकी विमानों ने इस जहाज को निष्क्रिय कर दिया और यह अभी भी वहीं फंसा हुआ है; उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी सेना इस जहाज पर नहीं उतरी।
कई अन्य जहाजों को रोका
इस ताजा कार्रवाई के साथ, अमेरिकी सेना ने नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे छह जहाजों को रोक दिया है। इनमें से एक को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई थी।
इधर ईरान की IRGC से जुड़ी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि होर्मुज जलमार्ग में जहाजो को अमेरिकी सेना की चेतावनियाँ जारी हैं, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि इस रणनीतिक जलमार्ग में शिपिंग को प्रभावित करने वाली नौसैनिक नाकेबंदी अब हटा ली जाएगी।
जानकारी दें दि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ सीजफायर को बढ़ाने वाले एक समझौते को मंजूरी देने पर विचार कर रहे हैं, हालांकि दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत के बावजूद पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
ओमान ने जारी की नई चेतावनी
इसी बीच ओमान ने नाविकों, मछुआरों और जहाजों से अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है। ओमान ने कारण बताते हुए कहा कि उसकी समुद्री सुरक्षा ने होमुर्ज से सटे अपने इलाके में एक तैरती हुई चीज देखी है, जो नेवल माइन हो सकती है।
अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के अनुसार, ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने शनिवार को नाविकों, मछुआरों और जहाज़ों से “अत्यधिक सावधानी” बरतने की अपील की। साथ ही बताया कि उसने ओमान के समुद्री क्षेत्र के भीतर, होर्मुज जलमार्ग में इनशोर ट्रैफिक ज़ोन के पश्चिम में एक तैरती हुई चीज देखी गई है, जिसके नेवल माइन होने का संदेह है।
यह चेतावनी क्यों अहम?
इससे होर्मुज जलमार्ग में समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंताएँ पैदा हो गई हैं; इसी जलमार्ग से दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति गुजरती है। इस संकरे जलमार्ग में माइन का कोई भी खतरा या किसी भी तरह की रुकावट क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा सकती है, खासकर व्यापारिक जहाजो के लिए खतरा बन सकती है और वैश्विक ऊर्जा बाजारों में फिर से अस्थिरता ला सकती है।
यह भी पढ़ें: ‘होर्मुज से हटेगी नाकाबंदी’, ट्रंप का दावा; ईरान बोला- अभी समझौते से कोसों दूर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलमार्ग पर अमेरिकी नाकाबंदी हटाई जाएगी। ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वे व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में अपने सलाहकारों के साथ बैठक कर रहे हैं ताकि ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने और होर्मुज जलमार्ग को फिर से खोलने के समझौते पर अंतिम निर्णय लिया जा सके। वहीं, दूसरी ओर ईरान ने इस बात को खारिज किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
