अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में अब तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने दोनों सदन में बहुमत हासिल कर लिया है। वैसे तो इस चुनाव के नतीजे प्रत्यक्ष रूप से डोनाल्ड ट्रंप पर कोई असर नहीं डालेंगे, लेकिन अमेरिका के दोनों सदन सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में उनकी स्थिति पर असर जरूर पड़ेगा। इस चुनावी नतीजों से डेमोक्रेटिक पार्टी को दोनों सदनों में मजबूती मिलेगी।

3 नवंबर को हुए इस चुनाव में कई भारतीय मूल के उम्मीदवार भी उतरे थे जिन्होंने अपने प्रदर्शन से पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। सुहास सुब्रमण्यम और अरुणा मिलर इस चुनाव में जीत दर्ज करने वाले चेहरों में शामिल हैं। इन्होंने दोबारा जीत दर्ज की है। वहीं फ्लोरिडा से पिया डांडिया ने भी कांग्रेस चुनाव जीत लिया है। वहीं, ओहियो के गवर्नर चुनाव में रिपब्लिकन विवेक रामास्वामी को डेमोक्रेट एमी एक्टन ने हरा दिया है।

अरुणा मिलर दोबारा गवर्नर बनीं

डेमोक्रेटिक पार्टी के सुहास सुब्रमण्यम ने वर्जीनिया से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) का चुनाव जीतकर दूसरा कार्यकाल हासिल किया है। वहीं मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर भी दोबारा इस पद पर चुनी गई हैं। फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक कैंडिडेट पिया डांडिया ने भी जीत हासिल की है। दूसरी तरफ रिपब्लिकन पार्टी के भारतीय मूल के नेता विवेक रामास्वामी को ओहियो के गवर्नर चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन ने शिकस्त दी।

US Midterm Election Result 2026 LIVE Updates

सुहास सुब्रमण्यम ने बेकविथ को हराया

वर्जीनिया के 10वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से चुनाव लड़े डेमोक्रेट उम्मीदवार सुहास सुब्रमण्यम ने चुनाव जीत लिया है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार डेव बेकविथ को बड़े अंतर से हराया है। करीब 82 फीसदी वोटों की गिनती के समय सुब्रमण्यम को लगभग 63 फीसदी वोट मिले थे, जबकि बेकविथ को करीब 35 फीसदी वोट हासिल हुए। चुनाव में इंडिपेंडेंट उम्मीदवार अहसेन मलिक भी मैदान में थे।

सुहास सुब्रमण्यम ने पहली बार 2024 में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीता था। वह वर्जीनिया से अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुने जाने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बने थे। अब इस जीत के साथ उन्हें दो साल का दूसरा कार्यकाल मिलेगा।

पिया डांडिया की जीत के चर्चे

अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन रिजल्ट में डेमोक्रेट उम्मीदवार पिया डांडिया की जीत के चर्चे काफी ज्यादा हैं। उन्होंने फ्लोरिडा से 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का चुनाव लड़ा। पिया डांडिया ने ने रिपब्लिकन प्रत्याशी केसी अस्कर को हराया है। पिया डांडिया ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई हुई थी। CBS न्यूज और एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने पिय डांडिया की जीत की पुष्टि की।

कौन हैं पिया डांडिया?

पिया डांडिया पहले शिक्षक और हाईस्कूल प्रिंसिपल रह चुकी हैं। उनके माता-पिता भारतीय हैं। उनकी जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि फ्लोरिडा का यह जिला चुनाव से पहले नए सिरे से तय किया गया था और इसे रिपब्लिकन तथा डेमोक्रेट दोनों के लिए कड़ी चुनौती वाला क्षेत्र माना जा रहा था।

ट्रंप ने जिसका किया था प्रचार वह हार गया

भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी को ओहियो के गवर्नर चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन ने उन्हें हराकर जीत दर्ज की। एक्टन को करीब 50.9 फीसदी वोट मिले, जबकि रामास्वामी के खाते में लगभग 45.8 फीसदी वोट आए।

इस जीत के साथ एमी एक्टन पिछले 20 वर्षों में ओहियो की गवर्नर बनने वाली पहली डेमोक्रेट नेता बन गई हैं। वह राज्य की पहली निर्वाचित महिला गवर्नर भी होंगी। रामास्वामी की हार इसलिए चर्चा का विषय बन रही है क्योंकि उनके समर्थन में खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रचार किया था, लेकिन इसके बावजूद वह चुनाव नहीं जीत पाए।

यह भी पढ़ें: रुझानों में पिछड़ते ही डोनाल्ड ट्रंप ने मान ली हार, बोले- बैलेट पर मैं होता तो भारी अंतर से जीतते

अमेरिकी मिड टर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी के पिछड़ते ही डोनाल्ड ट्रंप ने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट कर कहा कि वो बैलेट पर नहीं थे। अगर वो बैलेट पर होते तो रिपब्लिकन पार्टी बड़ी जीत दर्ज करती। यहां पढ़ें पूरी खबर…