अमेरिका ने ईरान पर बड़ा हमला किया है। ईरान के तीन ठिकानों पर बमबारी की गई है। बताया जा रहा है कि अमेरिका के दो अपाचे हेलिकॉप्टर गिरने के बाद यह कार्रवाई की गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि अमेरिका ने अपना मिशन पूरा कर लिया है।

ईरान पर हुए इस बड़े हमले के बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पहला बयान जारी किया है। जारी बयान में अमेरिकी सेना ने कहा कि ईरान की “अनुचित आक्रामकता” के जवाब में यह एक संतुलित प्रतिक्रिया है। अमेरिकी सेना के अनुसार, ईरान के बंदर अब्बास, केशम और सीरिक क्षेत्र के वॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मशहूर टीवी सीरीज “द वेस्ट विंग” का एक वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियो में सीरीज का एक चर्चित डायलॉग है, “अगर आप किसी अमेरिकी को मारते हैं, किसी भी अमेरिकी को, तो हम बराबर की प्रतिक्रिया के साथ वापस नहीं आते। हम पूरी तबाही के साथ वापस आते हैं।”

ट्रंप का ईरान को बड़ा मैसेज

ट्रंप ने इस वीडियो के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि यदि अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाया गया तो केवल जवाबी कार्रवाई नहीं होगी बल्कि हमलावरों को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा।

जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले इजरायल ने लेबनान में बड़े सैन्य अभियान चलाए थे। इसके बाद ईरान पर भी कई हमले किए गए। ईरान की ओर से भी पलटवार किया गया था। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को खूब सुनाया था, चेतावनी भी थी। उन्होंने यहां तक कहा था कि यदि इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष नहीं रुका तो अमेरिकी मदद नहीं मिलने वाली है।

हालांकि, उस नाराजगी के कुछ दिनों बाद ही अमेरिका ने खुद ईरान पर बड़ा हमला कर दिया है। इस वजह से पूरे पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति बनी हुई है और एक बार फिर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद हो चुका है।

ये भी पढ़ें- युद्धविराम टूट गया, अमेरिका की भीषण बमबारी