सऊदी अरब में एक आवासीय परिसर पर हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय की मौत नहीं हुई है। रियाद में भारतीय दूतावास ने सोमवार को यह बात कही। दूतावास ने कहा कि रविवार को इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
इंडियन एंबेसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”राहत की बात है कि कल शाम अल खर्ज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय की जान नहीं गयी।” दूतावास ने बताया कि वह इस मामले में संबंधित सऊदी प्रशासन के संपर्क में है। दूतावास ने बताया, ”घायल व्यक्ति का अल खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।”
सऊदी अरब में कंपनी के आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने से दो की मौत
इससे पहले रविवार को ‘सऊदी सिविल डिफेंस’ ने बताया था कि अल खर्ज में एक कंपनी के आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक था। उसने कहा था कि इस घटना में एक बांग्लादेशी नागरिक की भी मौत हो गई और 12 घायल हो गए थे। हालांकि, सऊदी प्रशासन ने मृतकों की पहचान जारी नहीं की थी।
ईरान अरब देशों पर हमले करता रहा तो बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा- सऊदी अरब
सऊदी अरब ने सोमवार को ईरान को आगाह किया कि अगर वह अरब देशों पर हमले करता रहा तो उसे अब तक का सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा। सऊदी अरब का यह बयान उस नए ड्रोन हमले के बाद आया, जिसमें जाहिर तौर पर उसके बड़े शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाया गया। इसने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन द्वारा शनिवार को दिये गये इस बयान को भी खारिज कर दिया कि ईरान ने खाड़ी अरब देशों पर अपने हमले रोक दिए हैं।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “देश इस बात की पुष्टि करता है कि ईरानी पक्ष ने इस बयान पर अमल नहीं किया, न तो राष्ट्रपति के भाषण के दौरान और न ही उसके बाद। ईरान ने बिना किसी ठोस वजह के अपना आक्रमण जारी रखा है।” बयान में कहा गया कि ईरानी हमले का मतलब है, “तनाव में और वृद्धि, जिसका वर्तमान और भविष्य में संबंधों पर गंभीर असर पड़ेगा।”
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने बताया कब कम होंगे तेल के दाम
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह “अस्थायी” तेल की बढ़ोतरी स्वीकार्य है अगर इससे ईरान के परमाणु हथियारों का खतरा खत्म किया जा सके। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(इनपुट- एपी/ भाषा)
