US-Israel Iran War New Updates: अमेरिका और इजरायल का ईरान पर हमला जारी है। वहीं ईरान भी पलटवार जारी रखे हुए है। ईरान के निशाने पर वो खाड़ी देश भी हैं, जहां अमेरिकी बेस हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जो ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने के बाद पत्रकारों के साथ उनका पहला सामना होगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘ट्रुथ सोशल’ पर बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस शाम करीब 5:30 बजे (भारतीय समयानुसार मंगलवार तड़के 4 बजे) मियामी के पास स्थित उनके डोराल गोल्फ क्लब के बैंक्वेट हॉल में होगी।
इस बीच तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने दावा करते हुए कहा कि ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल तुर्की के हवाई क्षेत्र में घुस गई, जिसे नाटो एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया। इसके अलावा तुर्की ने ईरान को चेतावनी भी दे डाली।
वहीं सऊदी अरब ने सोमवार को ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह अरब देशों पर हमले जारी रखता है तो उसे सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ेगा। सऊदी अरब का यह बयान ईरान के नए ड्रोन हमले के बाद आया है। सऊदी अरब ने शनिवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन के उन बयानों को खारिज कर दिया जिनमें उन्होंने कहा था कि ईरान ने खाड़ी अरब देशों पर हमले रोक दिए हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर संसद में बयान दिया। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में हालात चिंताजनक हैं और भारत शांति के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मध्य पूर्व के हालात तेजी से बदल रहे हैं। हम इस लाइव ब्लॉग में आपको हर अपडेट, हर प्रतिक्रिया और हर मोर्चे से आने वाली ताजा जानकारी तुरंत देते रहेंगे...
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जो ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने के बाद पत्रकारों के साथ उनका पहला सामना होगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'ट्रुथ सोशल' पर बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस शाम करीब 5:30 बजे (भारतीय समयानुसार मंगलवार तड़के 4 बजे) मियामी के पास स्थित उनके डोराल गोल्फ क्लब के बैंक्वेट हॉल में होगी।
ईरान के विदेश मंत्री ने अमेरिका पर साधा निशाना
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरघची ने अमेरिका को चेतावनी दी है। सैयद अब्बास अरघची ने X पर एक पोस्ट में कहा, "ऑपरेशन एपिक मिस्टेक के 9 दिन बीत चुके हैं और तेल की कीमतें दोगुनी हो गई हैं, जबकि सभी वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। हम जानते हैं कि अमेरिका भारी महंगाई के झटके को रोकने की उम्मीद में हमारे तेल और परमाणु स्थलों के खिलाफ साजिश रच रहा है। ईरान पूरी तरह से तैयार है। हम अभी अभी बहुत कुछ रखे हैं।"
नए सुप्रीम लीडर का हिजबुल्लाह ने किया स्वागत
हिजबुल्लाह ने मोजतबा खामेनेई के ईरान के नए सर्वोच्च नेता चुने जाने का स्वागत किया और उनके पिता अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायल हमलों में हुई हत्या के बाद उनके प्रति निष्ठा की शपथ ली। हिजबुल्लाह ने एक बयान में कहा, "हम हिजबुल्लाह की ओर से इस अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। हम इस निर्णय के प्रति अपनी निष्ठा की प्रतिज्ञा दोहराते हैं और निष्ठा के मार्ग पर अडिग रहने का संकल्प लेते हैं।"
ईरानी राष्ट्रपति ने नए सुप्रीम लीडर को दी बधाई
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने अयातुल्ला सैयद मोजतबा हुसैनी खामेनेई को इस्लामी क्रांति के नए नेता के रूप में उनकी नियुक्ति पर बधाई दी है। रविवार को 88 सदस्यीय विशेषज्ञ सभा ने इस पदभार ग्रहण को औपचारिक रूप दिया, जिसमें मोजतबा खामेनेई को उनके पिता खामेनेई का उत्तराधिकारी चुना गया।
मिडिल ईस्ट में सीबीएसई ने परीक्षाओं को किया स्थगित
सीबीएसई ने मिडिल ईस्ट देशों में 16 मार्च तक निर्धारित कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।
दोहा में धमाके
समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को कतर के दोहा में कई और विस्फोट की आवाजें सुनी गईं। ईरान लगातार खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी बेसों को निशाना बना रहा है।
अमेरिकी ने अपने नागरिकों से साउथईस्ट तुर्की छोड़ने को कहा
तुर्की ने सोमवार को पुष्टि की कि नाटो रक्षा प्रणाली द्वारा तुर्की के हवाई क्षेत्र में दूसरी बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया गया है। वहीं अमेरिका ने सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर अपने सभी नागरिकों से साउथईस्ट तुर्की छोड़ने का आग्रह किया है।
ईरानी मिसाइल को तुर्की ने मार गिराया
तुर्की रक्षा मंत्रालय का कहना है कि ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल तुर्की के हवाई क्षेत्र में घुस गई, जिसे नाटो की हवाई रक्षा प्रणालियों ने रोक लिया। मिसाइल का मलबा गाज़ियांटेप के पास गिरा, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। तुर्की रक्षा मंत्रालय ने कहा, "तुर्की अच्छे पड़ोसी संबंधों और क्षेत्रीय स्थिरता को बहुत महत्व देता है। हालांकि हम एक बार फिर इस बात पर जोर देते हैं कि हमारे देश के क्षेत्र और हवाई क्षेत्र पर लक्षित किसी भी खतरे के खिलाफ सभी आवश्यक उपाय निर्णायक रूप से और बिना किसी हिचकिचाहट के किए जाएंगे। हम यह भी दोहराते हैं कि इस संबंध में तुर्की की चेतावनियों पर ध्यान देना सभी के हित में है।"
ईरान का बड़ा फैसला
ईरानी अधिकारी उन ईरानी प्रवासी नागरिकों की संपत्ति जब्त कर लेंगे और उन पर जुर्माना लगाएंगे जो इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ सहयोग करते हैं।
नए सर्वोच्च नेता को निशाना बनाने का पुरजोर विरोध- चीन
चीन ने कहा कि वह ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को निशाना बनाने का पुरजोर विरोध करता है। चीन का यह बयान अली खामेनेई के उत्तराधिकारी के खिलाफ इजरायली सेना की धमकियों के बाद आया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "चीन किसी भी बहाने से दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप का विरोध करता है, और ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।"
तेहरान में भीषण विस्फोट
एएफपी के मुताबिक सोमवार को ईरान की राजधानी तेहरान में भीषण विस्फोट हुए। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि तेहरान में किसे निशाना बनाया गया था, लेकिन पत्रकारों ने बताया कि विस्फोटों की आवाज शहर के कई हिस्सों में सुनी गई।
नकवी ने दी खामेनेई को श्रद्धांजलि
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को ईरानी दूतावास पहुंचकर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ट्रंप ने की मोजतबा खामेनेई को सत्ता सौंपने की आलोचना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोजतबा खामेनेई को सत्ता सौंपने के विचार की आलोचना की। ट्रंप ने कहा, "खामेनेई का बेटा मुझे स्वीकार्य नहीं है। हम चाहते हैं कि कोई ऐसा नेता आए जो ईरान में सामंजस्य और शांति लाए।"
पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी की बैठक
पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी ने की बड़ी बैठक। गृहमंत्री, विदेश मंत्री और NSA भी हुए शामिल
EU में सप्लाई को लेकर अहम बैठक
यूरोपीय आयोग के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि ईरान संकट के चलते तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच जाने के बाद, यूरोपीय संघ के तेल और गैस आपूर्ति समन्वय समूह गुरुवार को बैठक करेंगे। ये समूह मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के ऊर्जा क्षेत्र पर पड़ने वाले प्रभाव और यूरोपीय संघ के देशों द्वारा अपनी तेल आपूर्ति की निगरानी करेंगे। यूरोपीय संघ के देशों के लिए 90 दिनों की खपत के बराबर तेल का भंडार रखना अनिवार्य है।
इजरायल की सेना ने कहा कि उसने ईरान से इजरायल की ओर आ रही मिसाइलों की पहचान कर ली है। सेना ने कहा कि रक्षा प्रणालियां खतरे को रोकने के लिए सक्रिय हैं और बताया कि प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को मोबाइल फोन पर अलर्ट प्राप्त होंगे।
ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के आसपास स्थिति तनावपूर्ण
ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के आसपास स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन संयंत्र या निर्माण स्थल पर कोई हमला नहीं हुआ है। रूसी सरकारी परमाणु एजेंसी रोसाटॉम ने सोमवार को अपने प्रमुख एलेक्सी लिकाचेव के हवाले से यह जानकारी दी। लिकाचेव ने बताया कि बुशहर में अतिरिक्त इकाइयों का निर्माण कार्य रोक दिया गया है, हालांकि 600 से अधिक कर्मचारी उपकरणों के रखरखाव और उन कार्यों को पूरा करने के लिए साइट पर मौजूद हैं जिन्हें रोका नहीं जा सकता।
US-Israel Iran War LIVE: संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का पहला दिन
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष पर सोमवार को कहा कि भारत तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति की ओर लौटने का समर्थक है और क्षेत्र के सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने पर जोर देता है। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन विदेश मंत्री जयशंकर ने अपनी ओर से राज्यसभा में दिए गए बयान में कहा कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर सैन्य हमले करने और तेहरान के अमेरिकी ठिकानों तथा इजराइल पर जवाबी हमलों के बाद भारत सरकार के लिए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार जैसे राष्ट्रीय हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
जंग से तेल व गैस के उत्पादन और आवाजाही पर असर
पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग के दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर जाने से फारस की खाड़ी से तेल और गैस के उत्पादन तथा परिवहन से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर असर पड़ रहा है। स्वतंत्र शोध कंपनी रिस्टैग एनर्जी के मुताबिक, हर दिन लगभग 1.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते भेजा जाता रहा है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत है।
कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त उछाल
पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष तेज होने के बीच सोमवार को कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया। कच्चा तेल करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जाने के बाद थोड़ा नरम पड़ता नजर आया। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले से पैदा हुए हालात में कच्चे तेल की आपूर्ति बड़े पैमाने पर बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। इस वजह से कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई।
पोप लियो की चेतावनी
पोप लियो ने रविवार को ईरान और पूरे क्षेत्र में व्याप्त घृणा और भय के माहौल के कारण "एक भीषण त्रासदी" की चेतावनी दी। पोप ने कहा, "आइए हम प्रभु से विनम्र प्रार्थना करें कि बमों की गर्जना थम जाए, हथियार शांत हो जाएं और संवाद के लिए एक ऐसा स्थान खुले जहां लोगों की आवाजें सुनी जा सकें।"
बहरीन की तेल कंपनी ने की Force Majeure की घोषणा
ईरान के हमले में बहरीन की रिफाइनरी में आग लगने के बाद, बहरीन की सरकारी तेल कंपनी ने सोमवार को अपने शिपमेंट के लिए अप्रत्याशित घटना ( Force Majeure) की घोषणा कर दी। यह एक कानूनी प्रक्रिया है जिसके तहत असाधारण परिस्थितियों के कारण कंपनी अपने संविदात्मक दायित्वों से मुक्त हो जाती है। कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे क्षेत्रीय संघर्ष और रिफाइनरी परिसर पर हुए हालिया हमले से कंपनी के संचालन प्रभावित हुए हैं। कंपनी ने जोर देकर कहा कि स्थानीय मांग को अभी भी पूरा किया जा सकता है।
अमेरिका ने भारत से रूस से तेल खरीदने का आग्रह किया
अमेरिका ने भारत से रूस से समुद्र में मौजूद तेल खरीदने का आग्रह किया है ताकि आपूर्ति संबंधी दिक्कतों को कम किया जा सके। ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने कहा है कि अमेरिका ने भारत से आग्रह किया है कि वह समुद्र में मौजूद रूसी तेल को खरीदकर उसे भारतीय रिफाइनरियों की ओर भेजे। अमेरिका ने ऐसा इसलिए कहा है ताकि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच आपूर्ति की कमी और कीमतों में अचानक वृद्धि की आशंकाओं को कम किया जा सके।
जापान ईरान संघर्ष से अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए कदम उठाने पर विचार कर रहा- प्रधानमंत्री ताकाइची
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने सोमवार को कहा कि सरकार मध्य पूर्व संघर्ष से देश की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए उठाए जा सकने वाले कदमों पर विचार कर रही है। ताकाइची ने संसद को बताया, “कई लोग पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंतित हैं। इसे ध्यान में रखते हुए, सरकार पिछले सप्ताह से ही इस संबंध में उठाए जा सकने वाले कदमों पर विचार कर रही है।”
बहरीन में बापको तेल रिफाइनरी के आसपास धुआं
बहरीन में बापको तेल रिफाइनरी के आसपास धुआं छाया, इससे पहले सरकार ने कहा था कि ईरानी ड्रोन हमले के परिणामस्वरूप सिट्रा क्षेत्र में चोटें आई हैं और नुकसान हुआ है।
सऊदी अरब में मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय नागरिक की जान नहीं गयी
सऊदी अरब में एक आवासीय परिसर पर हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय की मौत नहीं हुई है। रियाद में भारतीय दूतावास ने सोमवार को यह बात कही। उसने कहा कि रविवार को इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
US-Israel Iran War LIVE: सऊदी अरब की ईरान को चेतावनी
सऊदी अरब ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर वह अरब देशों पर हमले करता रहा तो उसे अब तक का 'सबसे बड़ा नुकसान' उठाना पड़ेगा।
US-Israel Iran War LIVE: इजरायल का मध्य ईरान में भीषण हमला
इजरायल ने मध्य ईरान में भीषण हमले शुरू किए। इजरायली सेना का कहना है कि उसने बेरूत में हिजबुल्लाह से संबंधित बुनियादी ढांचे पर हमला किया।
जापान को संकट से निपटने के लिए परमाणु संयंत्रों का उपयोग करना चाहिए- विपक्षी दल के प्रमुख
जापान की विपक्षी पार्टी के नेता तामाकी ने कहा कि जापान को अपने सभी उपलब्ध परमाणु ऊर्जा संयंत्रों का संचालन करना चाहिए ताकि ईरान युद्ध के कारण बिजली बिलों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सके। जापान अपनी तेल आपूर्ति का लगभग 95% और लिक्विड नेचुरल गैस आयात का 11% पश्चिम एशिया से प्राप्त करता है, जिसमें से लगभग 70% और 6% क्रमशः होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से आते हैं जो युद्ध के कारण लगभग बंद है।
भारत ने सऊदी अरब में अपने नागरिकों को मदद का आश्वासन दिया
सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने रविवार को भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ डिजिटल माध्यम से बातचीत की और ईरान पर अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद उन्हें सहायता का आश्वासन दिया। 'एक्स' पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार, राजदूत ने समुदाय को आश्वासन दिया कि दूतावास जरूरतमंद भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।
