अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोमवार को ईरान में अमेरिका-इजरायल के हमलों के एक लंबे क्षेत्रीय संघर्ष में तब्दील होने की बढ़ती चिंताओं पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह ईराक नहीं है और यह अंतहीन नहीं है। हेगसेथ ने वायुसेना के जनरल एवं ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ के अध्यक्ष डैन केन के साथ शनिवार के हमलों के बाद से ट्रंप प्रशासन की पहली प्रेसवार्ता की।

पीट हेगसेथ ने कहा, ”हम जीतने के लिए लड़ते हैं और हम समय या जीवन बर्बाद नहीं करते।” उन्होंने कहा, ”यह तथाकथित सत्ता परिवर्तन का युद्ध नहीं है लेकिन सत्ता परिवर्तन निश्चित रूप से हुआ है और दुनिया के लिए यह बेहतर स्थिति है।”

ईरान ने भी दागी मिसाइलें

ईरान और उसके सहयोगी सशस्त्र समूहों ने इजरायल, अरब देशों और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल दागी हैं। इस युद्ध में चार अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं। ट्रंप ने रविवार को कहा था कि और भी अमेरिकी सैनिक हताहत हो सकते हैं। वहीं, डैन केन ने सोमवार को कहा कि अमेरिका को अतिरिक्त नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने मारे गए सैन्यकर्मियों के परिजनों से कहा, ”हम आपके साथ शोक में शामिल हैं और हम आपको कभी नहीं भूलेंगे।”

ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रह सकता है- डोनाल्ड ट्रंप

वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चार से पांच सप्ताह तक सैन्य अभियान जारी रह सकता है, लेकिन वह ”इससे ज्यादा समय तक के लिए भी” तैयार हैं। उन्होंने सोमवार को व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के ताजा हमलों के बाद सोमवार को पश्चिम एशिया में युद्ध ने व्यापक रूप ले लिया। इसके बाद, ईरान और उसके सहयोगी देशों ने इजराइल, खाड़ी देशों और तेल-गैस उत्पादन वाले स्थानों पर हमला किया। हमले बढ़ना, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का मारा जाना, और किसी भी स्पष्ट योजना का न होना इस बात का संकेत है कि यह लड़ाई लंबे समय तक जारी रह सकती है और इसके व्यापक परिणाम हो सकते हैं।

ईरान पर अमेरिका-इजरायल युद्ध का आज तीसरा दिन है। अमेरिका ने कुवैत में तीन अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है और राष्ट्रपति ट्रंप ने लक्ष्य हासिल होने तक अभियान जारी रखने का संकल्प लिया है। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और 40 शीर्ष अधिकारी मारे गए हैं। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और खाड़ी में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। अमेरिकी सेना ने ईरान के अंदर 1000 से अधिक ठिकानों पर हमले किए।

US-Israel Iran War LIVE Updates